Summary: सोनी सब पर हिंदी दर्शकों के लिए पेश है हटके और खाने के शौकी जासूस ‘एकेन बाबू’
सोनी सब पर अब देखने को मिलेगा बंगाली जासूस ‘एकेन बाबू’, जिसकी मज़ेदार और अनोखी जासूसी शैली परिवार संग देखने लायक है। खाने का शौक और सहज हास्य के साथ, यह किरदार हल्की-फुल्की मिस्ट्री का नया अनुभव देगा।
आठ सफल वेब सीज़न और तीन हिट फिल्मों से दर्शकों का दिल जीतने के बाद, अब लोकप्रिय बंगाली जासूस एकेन बाबू पहली बार टेलीविजन पर अपनी एंट्री करने जा रहे हैं वो भी सोनी सब पर। लंबे समय से दर्शकों का पसंदीदा रहा यह सराहनीय होईचोई सीरीज़ अब हिंदी में डब होकर और भी बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचेगी और 24 नवंबर से रात 10 बजे प्रसारित होगी।
शो का केंद्र है एक बेहद अनोखा किरदार एकेन बाबू, जिसकी जासूसी स्टाइल जितनी अलग है, उतनी ही दिलचस्प। खाने के शौकीन, सरल स्वभाव और ह्यूमर से भरे इस जासूस को मशहूर एक्टर अनिर्बान चक्रबर्ती निभा रहे हैं। अपने हटकर अंदाज़ और सहज अभिनय से उन्होंने इस किरदार को दर्शकों के बीच पहचान और लोकप्रियता दिलाई है।
आम क्राइम ड्रामा की गंभीर छवि से बिल्कुल दूर, यह शो जासूसी कहानियों को हल्के, मज़ेदार और मनोरंजक अंदाज़ में पेश करता है। जहाँ बाकी जासूस तेज़-तर्रार और स्टाइलिश दिखाए जाते हैं, वहीं एकेन बाबू की सादगी और रोज़मर्रा के ह्यूमर ने उन्हें तुरंत दर्शकों का प्रिय बना दिया।
परिवार संग देखने लायक अलग अंदाज़ की जासूसी कहानी
सोनी सब के बिज़नेस हेड अजय भालवणकर के मुताबिक, “सोनी सब पर हम अपने दर्शकों के लिए ऐसी कहानियाँ लेकर आते हैं जो मनोरंजक होने के साथ-साथ उनसे जुड़ाव भी पैदा करें और ताज़गी भरी लगें। एकेन बाबू के माध्यम से हम एक ऐसे जासूस को प्रस्तुत करने के लिए उत्साहित हैं, जो सबसे अलग है निराला, बुद्धिमान और बेहद आकर्षक। उनकी अनोखी शख्सियत और मामलों को सुलझाने का हटके अंदाज़ उन्हें बेहद रिलेटेबल और दिल को छू लेने वाला बनाता है।”
अजय भालवणकर ने आगे कहा, “यह शो हमारे ब्रांड की उस सोच से पूरी तरह मेल खाता है, जिसमें हम परिवार के साथ देखने लायक, मनोरंजक और अलग किस्म की कहानियाँ दिखाते हैं। इस प्रिय बंगाली जासूस को हिंदी में पूरे देश के दर्शकों तक पहुंचाकर, हम एक नई तरह की कहानी कहने की शैली पेश करना चाहते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि दर्शक एकेन बाबू की बुद्धि, उनके खाने के शौक और उनके सादे लेकिन अनोखे स्वभाव से ज़रूर जुड़ाव महसूस करेंगे, जो इस शो को सोनी सब परिवार में एक प्यारा और खास हिस्सा बना देगा।”

एकेन बाबू का रोमांचक सफर
होईचोई सीओओ सौम्या मुखर्जी का कहना है, “एकेन बाबू सालों से ओटीटी इकोसिस्टम में एक फिनॉमिनॉ रहा है, जिसने अपनी बुद्धिमत्ता, आदतों और रहस्यों को सुलझाने के अनूठे अंदाज़ से दर्शकों को खूब मोहित किया है। होईचोई में, हमें ऐसे कंटेंट बनाने पर गर्व है जो मनोरंजक होने के साथ-साथ जड़ों से जुड़ा हो, फिर भी व्यापक दर्शकों को अपील करे। एकेन बाबू को हिंदी भाषी दर्शकों तक लेकर जाना हमारे लिए बेहद रोमांचक है, क्योंकि अब उनकी कहानियाँ हमारे प्लेटफ़ॉर्म से आगे बढ़कर और भी घरों तक पहुँचेंगी। हम दिल से सोनी सब का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने इस किरदार पर भरोसा जताया, इस कोलैबोरेशन को अपनाया और एकेन बाबू को पूरे भारत के घरों तक पहुँचाने की पहल की।”
किरदार को निभाने का शानदार अनुभव
एकेन बाबू का किरदार निभाने वाले अनिर्बान चक्रबर्ती ने कहा, “एकेन बाबू का किरदार निभाना मेरे लिए बेहद मज़ेदार और संतोषजनक सफर रहा है, और मैं बहुत खुश हूँ कि यह प्यारा किरदार अब सोनी सब के ज़रिए और भी बड़े दर्शक वर्ग तक पहुँच रहा है। एकेन बाबू कोई आम जासूस नहीं है – वो पूरी तरह इंसानी कमियों और खूबियों वाला शख्स है, जिसका खाने से प्यार और उसकी अनोखी आदतें उसे बेहद रिलेटेबल और दिलचस्प बनाती हैं। मैं होईचोई का आभारी हूँ कि उन्होंने इतना प्यारा किरदार रचा और सोनी सब का भी धन्यवाद करता हूँ कि उन्होंने एकेन बाबू को पूरे देश के घर-घर तक पहुँचाने का मंच दिया। यह शो इस समय टीवी पर चल रहे किसी भी शो जैसा नहीं है इसमें हास्य, सस्पेंस और अपनापन, सब कुछ एक साथ मिलता है, ताकि परिवार मिलकर एक अच्छी, दिलचस्प कहानी का मज़ा ले सकें।”
अगर आपको हल्की-फुल्की मिस्ट्री, ह्यूमर और कुछ हटके किरदार पसंद आते हैं, तो 24 नवंबर से रात 10 बजे के बाद आपकी टीवी स्क्रीन पर कुछ नया मिलने वाला है..सोमवार से शनिवार, सोनी सब पर।
