Summary: सांवली स्किन टोन पर सबसे खूबसूरत लगने वाले साड़ी के 5 रंग
सांवली या डार्क स्किन टोन पर सही रंग की साड़ी चेहरे की खूबसूरती और ग्लो को कई गुना बढ़ा देती है। गोल्डन, क्रीम, क्रिमसन, टील ब्लू और पपाया ऑरेंज ऐसे शेड्स हैं, जो हर मौके पर आपको आकर्षक और एलीगेंट लुक देंगे।
Sarees for Dusky Skin: अगर कोई आपको तोते के रंग का कपड़ा थमा दे, तो शायद आप बिना सोचे ‘ना’ कह देंगे। क्यों? क्योंकि कपड़े का चुनाव करते समय हम सबसे पहले अपनी स्किन टोन और फिर उसके मुताबिक रंग चुनते हैं। फैशन में ये एक आम और ज़रूरी बात है। हालाँकि, सांवले रंग पर लगभग हर रंग अच्छा लगता है, लेकिन कुछ खास शेड्स ऐसे होते हैं जो चेहरे की चमक को कई गुना बढ़ा देते हैं।
इन रंगों को पहचानने की चिंता आपको करने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि हम आपको इस आर्टिकल में बताएंगे, 5 ऐसे साड़ी के रंग, जो मध्यम और डार्क स्किन टोन पर इतनी खूबसूरती से खिलेंगे कि देखने वाला भी बस आपको ही निहारता रह जाएगा।
सांवले रंग की लड़कियों पर खूब जचती हैं ये साड़िया
गोल्डन साड़ी

गोल्डन रंग हर स्किन टोन पर अच्छा लगता है, लेकिन अगर आपका रंग मध्यम या डार्क है, तो ये आपके लुक में एक खास ग्लो जोड़ देगा। मेड इन हेवन की एक्ट्रेस सोभिता धुलिपाला की तरह गोल्डन साड़ी पहनकर आप भी रॉयल लुक पा सकती हैं। इसके साथ गोल्डन ब्राउन शेड भी आपके लिए एक शानदार विकल्प है। इस रंग के साथ जूलरी का चुनाव थोड़ा सटल करें, ब्राइट और ज्यादा कॉन्ट्रास्ट वाले रंग से बचें, वरना पूरा लुक बिगड़ सकता है। गोल्डन साड़ी शादी, फेस्टिवल और खास मौकों के लिए परफेक्ट चॉइस है।
क्रीम कलर

अगर आप एक एलीगेंट और सटल लुक चाहती हैं, तो क्रीम कलर की साड़ी आपके लिए बेस्ट है। ये रंग सांवली त्वचा पर निखार लाता है और चेहरे की नैचुरल ग्लो को उभारता है। आप डार्क क्रीम या ऑफ-व्हाइट शेड भी चुन सकती हैं। दीपिका पादुकोण की तरह ग्रीन या सिल्वर जूलरी के साथ इसे पेयर करने से आपका ड्रेप और भी खास दिखेगा। सिल्क, कॉटन या नेट, किसी भी फैब्रिक में क्रीम साड़ी का जादू एक जैसा ही रहेगा।
क्रिमसन कलर

क्रिमसन एक अनोखा रंग है, जिसमें गहरे लाल, गुलाबी और बैंगनी का खूबसूरत मेल होता है। यह रंग आपके लुक में तुरंत निखार ला सकता है। रश्मिका मंदाना की तरह आप चाहे तो सिंपल प्लेन साड़ी ले सकती हैं, या फिर हल्की-फुल्की एंब्रॉयडरी वाली साड़ी भी चुन सकती हैं। शादी, फेस्टिवल या किसी खास पार्टी में क्रिमसन साड़ी पहनकर आप भीड़ में अलग ही चमकेंगी।
टील ब्लू
ब्लू के आम शेड्स जैसे स्काई ब्लू या रॉयल ब्लू तो आपने देखे होंगे, लेकिन टील ब्लू अपने आप में अलग है। इसमें नीले में हल्का सा हरा मिला होता है, जो इसे और भी स्पेशल बनाता है। दीपिका पादुकोण की तरह टील ब्लू साड़ी में आप भी गॉर्जियस लग सकती हैं। अगर साड़ी पहनना आपकी पहली पसंद नहीं है, तो इसी रंग का सूट भी बेहतरीन दिखेगा।
पपाया ऑरेंज
ऑरेंज रंग के कई शेड्स होते हैं, लेकिन पपाया ऑरेंज उनमें सबसे अलग और खास है। ये शेड सांवले रंग पर ऐसा निखार लाता है कि आपका लुक फटाफट अट्रैक्टिव बन जाता है। श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी की तरह आप भी मोनोक्रोम लुक में पपाया ऑरेंज ट्राई कर सकती हैं। चाहें तो इस रंग की अनारकली ड्रेस भी पहन सकती हैं, जो उतनी ही ग्रेसफुल लगेगी जितनी साड़ी।
