Summery- नवंबर 2025 मूवी लिस्ट
नवंबर 2025 में रोमांस, देशभक्ति और ड्रामा से भरी 7 बड़ी बॉलीवुड फिल्में रिलीज होंगी, जिनमें हक, दे दे प्यार दे 2 और 120 बहादुर प्रमुख हैं।
November Releases 2025: नवंबर का महीना आते ही मौसम के साथ फिल्मों का मूड भी बदल जाता है। हल्की ठंड और छुट्टियों का माहौल दर्शकों को थिएटर की ओर खींचता है। इस बार नवंबर 2025 बॉलीवुड के लिए बेहद खास होने वाला है, क्योंकि इस महीने सात बड़ी हिंदी फिल्में रिलीज होने जा रही हैं, जो हर जॉनर को कवर करती हैं रियलिस्टिक ड्रामा, रोमांस(Romantic Movies), हॉरर(Horror Movies) और देशभक्ति तक।
हक (7 नवंबर 2025)
निर्देशक सुपर्ण एस. वर्मा की फिल्म ‘हक’ शाह बानो केस से प्रेरित है। यामी गौतम इस फिल्म में शाजिया बानो का किरदार निभा रही हैं, जो अपने अधिकारों के लिए समाज और कानून से संघर्ष करती है। इमरान हाशमी फिल्म में अब्बास खान बने हैं, जो इस कहानी को और गहराई देते हैं। यह फिल्म धर्म, संविधान और महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश देती है।
जटाधारा (7 नवंबर 2025)
तेलुगू से डब की गई सुपरनैचुरल फिल्म ‘जटाधारा’ में सोनाक्षी सिन्हा और सुधीर बाबू मुख्य भूमिका में हैं। निर्देशक वेंकट कल्याण और अभिषेक जायसवाल की यह फिल्म बदले की आग में जलती एक आत्मा की कहानी है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगी।
दे दे प्यार दे 2 (14 नवंबर 2025)
14 नवंबर को आने वाली ‘दे दे प्यार दे 2’ फिर से दर्शकों को हंसाने और सोचने पर मजबूर करेगी। अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह की जोड़ी एक बार फिर स्क्रीन पर लौट रही है। लव रंजन और तरुण जैन द्वारा लिखी इस कहानी में रिश्तों, उम्र और समाज की धारणाओं पर हास्य के साथ तंज कसा गया है। कहानी वहीं से आगे बढ़ती है जहां पहली फिल्म खत्म हुई थी—एक अधेड़ उम्र का पुरुष और एक युवा महिला, जिनका प्यार अब शादी की दहलीज पर है। लेकिन असली कॉमेडी शुरू होती है जब लड़की के पैरेंट्स और प्रेमी की उम्र में फर्क लगभग न के बराबर होता है।
120 बहादुर (21 नवंबर 2025)
फरहान अख्तर और राशि खन्ना स्टारर 120 बहादुर 21 नवंबर को रिलीज़ होगी। निर्देशक रजनीश घई ने इसमें 1962 के रेजांग ला युद्ध की वीरता को बड़े पर्दे पर जिंदा किया है। फरहान अख्तर ‘मेजर शैतान सिंह भाटी’ की भूमिका में नज़र आएंगे, जिन्होंने 120 भारतीय सैनिकों की टुकड़ी के साथ 3000 चीनी सैनिकों के सामने मोर्चा संभाला था।
मस्ती 4 (21 नवंबर 2025)
21 नवंबर को रिलीज़ हो रही है ‘मस्ती 4’। रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और आफताब शिवदासानी की हिट तिकड़ी फिर से अपने पुराने मस्ती भरे अंदाज में लौट रही है। यह वही ‘गिल्टी प्लेज़र’ है, जिसे दर्शक बार-बार देखना पसंद करते हैं।
गुस्ताख इश्क (21 नवंबर 2025)
विजय वर्मा और फातिमा सना शेख की ‘गुस्ताख इश्क’ 21 नवंबर को रिलीज़ हो रही है। विभु पुरी के निर्देशन में बनी यह फिल्म पंजाब की पुरानी हवेलियों और दिल्ली की गलियों के बीच पनपते एक पुराने दौर के इश्क की दास्तान है।
तेरे इश्क में (28 नवंबर 2025)
नवंबर का समापन होगा 28 नवंबर को ‘तेरे इश्क में’ के साथ। आनंद एल राय और धनुष की जोड़ी एक दशक बाद फिर से साथ आ रही है। यह फिल्म 2013 की हिट ‘रांझणा’ की आत्मा को आगे बढ़ाती है। इसमें एकतरफा प्यार, टूटे दिल और अधूरे रिश्तों का दर्द है जिसे एआर रहमान के संगीत ने और भी जीवंत बना दिया है।



