Summary : सोहा और कुणाल का रिश्ते का राज...
सोहा मानती हैं, पति-पत्नी पर बहुत दबाव होता है कि वो एक-दूसरे के लिए मौजूद रहें और कई बार हम अपना तनाव भी एक-दूसरे पर निकाल देते हैं।
Soha and Kunal: सोहा अली खान और कुणाल खेमू को बॉलीवुड की सबसे प्यारी जोड़ियों में गिना जाता है। सोशल मीडिया पर उनकी मजेदार नोकझोंक और इंटरव्यूज में एक-दूसरे के लिए जताया गया प्यार, इन्हें फैंस का चहेता बना देता है। इस परफेक्ट तस्वीर के पीछे सोहा मानती हैं कि उन दोनों ने ही खूब मेहनत की है। सोहा का मानना है कि आपको शादी को निभाने के लिए लगातार मेहनत करना पड़ती है।
शादी को लेकर सोहा का खुलासा
हाल ही में द क्विंट को दिए इंटरव्यू में सोहा ने कहा, “सबसे मुश्किल चीज है लंबे समय तक एक ही रिश्ते में बने रहना। ये आसान नहीं है… मैं काफी आलसी हूं, सिर्फ अपने काम को लेकर ही नहीं, बल्कि कभी-कभी अपनी दोस्तियों और रिश्तों को लेकर भी मैं आलस को अपना लेती हूं। ये अच्छी बात नहीं है। मुझे लगता है इंसान को खुद के प्रति सच्चा होना चाहिए, लेकिन कई बार आपको कोशिश करना पड़ती है। मुझे लगता है कि मैं अब वो कोशिश लगातार कर रही हूं। अच्छा यह है कि मैंने कोशिश करना सीख लिया है।”
आधुनिक दौर में शादी
सोहा ने यह भी बताया कि मुंबई जैसे शहर में शादीशुदा जिंदगी और मुश्किल हो जाती है। उन्होंने कहा, “शादी संभालना मुश्किल है। आजकल मुंबई जैसे शहर में हम सब छोटे परिवारों (न्यूक्लियर फैमिली) में रहते हैं। पति-पत्नी पर बहुत दबाव होता है कि वो एक-दूसरे के लिए मौजूद रहें और कई बार हम अपना तनाव भी एक-दूसरे पर निकाल देते हैं।”
शादी मजबूरी नहीं लगती सोहा को
सोहा ने इस बात पर भी जोर दिया कि अब शादी सिर्फ निभाने की मजबूरी नहीं, बल्कि रोज-रोज लिया गया एक सचेत निर्णय है। सोहा ने कहा, “आप समझते हैं कि ये एक चुनाव है, जो आप कर रहे हैं और सामने वाला भी कर रहा है। वो चुनाव है इस रिश्ते में बने रहने का। जरूरी नहीं कि आपको रहना ही है। अब हमें अच्छी तरह पता है कि लोग खुद को और अपनी खुशी को प्राथमिकता दे रहे हैं। वो वहां नहीं रहना चाहते जहां वो खुश नहीं हैं।”
कुणाल उन्हें रिश्ते में बनाए रखते हैं
हालांकि सोहा ने चुनौतियों को स्वीकार किया, लेकिन कुणाल खेमू की भी जमकर तारीफ भी की। उन्हें मेहनती और रोमांटिक बताते हुए सोहा ने कहा कि कुणाल सच में उनकी शादी को अच्छा बनाए रखना चाहते हैं। वो मेहनती हैं, रोमांटिक हैं। वो अच्छी शादी चाहते हैं। वो कम पर संतुष्ट नहीं होंगे। वो हमेशा अलर्ट रखते हैं।

सोहा को कई खूबियां दिखती हैं कुणाल में
सोहा के लिए कुणाल की शख्सियत भी उनके रिश्ते को मजबूत बनाती है। सोहा बताती हैं “वो सच्चे हैं, रिअल हैं, मजेदार हैं और ये सब चीजें वाकई उनमें हैं। वो क्यूट भी हैं, जो कभी नुकसान नहीं करता। मुझे लगता है इन्हीं सब कारणों से मैं इस रिश्ते में हूं।” सोहा और कुणाल का रिश्ता 2009 में शुरू हुआ। 2014 में उन्होंने सगाई की और अगले साल मुंबई स्थित शर्मिला टैगोर के घर पर शादी कर ली। 25 जनवरी 2025 को उन्होंने शादी के 10 साल पूरे किए। 2017 में उनकी बेटी इनाया नौमी खेमू का जन्म हुआ और उनका परिवार पूरा हो गया।
