Sushmita Sen with Daughter: बॉलीवुड की बिंदास एक्ट्रेस सुष्मिता सेन हमेशा अपने खुले विचारों और व्यवहार के कारण सुर्खियों में रहती हैं। इन दिनों सुष्मिता अपनी छोटी बेटी अलीशा के साथ यूरोप में वेकेशन मना रही हैं। स्विट्जरलैंड के बाद दोनों पेरिस घूम रही हैं। हाल ही में सुष्मिता ने अलीशा के साथ एक मजेदार वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया, जिसे फैंस बहुत पसंद कर रहे हैं।
चलो! किस्मत के साथ डांस करें
दरअसल, पेरिस में एफिल टावर घूमने के दौरान सुष्मिता ने अपना और अलीशा का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दोनों डांस करते नजर आ रही हैं। हैरानी की बात तो ये है कि काफी पर्यटक होने के बावजूद सुष्मिता ने बिंदास अंदाज में यह वीडियो शूट किया, जैसे उन्हें किसी की परवाह ही नहीं हो। साथ ही एक्ट्रेस ने यह जानकारी भी साझा की कि अलीसा अब विदेश में पढ़ाई करेंगी। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि अलीसा किस देश में पढ़ाई के लिए जा रही हैं। वीडियो शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने लिखा, विदेश में स्टडी के लिए जाने से पहले मेरी शोना की पेरिस और फ्रांस की पहली यात्रा! समय कैसे बीत जाता है…मैं हमारे डांस को हमेशा संजो कर अपने पास रखूंगी। हमेशा तुम्हें प्यार करने वाली तुम्हारी मां। सुष्मिता ने आगे लिखा, चलो! किस्मत के साथ डांस करें! एक्ट्रेस ने ये भी बताया कि एफिल टावर अलीशा की बकेट लिस्ट में शामिल था।
फैमिली और फैंस लुटा रहे प्यार
सुष्मिता के इस प्यारे से पोस्ट और वीडियो को उनकी फैमिली के साथ ही उनके फैंस भी काफी पसंद कर रहे हैं। सुष्मिता की बड़ी बेटी रैने सेन ने इस वीडियो पर कमेंट किया, बहुत स्पेशल। वहीं एक्ट्रेस के भाई राजीव सेन की पूर्व पत्नी चारू असोपा ने भी इस वीडियो पर हार्ट इमोजी सेंड की है। अपनी पसंदीदा एक्ट्रेस के वीडियो को लाइक करते हुए फैंस उन्हें एक खूबसूरत और प्रेरणादायक इंसान बता रहे हैं। एक फैन ने लिखा, कितनी भाग्यशाली हैं ये बेटियां जो अपनी मां की तरह एक अच्छी महिला बनेंगी! वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, आप बहुत प्यारी मां हैं! बेटियों को पालने में आपका प्यार और सुंदरता नजर आती है। ऐसा प्यार किसी के भी दिल और आत्मा को शांति देता है। एक प्रशंसक ने लिखा, ऐसा इंसान जो आपसे संबंधित नहीं है, उसे कैसे अपनाया जाता है, ये आपसे सीखना चाहिए। इतना प्यार किसी का पूरा जीवन बदल सकता है। कई फैंस ने लिखा कि सुष्मिता ने बच्चियों को अकेले पाला है, ये भाग्यशाली हैं कि इन्हें ऐसी मां मिली है।
जल्द पर्दे पर नजर आएंगी सुष्मिता
आपको बता दें कि मिस यूनिवर्स बनने के बाद सुष्मिता सेन ने रैने को गोद लिया था, उसके कुछ साल बाद उन्होंने अलीशा को गोद लिया। रैने को गोद लेने के लिए सुष्मिता ने कानूनी लड़ाई भी लड़ी, क्योंकि उस समय एक्ट्रेस अविवाहित थीं और उनकी उम्र भी कम थी। हालांकि सुष्मिता की जीत हुई और उन्होंने बेटी को गोद लिया। आज रैने 23 साल की और अलीशा 13 साल की हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो सुष्मिता ने ‘आर्या सीजन 3’ की शूटिंग पूरी कर ली है। वहीं वह फिल्म ‘ताली’ में भी नजर आएंगी, जिसमें वह ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट श्रीगौरी सावंत की भूमिका निभा रही हैं।