Overview: प्रभास की हीरोइन निधि अग्रवाल फैंस की भीड़ के बीच फंसी
सुपरस्टार प्रभास की फिल्म 'द राजा साब' के सॉन्ग लॉन्च इवेंट में एक्ट्रेस निधि अग्रवाल को भारी भीड़ ने बुरी तरह से घेर लिया।
Nidhhi Agerwal Fan Crowd: हैदराबाद में हाल ही में सुपरस्टार प्रभास की फिल्म ‘द राजा साब‘ का मचअवेटेड सॉन्ग लॉन्च इवेंट हुआ था। माहौल जश्न का होना चाहिए था, लेकिन जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए, उन्होंने सिनेमा जगत और फैंस के व्यवहार पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिल्म की लीड एक्ट्रेस निधि अग्रवाल के साथ हुई बदसलूकी ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या ‘फैनडम’ की आड़ में हम मर्यादाएं भूलते जा रहे हैं?
जश्न का माहौल दहशत में बदला
हैदराबाद में फिल्म के गाने ‘सहना सहना’ के लॉन्च के लिए एक बड़ा कार्यक्रम रखा गया था। इवेंट शानदार रहा, लेकिन असली मुसीबत तब शुरू हुई जब निधि अग्रवाल कार्यक्रम खत्म कर अपनी कार की ओर बढ़ने लगीं। सोशल मीडिया, खासकर ट्विटर पर ‘गुल्टे’ नाम के पेज द्वारा साझा किए गए वीडियो में जो दिखा, वो किसी को भी विचलित कर सकता है।
निधि अग्रवाल पर टूटी फैंस की भीड़
Scary visuals of #NidhhiAgerwal being mobbed by fans at the #TheRajaSaab song launch.
— Gulte (@GulteOfficial) December 17, 2025
A little common sense from the crowd would have made the situation better. pic.twitter.com/2kAv43zJ2Q
निधि जैसे ही आयोजन स्थल से बाहर निकलीं, फैंस का एक विशाल हुजूम उन पर टूट पड़ा। सुरक्षा के तमाम दावों के बीच एक्ट्रेस बुरी तरह भीड़ में फंस गईं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि निधि अपनी कार तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रही हैं, जबकि लोग उन्हें हर तरफ से घेर कर धक्का-मुक्की कर रहे हैं। जब वह किसी तरह मशक्कत करके गाड़ी के अंदर बैठीं, तो उनके चेहरे पर छाई घबराहट और परेशानी साफ बयां कर रही थी कि वह इस अनियंत्रित भीड़ के बीच कितनी असुरक्षित महसूस कर रही थीं।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। कई यूजर्स ने इसे शर्मनाक करार दिया। एक यूजर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए लिखा, “ये फैंस नहीं, बल्कि भीड़ के रूप में गिद्ध हैं।” वहीं कुछ लोगों ने इवेंट मैनेजमेंट और सिक्योरिटी टीम पर सवाल उठाए कि आखिर इतनी बड़ी सेलिब्रिटी के लिए पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए? फैंस का प्यार किसी भी कलाकार की ताकत होता है, लेकिन जब वही प्यार इनसिक्योरिटी और बदसलूकी का रूप ले ले, तो उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। लोगों का कहना है कि किसी भी कलाकार की निजता और उनके दायरे का सम्मान करना जरूरी है।
कौन हैं निधि अग्रवाल?
निधि अग्रवाल ने अपने करियर की शुरुआत साल 2017 में टाइगर श्रॉफ के साथ फिल्म ‘मुन्ना माइकल’ से की थी। बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के बाद उन्होंने साउथ फिल्म इंडस्ट्री का रुख किया और वहां की क्रेजी फैन फॉलोइंग के बीच अपनी जगह बनाई। वह ‘आईस्मार्ट शंकर’, ‘ईश्वरन’ और ‘हरि हारा वीरा मल्लु’ जैसी सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा रही हैं।
‘द राजा साब’ से जुड़ी उम्मीदें
मारुति के निर्देशन में बन रही ‘द राजा साब’ अगले साल 9 जनवरी 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस फिल्म में प्रभास और निधि अग्रवाल के साथ संजय दत्त, मालविका मोहनन और रिद्धि कुमार जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह है, लेकिन इस हालिया घटना ने फिल्म के प्रमोशनल दौर में एक कड़वी याद जोड़ दी है।
