Overview:
अपने ओवरऑल लुक को इंप्रेसिव और शानदार दिखाने के लिए यह बहुत जरूरी है कि आप ट्रेंड के अनुसार अपने नेल्स को शेप और पेंट करें। अगर आप नहीं जानती हैं कि साल 2025 में कौनसी नेल आर्ट सबसे ज्यादा ट्रेंड में रहने वाली हैं तो हम इस काम को आसान बना देते हैं।
Nail Trends 2025: नए साल में फैशन के नए ट्रेंड्स भी आ जाते हैं। इन्हीं ट्रेंड में शामिल है नेल आर्ट। नेल आर्ट आपकी ब्यूटी और मेकअप का अहम हिस्सा हैं। अपने ओवरऑल लुक को इंप्रेसिव और शानदार दिखाने के लिए यह बहुत जरूरी है कि आप ट्रेंड के अनुसार अपने नेल्स को शेप और पेंट करें। अगर आप नहीं जानती हैं कि साल 2025 में कौनसी नेल आर्ट सबसे ज्यादा ट्रेंड में रहने वाली हैं तो हम इस काम को आसान बना देते हैं। आइए जानते हैं साल 2025 के नेल आर्ट ट्रेंड।
मोचा मूस नेल्स
दुनियाभर को कलर ऑफ द ईयर बताने वाली मशहूर कंपनी पैनटोन ने ‘मोचा मूस’ को 2025 के लिए के खास रंग के तौर पर चुना है। यानी इस साल का कलर ऑफ द ईयर है मोचा मूसा। ऐसे में जाहिर है कि मैनीक्योर इंडस्ट्री में भी यह रंग छाया रहेगा। यह ब्राउन कलर का ही एक शानदार शेड है, जो हर स्किन टोन पर अच्छा लगता है। इसे चुनने का खास कारण है इसका लग्जरी लुक। मिट्टी जैसा दिखने वाला यह कलर आपके नाखूनों को एक कम्फर्ट लुक देता है। ऐसे में इस साल आप इस कलर को अपने नेल आर्ट कलेक्शन का हिस्सा जरूर बनाएं।
कैट आई नेल्स
कैट आई नेल्स साल 2025 में काफी ट्रेंड कर रहा है। यंग गर्ल्स इसकी दीवानी है। यही कारण है कि गूगल पर इस ट्रेंड को सर्च करने में करीब 5,000% की बढ़ोतरी देखी गई है। यह आंकड़ा साफ बताता है कि कैट आई नेल्स कितना पॉपुलर हो रहा है। हालांकि इसके लिए आपको एक खास मैग्नेटिक नेल पॉलिश का इस्तेमाल करना होता है, जिसमें चुंबक के कुछ कण होते हैं। एक बार नाखूनों पर लगाने के बाद यह आपके नाखूनों को मखमली, कांच की चमक देता है। इस नेल आर्ट में मैटेलिक और डार्क, दोनों ही कलर्स काफी पसंद किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इसके साथ आपको कोई और नेल एक्सटेंशन लगाने की भी जरूरत नहीं होती। यह मैग्नेटिक नेल पॉलिश ही लुक को निखारने के लिए काफी है।
बोल्ड कलर, शॉर्ट नेल्स
लंबे नाखूनों को मेंटेन करना एक मुश्किल काम है। वहीं छोटे नाखून हमेशा से ही ट्रेंड से आउट माने जाते हैं। हालांकि साल 2025 में यह ट्रेंड कुछ बदल गया है। फैशन एक्सपर्ट बताते हैं कि इस साल शॉर्ट नेल्स भी ट्रेंड में रहेंगे, हालांकि इसके लिए युवतियों को बोल्ड कलर्स के नेल पेंट लगाने होंगे। जी हां, इस साल डार्क रेड, बरगंडी, कोबाल्ट ब्लू, बॉटल ग्रीन, नेवी, एस्प्रेसो जैसे गहरे नेल पॉलिश शेड काफी चलन में रहेंगे। ये कलर्स बिना लंबे नेल एक्सटेंशन के ही आपको शानदार लुक देंगे।
ब्लूमिंग डिजाइन नेल आर्ट
नेल आर्ट की दुनिया में नया ट्रेंड है ब्लूमिंग डिजाइन। इस नेल आर्ट का उद्देश्य है आपके नाखूनों को वाटर कलर इफेक्ट देना और इसी इफेक्ट के कारण यह लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। साल 2025 में इस नेल आर्ट को खुद को अभिव्यक्त करने का विकल्प माना जा रहा है। इसमें आप अपनी पसंद के रंगों को शामिल करके नाखूनों को कलरफुल लुक दे सकती हैं। आप इसमें मार्बल इफेक्ट, ऑरा नेल्स और फ्लोरल पैटर्न जोड़ सकती हैं।
सॉफ्ट न्यूट्रल नेल्स
गहरे रंगों के बीच साल 2025 में सॉफ्ट न्यूट्रल कलर्स ने अपनी जगह बना रखी है। लाइट मोचा टोन, म्यूटेड पिंक, बेज, ट्यूप आदि को पसंद किया जाएगा। यह नेल आर्ट आपको मिनिमल, लेकिन लग्जरी लुक देगा। इन नेल शेड्स को अपनाकर आप क्लासिक लुक पा सकती हैं।
