Summary: सलमान, आमिर, विजय देवरकोंडा और तमन्ना के दिलचस्प किस्से
कोरियोग्राफर्स पियूष और शाज़िया ने माना कि एक्टर्स के साथ आने वाली टीम का खर्च अब पहले से बहुत बढ़ गया है।
Salman and Aamir Khan Gesture: कोरियोग्राफर पियूष भगत और शाजिया समजी कई बड़े बॉलीवुड सितारों के साथ काम कर चुके हैं। ये दोनों तमन्ना भाटिया के “नशा”, वरुण धवन-जाह्नवी कपूर के “बिजुरिया” और दिलजीत दोसांझ के नए गाने “कुफ्र” जैसे कई हिट गानों के पीछे की क्रिएटिव टीम हैं। हाल ही में एक बातचीत में उन्होंने सलमान खान के साथ काम करने के अनुभव और एक्टर्स की टीम की बढ़ती लागत पर खुलकर बात की।
सलमान खान का फ़ूड ट्रक और सेट का माहौल
यूट्यूब चैनल ‘हिंदी रश’ से बात करते हुए शाजिया ने कहा, “जब सलमान खान ने हमें बुलाया… सब जानते हैं कि उनकी फिल्मों में फूड टेंट जरूर लगता है। उनका बीइंग ह्यूमन वाला फूड ट्रक हर शूट पर मौजूद रहता है और वहां का खाना बेहद स्वादिष्ट होता है। मुझे याद है, हमने भाई के साथ बैठकर लंच किया था और खाना इसलिए भी अधिक अच्छा लगा क्योंकि वो सामने बैठे थे।” दोनों कोरियोग्राफर्स ने शाहरुख खान के साथ काम करने की इच्छा भी जताई। उन्होंने कहा, “शाहरुख आखिरी सुपरस्टार हैं और हम उनके साथ काम करना मिस नहीं करना चाहते।”
विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे के साथ अनुभव

उन्होंने लाइगर फिल्म में विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे के साथ काम करने का किस्सा भी बताया। कोरियोग्राफर्स ने कहा कि शुरुआत में विजय काफी नर्वस थे, लेकिन उन्होंने मेहनत और डेडिकेशन से सारे स्टेप्स बखूबी कर लिए। उन्होंने बताया, “जब अनन्या ने स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2 से करियर शुरू किया था, वो ट्रेनिंग के लिए हमारे पास आई थी। वो इतने सालों में काफी ग्रो हुई है। अनन्या कोई सुपर डांसर नहीं है, लेकिन मेहनत बहुत करती है।” विजय के डर की बात बताते हुए उन्होंने कहा, “विजय पहली बार स्टेप्स देखकर डर गए थे। बोले, ‘भाई मरवा दिया तुम लोगों ने… ये कैसे करूंगा?’ मुझे लगा शायद वो कर नहीं पाएंगे। लेकिन उनके प्रोफेशनलिज्म ने सब बदल दिया। डर के बावजूद उन्होंने खूब प्रैक्टिस की। सेट पर आते ही पूरा डर निकालकर शानदार परफॉर्म किया। ये सब उनकी मेहनत और एथिक्स का नतीजा है।”
तमन्ना भाटिया की डेडिकेशन
उन्होंने रेड 2 के गाने “नशा” की शूटिंग का किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया, “नशा एक मैराथन जैसा था क्योंकि तमन्ना के पास बहुत प्रोजेक्ट्स थे, टाइम कम था। उन्होंने सिर्फ दो दिन रिहर्सल की… हर दिन सिर्फ दो घंटे। गाना सिर्फ दो दिनों में शूट किया गया।”
एक्टर्स की बढ़ती लागत पर चर्चा
दोनों ने माना कि एक्टर्स की बढ़ती लागत यानी उनके साथ आने वाली टीम का खर्च अब पहले से बहुत बढ़ गया है। लोग इस पर खुलकर बोलने लगे हैं, इसलिए अब सितारे खुद भी थोड़ा संभलकर काम करते हैं। उन्होंने कहा,“ यह सब कई बार काम का माहौल बिगाड़ देता है। लेकिन तमन्ना के साथ ऐसा कुछ नहीं होता। हां, उनकी भी टीम है, लेकिन प्रोफेशनलिज्म में वो नंबर वन हैं।” उन्होंने बताया कि कुछ बड़े एक्टर्स इस मामले में काफी समझदार हैं। उन्होंने कहा, “खर्च बढ़ा है, लेकिन अब एक्टर्स भी इसे लेकर सजग हैं। जैसे आमिर खान सर कहते हैं कि जो ड्राइवर मेरे लिए काम कर रहा है, उसकी फीस मैं दूंगा, प्रोड्यूसर क्यों देगा?”
