Modern Bridal Look: होने वाली दुलहन जब अपने सपनों के सफर पर कदम रखती है तो अपने लुक्स को लेकर सौ बार सोचती है। वो ट्रेडिशनल के साथ मॉडर्न दिखने की भी उम्मीद रखती है।
किसी भी युवती के लिए शादी सिर्फ एक नया सफर या जीवनसाथी चुनना भर नहीं है। बल्कि उसके लिए यह अपना सपना जीने जैसा होता है। ऐसे में हर दुलहन यही चाहती है कि अपने सपनों के इस सफर में वह सबसे खास, खूबसूरत और अलग दिखे। इसी सोच के साथ जन्म हुआ
‘फ्यूजन ब्राइडल फैशन‘ का। एक ऐसा फैशन जो दुलहन को दूसरों से अलग बनाता है। क्या है यह फैशन और कैसे आप अपना सकती हैं इसे, आइए जानते हैं।
बहुत खास है फ्यूजन ब्राइडल फैशन
फ्यूजन ब्राइडल फैशन अपने आप में अनोखा है। यह परंपरा और संस्कृति को मॉडर्न लुक देने का एक तरीका है। इसमें पारंपरिक परिधानों को अलग रंग दिया जाता है। यानी यह इंडियन और वेस्टर्न दोनों आउटफिट्स का शानदार व बेमिसाल मेल है। ऐसे आउटफिट्स हर दुलहन के खास पलों मे और भी नयापन और उत्साह जोड़ने में मदद करते हैं। पारंपरिक सिल्हूट को मॉडर्न कट्स के साथ जोड़ना, पोशाकों को एक्सेसरीज के साथ स्टाइल करना, इंडो-वेस्टर्न पोशाकें इसी का हिस्सा हैं। धीरे-धीरे फ्यूजन ब्राइडल फैशन में कई बदलाव भी आ रहे हैं।
लहंगे के साथ कैप
भारी भरकम लहंगे का दुपट्टा संभालना भी अपने आप में एक मुश्किल काम है। लेकिन इसका एक फैशनेबल हल है दुपट्टे को कैप के रूप में पहनना। लहंगे के साथ कैप को पेयर करने के कई तरीके हैं। आप इसे अपने ब्लाउज के साथ जोड़ सकती हैं। दुपट्टे को कैप बनाने का दूसरा तरीका है उसे एक
स्टाइलिश छोटे चैन से जोड़ना। इससे दुपट्टा संभालना भी आसान होगा और ट्रेडिशनल लहंगे को स्टाइलिश लुक भी मिलेगा।
शरारा और लॉन्ग जैकेट

शादी के परिधानों की जब भी बात आती है तो शरारा उस लिस्ट में जरूर शामिल होता है। लेकिन अब वो जमाना बीत गया है जब शरारा के साथ कुर्ती पहनी जाती थी। अब शरारा भी फ्यूजन के रंग में रंग गया है। इसे नया और स्टाइलिश लुक देने के लिए आप इसके साथ क्रॉप टॉप और लॉन्ग जैकेट को पेयर कर सकती हैं। शियर एंब्रॉयडरी वाली जैकेट आपके शरारा को हैवी लुक दे सकती है। इसी के साथ आप इसके साथ ब्रालेट और कोट भी पेयर कर सकती हैं। हालांकि हमेशा टॉप और बॉटम को एक ही रंग का चुनने की कोशिश करें। इससे आप लंबी और पतली नजर आएंगी।
रेडी टू वियर साड़ी चुनें

