इस सावन आप भी बनाकर देखें राजस्थान के यह चार तरह के चूरमे: Rajasthani Churma Recipe
Rajasthani Churma Recipe

Rajasthani Churma Recipe: राजस्थान एक रंग-रंगीला देस है। यहां सावन धूमधाम से मनाया जाता है। यहां आज भी महिलाएं सावन में सजधज कर झूलों का मजा लेती हैं। वहीं सावन में आप खानपान की महक को भी नकार नहीं सकते। सावन में यहां चूरमे का रिवाज है। आज इस आर्टिकल में हम आपको इस स्वादिष्ट चूरमा बनाने की विधि साझा करेंगे। यहां जो विधि आपको बताई जा रही है वो बहुत ही सरल है। आप इन्हें घर में आसानी से बना सकती है। एक बात याद रखें कि चूरमे में आपको देसी घी का ही इस्तेमाल करना है। नहीं तो स्वाद नहीं आएगा। हां मीठा आप अपने अनुसार कम या ज्यादा कर सकती है। तो इस बार बनाकर देखें राजस्थान के पारंपरिक चूरमे के यह खास 4 फ्लेवर-

आटे का चूरमा

Rajasthani Churma Recipe
Rajasthani Churma Recipe

सामग्री

  • गेहूं का आटा-1 कप
  • देसी घी- 3 से 4 टेबल स्पून
  • दूध-2 से 3 टेबल स्पून
  • काजू-बादाम-1 बड़ा चम्मच
  • किशमिश-आधी कटोरी
  • नारियल का बुरादा-2 से 3 छोटे चम्मच
  • शक्कर का बूरा-1/2 कप

ऐसे बनाएं

सबसे पहले गेहूं के आटे में एक चम्मच घी मिलाएं और उसमें गुनगुना दूध डालकर मिक्स कर लें। याद रखें कि आपको सिर्फ मिक्स करना है उसका आटा नहीं गूंथना है। इसे मिक्स करने के बाद 15 मिनट के लिए रख दें। फिर इस मिक्स को मसल कर उसे मोटी छलनी से निकाल लें। अगर मिक्स में कुछ गांठें बची रह जाए तो उसे मसल लें। अब एक कढ़ाही में घी लें और इस मिक्स को डाल कर सेंकें। आपको इसे बहुत हल्की आंच पर लगातार चलाते हुए सेंकना है। वरना यह जल जाता है। इसे जब आप लगातार चलाएंगे तो थोड़े समय बाद यह गोल्डन ब्राउन कलर का हो जाएगा। इसे आंच से उतार लें और ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसमें बारीक कटे काजू बादाम नारियल का बुरादा डाल दें। सबसे लास्ट में शक्कर और एक चम्मच घी डालें। तैयार है आपका आटे का चूरमा। इसे एयरटाइट कंटेनर में रखें।

बेसन का चूरमा

सामग्री

  • बेसन-250 ग्राम
  • मलाई- गूंथने के लिए
  • शक्कर का बूरा-150 ग्राम
  • घी- 6 टेबल स्पून
  • काजू- बादाम-1 बड़ा चम्मच
  • ईलायची पाउडर- 1 छोटा चम्मच

ऐसे बनाएं

सबसे पहले मलाई डालकर बेसन का आटा गूंथ लें। इसे 15 मिनट के लिए सैट होने के लिए रख दें। इस आटे को बाहर निकालें और बेसन के मोटे-मोटे परांठे घी के साथ सेंक लें। इन्हें थोड़ा ठंडा होने के लिए रखें। जब यह रुम टेम्प्रेचर पर आ जाएं तो इन्हें मिक्सी में पीस लें। याद रखें कि आपको बहुत बारीक नहीं पीसना है। पीसने के बाद एक गहरा बर्तन लें। इसमें इस मिक्स को डालें। इसके ऊपर 1 चम्मच घी बारीक, कटे काजू-बादाम और इलायची पाउडर डालें। तैयार है आपका मजेदार बेसन का चूरमा।

गुलाब का चूरमा

Rajasthani Churma Recipe
Rajasthani Gulab Churma Recipe

सामग्री

  • गेहूं का आटा- 1 कप
  • सूजी-1 कप
  • देसी घी- 3 से 4 टेबल स्पून
  • दूध-आटा गूंथने के लिए
  • काजू-बादाम-1 बड़ा चम्मच
  • गुलाब के सूखे फूल-2 कप
  • गुलकंद- एक बड़ा चम्मच
  • शक्कर का बूरा-1 कप
  • रोज एसेंस- दो बूंद

ऐसे बनाएं

सबसे पहले गेंहू और सूजी को घी का एक चम्मच मोयन डालकर दूध से गूंथ लें। इसके बाद इसकी रोटियां सेंक कर मिक्सी में पीस लें। अब एक बर्तन में इस मिक्स को डालें और गुलाब के सूखे फूल, गुलकंद, शक्कर डालकर इसे मिक्स कर लें। इसमें दो बूंद रोज एसेंस डालना न भूलें। इस मिक्सर को एकसार करने के लिए इसे हल्के हाथों से मसलते रहें। जब यह अच्छे से मसल जाए और मिक्स हो जाए तो इसमें घी और सूखे मेवे डालें। यकीं जानें यह बहुत ही टेस्टी चूरमा होता है। आप इसे ताजी गुलाब की पत्तियों के साथ सजाएं।

पाइनएप्पल का चूरमा

सामग्री

  • गेहूं का आटा- 1 कप
  • सूजी-1/2 कप
  • देसी घी- 3 से 4 टेबल स्पून
  • पाइनएप्पल का जूस-1 गिलास
  • कद्दूकस किया पाइनएप्पल- आधी कटोरी
  • काजू-बादाम-1 बड़ा चम्मच
  • शक्कर का बूरा-1/2 कप कप
  • पाइनएप्पल एसेंस- दो बूंद

ऐसे बनाएं

सबसे पहले गेंहू और सूजी को पाइनएप्पल के जूस से गूंथ लें। इसके बाद इसकी रोटियां सेंक कर मिक्सी में पीस लें। अब एक बर्तन में इस मिक्स को डालें। इसमें कद्दुकस किया पाइनएपल और एसेंस को मिलाएं। इसके बाद शक्कर का भूरा डालकर इसे मिक्स कर लें। इसे अच्छी तरह मसलें इसमें घी और सूखे मेवे डालें। अगर आपको पाइनएप्पल पसंद है तो यह चूरमा आपको बेहद पसंद आने वाला है।