Pink Shades 2023: क्या आप जानना नहीं चाहतीं कि आने वाले साल 2023 में फिल्मी सितारों को कौन-सा रंग सबसे ज्यादा पसंद आने वाला है! वो रंग है विवा मजेन्टा। आइए जानते हैं इस ट्रेंडी कलर के बारे में-
महिलाएं अकसर ये जानने के लिए उत्सुक रहती हैं कि आखिर नए साल में कौन-सा रंग और स्टाइल ट्रेंड में रहेगा, ताकि वे इन ट्रेंडी कलर्स के कपड़ों को पहनकर सबसे ज्यादा स्टाइलिश और खूबसूरत दिखें। देखा जाए तो महिलाओं को लाल और गुलाबी रंग ही सबसे ज्यादा पसंद आता है क्योंकि ये दोनों रंग शादी-फंक्शन में खूब जंचते हैं। इस साल इन दोनों रंग का कॉम्बिनेशन विवा मजेन्टा फैशन में रहने वाला है। चलिए जानते हैं इस चटक रंग के बारे में-
Pink Shades 2023:विवा मजेन्टा रंग की खासियत

विवा मजेन्टा रंग रेड और मजेन्टा के बीच का खूबसूरत ब्लेन्ड है, जो भारतीय शादी-विवाह के सभी रस्मों में खूब देखा जाता है। आने वाले नये साल 2023 के बारे में कहा जा रहा है कि विवा मजेन्टा दूल्हा और दुलहन को सबसे ज्यादा भाने वाला है। यह रंग खुशहाली और सकारात्मकता का प्रतीक है इसलिए भारतीय शादी-विवाह के मौके पर आप इसे पहन सकती हैं।
इंडियन फैशन डिजाइनर भी आने वाले साल 2023 के लिए विवा मजेन्टा को अगला बेहतरीन कलर मान रहे हैं, जो शादी की शॉपिंग में खूब खरीदा जाएगा। उनका यह भी मानना है कि इससे मिलते-जुलते शेड पहले से ही इंडियन स्टाइलिंग का हिस्सा रह चुके हैं।
इंडियन स्किन टोन के लिए है परफेक्ट रंग

रोहित गांधी, राहुल खन्ना लेबल के डिजाइनर राहुल खन्ना का कहना है कि आने वाले शादी के सीजन के लिए विवा मजेन्टा ही सबसे टॉप पर रहेगा। उनके पिछले कूटुर वीक कलेक्शन में इस रंग वाले कई ड्रेसेज को देखा गया। हाल के एक इंटरव्यू में राहुल खन्ना ने बताया कि विवा मजेन्टा रंग सीजन का हॉट ट्रेंड बनेगा क्योंकि पिछले कुछ कलेक्शन्स में रेड, डीप रेड और फ्यूशिया जैसे रंग खूब चल चुके हैं।
राहुल खन्ना के अनुसार, विवा मजेन्टा एक बेहद ही प्यारा रंग है। इसे हम रेड और फ्यूशिया के बीच का शेड मान सकते हैं। यह इंडियन स्किन टोन को भी परफेक्ट तरीके से सूट करता है। उनके अनुसार, सिर्फ वही एकमात्र इंडियन फैशन डिजाइनर हैं, जिन्होंने पिछले कूटुर वीक में इस रंग का इस्तेमाल किया था। और उनका यह भी मानना है कि अगले दो-तीन सीजन में यह रंग खूब चलने वाला है।
शादी के वॉर्डरोब के लिए है बेस्ट
आने वाले शादी के फंक्शन के लिए विवा मजेन्टा एक खास रंग बनने वाला है। इसका इस्तेमाल न सिर्फ दुलहनें लहंगा के लिए कर सकती हैं, बल्कि दूल्हे भी विवा मजेन्टा कलर की शेरवानी पहन सकते हैं। लाल रंग से ऊब चुके लोगों को नये रंग की तलाश है, जो चटक होने के साथ नया भी हो। सच कहा जाए तो विवा मजेन्टा रंग रेड का बढ़िया और खूबसूरत विकल्प है। यह एक ऐसा रंग है, जो हर इंडियन स्किन टोन को सूट करेगा।
मिरर वर्क क्रिएशन के लिए पहचाने जाने वाले फैशन डिजाइनर अभिनव मिश्रा का भी यही मानना है कि विवा मजेन्टा कलर 2023 का टॉप पसंद किया जाने वाला रंग होगा। विवा मजेन्टा रंग वॉर्म और रिचनेस का पर्याय है, जो डिजिटल वर्ल्ड में भी सुन्दर दिखता है। फैशन डिजाइनर अर्पिता मेहता का मानना है कि विवा मजेन्टा एक खूबसूरत और बोल्ड रंग होने के साथ ही रानी पिंक रंग का नया वर्जन है। यह इंडियन स्किन टोन पर बेहद खूबसूरत दिखता है। यह सोचकर ही टॉप डिजाइनर्स खुश हो रहे हैं कि ऐसे रंग को ग्लोबल पहचान मिल रही है, जो अपने देश की समृद्ध संस्कृति से जुड़ा है।
विवा मजेन्टा को शादी में शामिल करने के टिप्स

राहुल खन्ना के अनुसार, जो दूल्हे विवा मजेन्टा रंग को अपनी शेरवानी में लेना चाहते हैं, वे आयवरी शेरवानी के साथ विवा मजेन्टा कलर की स्टॉल या पगड़ी पहन सकते हैं।
इसी तरह भारतीय दुलहन विवा मजेन्टा रंग का लहंगा या साड़ी तो पहन ही सकती हैं, यदि चाहें तो सिर्फ विवा मजेन्टा रंग का दुपट्टा भी कैरी कर सकती हैं। जल्दी ही विवा मजेन्टा नया रेड शेड बनने वाला है।
अभिनव मिश्रा के अनुसार विवा मजेन्टा रंग दुलहनों के लिए एक खूबसूरत पसंद है, जो कुछ अनोखा और कॉन्टेंपररी है। दूल्हे भी जो हलके रंग की शेरवानी से अलग कुछ पहनना चाहते हैं, उनके लिए भी यह विकल्प बढ़िया है। विवा मजेन्टा जैसा सुन्दर रंग ना सिर्फ सर्दियों के लिहाज से अच्छा है बल्कि गर्मियों के मौसम में भी अच्छा दिखेगा।
अर्पिता मेहता के अनुसार, यदि दुलहन अपने संगीत के मौके पर विवा मजेन्टा रंग का आउटफिट पहनना चाहती हैं, तो उसे टोन ऑन टोन एम्ब्रॉइडरी के साथ थ्रेड वर्क और चमक के लिए कटदाना को चुनना चाहिए। विवा मजेन्टा के साथ बेज गोल्ड एम्ब्रॉइडरी भी सुन्दर दिखेगी।
डिजाइनर वरुण बहल के अनुसार, जो दुलहनें सिर्फ विवा मजेन्टा को अपनी वॉर्डरोब में नहीं शामिल करना चाहती हैं, वे इस शेड के साथ मिंट, जेड ग्रीन और आइसी ब्लू जैसे सटल पेस्टल का कॉम्बिनेशन इस्तेमाल में ला सकती हैं।
जिन्हें क्वर्की और ब्राइट शेड्स पसंद आते हैं, वे दुलहनें विवा मजेन्टा के साथ एमेरल्ड ग्रीन, डार्क टील, ब्राइट क्रीम्स या रॉयल इलेक्ट्रिक ब्लू चुन सकती हैं।
