Overview: महेश बाबू के भतीजे संग रोमांस करती दिखेंगी राशा थडानी
इस साल बॉलीवुड में अपनी दमदार दस्तक देने के बाद रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी ने अब दक्षिण भारतीय सिनेमा की ओर एक बड़ी छलांग लगाई है।
Rasha Thadani Next Project: इस साल बॉलीवुड में अपनी दमदार दस्तक देने के बाद रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी ने अब दक्षिण भारतीय सिनेमा की ओर एक बड़ी छलांग लगाई है। राशा ने अपनी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की यात्रा की शुरुआत अभिषेक कपूर की फिल्म आजाद से की थी, जहां उन्होंने अजय देवगन और उनके भतीजे अमन देवगन के साथ स्क्रीन शेयर की। अपने प्यारे अंदाज, डायलॉग डिलीवरी और खासकर उई अम्मा गाने पर अपने मनमोहक लुक के कारण राशा ने बहुत जल्द ही दर्शकों के बीच अपनी एक खास पहचान बना ली।
फिलहाल, वह मुंज्या फेम अभय वर्मा के साथ अपनी अगली हिंदी फिल्म ‘लइकी लइका’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। लेकिन सोमवार की सुबह, उन्होंने सोशल मीडिया पर एक धमाकेदार अनाउंसमेंट करके अपने फैंस को चौंका दिया। राशा तेलुगू सिनेमा में डेब्यू करने जा रही हैं।
टॉलीवुड में धांसू एंट्री करेंगी राशा थडानी
राशा थडानी ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस खबर को साझा किया। उनकी पहली तेलुगू फिल्म का अस्थायी टाइटल #AB4 रखा गया है। यह फिल्म उनके लिए कई मायनों में खास है, क्योंकि इसमें वह टॉलीवुड सुपरस्टार महेश बाबू के भतीजे, जय कृष्णा घट्टामनेनी के साथ एक्टिंग करेंगी। जय कृष्णा दिग्गज अभिनेता कृष्णा के पोते और दिवंगत अभिनेता रमेश बाबू के बेटे हैं, यानी राशा की एंट्री एक पावरफुल तेलुगू फिल्मी परिवार के साथ हो रही है। इस प्रोजेक्ट का निर्देशन फिल्ममेकर अजय भूपति करेंगे, जो 2018 की सफल फिल्म ‘आरएक्स 100’ के लिए जाने जाते हैं।
राशा ने खास अंदाज में जाहिर किया आभार
अपनी साउथ सिनेमा में एंट्री की खबर साझा करते हुए, राशा ने तेलुगू भाषा का एक सुंदर वाक्य इस्तेमाल किया और अपना आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “नई शुरुआत, आभार! मी अंदरि प्रेमा थो, मैं तेलुगू सिनेमा में कदम रख रही हूं। इस शानदार मौके के लिए @dirajaybhupathi सर को धन्यवाद। इस नई यात्रा को शुरू करने के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं! #AB4 #TeluguDebut। यह फिल्म अश्विनी दत्त द्वारा प्रस्तुत, जेमिनी किरण की बनाई और सीके पिक्चर्स बैनर के तहत बनेगी।”
राशा ने की खुशी का नहीं हैं ठिकाना
इस पोस्ट के जरिए राशा ने न केवल अपनी खुशी व्यक्त की, बल्कि उन्होंने अपने मेकर्स के प्रति भी सम्मान दिखाया। इस फिल्म के मेकर्स में प्रसिद्ध Vyjayanthi Movies और Swapna Cinema जैसे बड़े नाम शामिल हैं। उनके इस पोस्ट से साफ है कि राशा अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर काफी एक्साइटेड हैं।
राशा का रॉ फर्स्ट लुक
अपनी तेलुगू डेब्यू फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में राशा का अंदाज बेहद आकर्षक और रॉ दिख रहा है। वह एक काली बाइक के सहारे खड़ी हैं, जहां उन्होंने स्टाइलिश ब्लैक टैंक टॉप और ब्लू जींस पहनी हुई है। उनकी यह आकर्षक स्क्रीन प्रेजेंस बता रही है कि तेलुगू दर्शक उन्हें खूब पसंद करने वाले हैं। निर्देशक अजय भूपति ने भी राशा का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने लिखा, “खूबसूरत और टैलेंटेड @rashathadani के लिए तेलुगू सिनेमा में जगह बनाइए। #AB4 में उनकी मेगनेटिक स्क्रीन प्रेजेंस देखने के लिए बने रहें।”
फैंस का उमड़ा प्यार
राशा की इस अनाउंसमेंट के तुरंत बाद, उनका कमेंट सेक्शन बधाई संदेशों से भर गया। उनके फैंस और इंटरनेट यूजर्स ने उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर जमकर प्यार बरसाया। एक उत्साहित फैन ने तो उन्हें तुरंत ‘पैन इंडिया सुपरस्टार @rashathadani’ का टैग दे दिया, जबकि एक अन्य यूजर ने उनकी इस चौंकाने वाली खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “ओमजीजी!! यह कुछ खतरनाक है।”