किसी भी नई दुलहन के लिए साड़ी पहनना किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं होता है। कई बार इसके कारण थकान दोगुनी हो सकती है। ऐसे में आप रेडी टू वियर यानी प्रीस्टिच्ड साड़ी का विकल्प चुन सकती हैं। इन रेडी टू वियर साड़ियों में आपको कई फ्यूजन मिल जाते हैं। इसमें आप साड़ी के पल्लू को स्टाइलिश अंदाज में डिजाइन करवा सकती हैं। इसी के साथ इन दिनों साड़ियों में हाई
थाई स्लिट का चलन काफी चल रहा है। इसके कारण साड़ी में भी ग्लैमर का नया रंग आ जाता है। स्टाइलिश ब्लाउज, ब्रालेट या क्रॉप टॉप के साथ आप इसे पेयर कर सकती हैं। साधारण साड़ी को नया ट्विस्ट देने का यह बेहतरीन तरीका है।
साड़ी गाउन है नया ट्रेंड
साड़ी गाउन फ्यूजन ब्राइडल फैशन का नया ट्रेंड कहा जा सकता है। यह आपको साड़ी वाला फील भी देगा और गाउन वाला ग्लैमर भी। आप इस गाउन को कई तरीके से स्टाइल कर सकती हैं। सीक्वेंस हो या हैवी एंब्रॉयडरी, पारसी थ्रेड वर्क हो या पर्ल वर्क आप अपनी पसंद के अनुसार इस गाउन को
चुन सकती हैं।
साड़ी के जोड़े एक्स फैक्टर
साड़ी जैसे ट्रेडिशनल आउटफिट में अब फ्यूजन जोड़कर उसे नया लुक दिया जा रहा है। इसी कड़ी में शामिल हुआ है साड़ी के साथ लॉन्ग कैप जोड़ना। यह आपकी साड़ी को बहुत ही अलग, एलिगेंट
और ग्रेसफुल लुक देगा। यह कैप काफी आरामदायक के साथ ही स्टाइलिश भी लगता है। नई दुलहन को यह स्टाइल सबसे अलग दिखा सकती है।
कॉर्सेट बेल्ट बनाएगी ब्यूटीफुल
फ्यूजन आउटफिट का मतलब हमेशा कुछ अलग परिधान चुनना ही नहीं है। आप सही एक्सेसरीज चुनकर भी अपने लुक में बदलाव कर सकती हैं। साड़ी बेल्ट आपके काफी काम आ सकती है। वैसे तो साड़ी बेल्ट काफी समय से ट्रेंड में हैं। लेकिन हाल ही में सेलिब्रिटी फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने इसे और भी ग्लैमरस बना दिया है। मनीष ने अपने नए कलेक्शन में साड़ी और क्रिस क्रॉस ब्लाउज के साथ मोतियों और क्रिस्टल से सजी कॉर्सेट बेल्ट शोकेस की है। ऐसी कॉर्सेट बेल्ट से आप अपने आउटफिट और दिन, दोनों को खास बना सकती हैं।
ब्लाउज की जगह चुनें कॉर्सेट

साड़ी हमारी परंपरा और संस्कृति से जुड़ी है। लेकिन इसमें कुछ बदलाव करके आप इसे नए फ्यूजन आउटफिट में बदल सकती हैं। अगर आप साड़ी के साथ ब्लाउज की जगह स्टाइलिश कोर्सेट को चुनेंगी तो यह फ्यूजन सभी को निशब्द करने के लिए काफी होगा। कोर्सेट इन दिनों काफी चलन में हैं।
इस वेस्टर्न टॉप के साथ भारतीय साड़ी का मेल अनोखा और शानदार नजर आता है। बनारसी ब्रोकेड साड़ी हो या फिर ऑर्गेंजा या सिल्क साड़ी, कोर्सेट हर साड़ी के साथ आपके दिन को और भी खास बना सकता है। अगर आपकी साड़ी सिंपल है तो हमेशा हैवी एंब्रॉयडरी कोर्सेट को ही चुनें।
जैकेट और ड्रेप्ड स्कर्ट

अपनी शादी के फंक्शन में अगर आप बॉलीवुड लुक चाहती हैं तो जैकेट के साथ ड्रेप्ड स्कर्ट चुन सकती हैं। यह फ्यूजन आउटफिट इन दिनों काफी ट्रेंड में है। आप फ्रिंज डिजाइन स्कर्ट के साथ हैवी एम्ब्रॉयडरी जैकेट पेयर कर सकती हैं। इससे आपका लुक संतुलित नजर आएगा। साथ ही यह
काफी आरामदायक भी लगते हैं। इन दिनों यह स्टाइल बॉलीवुड एक्ट्रेस का फेवरेट बना हुआ है।
चुनें कुछ कंफर्टेबल

भारतीय शादियों में एक के बाद एक कई फंक्शन्स होते हैं। ऐसे में अगर आप भी कुछ कंफर्टेबल और स्टाइलिश पहनना चाहती हैं तो वन शोल्डर टॉप के साथ हाई वेस्ट पैंट वियर कर सकती हैं। कोशिश करें दोनों एक ही कलर के हों। इससे आपको मोनोक्रोमेटिक लुक मिलेगा।
