NMACC India Weekend: रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन के साथ न्यूयॉर्क शहर में भारत की कला, संस्कृति और परंपराओं का परचम लहराने जा रही हैं। इस साल सितंबर में आयोजित हो रहा ‘NMACC इंडिया वीकेंड’ नामक तीन दिवसीय कार्यक्रम भारतीय विरासत को विश्व मंच तक ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
क्या है ‘NMACC इंडिया वीकेंड’
यह तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव 12 से 14 सितंबर, 2025 तक अमेरिका के प्रसिद्ध लिंकन सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स में आयोजित किया जाएगा। यह वही जगह है जो वैश्विक स्तर पर कला, संगीत और थिएटर की बड़ी प्रस्तुतियों के लिए जानी जाती है। पहली बार न्यूयॉर्क में इस तरह का कोई आयोजन भारत के नाम पर होगा।
तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है भारतीय संस्कृति, कलाओं, पारंपरिक शिल्प और खानपान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करना। नीता अंबानी का मानना है कि भारत की सांस्कृतिक विरासत इतनी समृद्ध है कि उसे दुनिया भर के सामने गर्व से दिखाया जाना चाहिए। NMACC के माध्यम से भारत की आवाज़, उसकी कलाएं और उसके कलाकार अब वैश्विक संवाद का हिस्सा बनेंगे।
कार्यक्रम में क्या होगा खास
इस भव्य कार्यक्रम में संगीत, थिएटर, फैशन शो, भारतीय व्यंजन और पारंपरिक शिल्प की झलकियां दिखाई देंगी। यह वीकेंड भारतीय सौंदर्य, परंपरा और आधुनिकता के अद्भुत मेल को प्रस्तुत करेगा। हर दिन एक नई प्रस्तुति, एक नई कहानी और भारतीयता का एक नया रंग दर्शकों को देखने मिलेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत
इस समारोह की शुरुआत एक खास फैशन शो से होगी जो ‘स्वदेश’ हैंडलूम एम्पोरियम को समर्पित होगा। यह अंबानी का अपना ब्रांड है जो भारत के अलग-अलग राज्यों के कारीगरों और बुनकरों की कला को प्रमोट करता है। शो के ज़रिए भारत के पारंपरिक परिधानों और शिल्पकला को मंच मिलेगा।
मनीष मल्होत्रा ड्रेस डिज़ाइन करेंगे
इस फैशन शो के लिए डिज़ाइनर मनीष मल्होत्रा खास परिधान तैयार करेंगे। वे भारत की पारंपरिक कढ़ाई, बनारसी बुनाई, कांथा, चिकनकारी और अन्य शैलियों को मॉडर्न टच के साथ प्रस्तुत करेंगे, ताकि भारतीय कला ग्लोबल फैशन सर्किट में अपनी गूंज छोड़ सके। खानपान के शौकीनों के लिए भी इस कार्यक्रम में बहुत कुछ खास होगा। मिशेलिन स्टार शेफ विकास खन्ना ने इस वीकेंड के लिए विशेष रूप से भारतीय मेन्यू डिज़ाइन किया है।
‘द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल’
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षणों में से एक होगा भव्य थिएटर प्रोडक्शन ‘The Great Indian Musical: Civilization to Nation’। यह म्यूजिकल भारत के 5000 साल पुराने इतिहास से लेकर 1947 की आज़ादी तक की यात्रा को रंगमंच, नृत्य, संगीत और फैशन के ज़रिये जीवंत करेगा। इस शो का निर्देशन जाने-माने थिएटर डायरेक्टर फिरोज़ अब्बास खान द्वारा किया गया है और इसमें भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिएटिव आर्टिस्ट्स भी शामिल हैं। मंच पर 100 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
सितारे जो शिरकत करेंगे
इस तीन दिवसीय भारत महोत्सव को और भी खास बनाएंगे कुछ अंतरराष्ट्रीय और बॉलीवुड हस्तियां। रेड कारपेट पर शाहरुख़ खान, प्रियंका चोपड़ा, गिगी हदीद, निक जोनास और जेंडया जैसे सितारे नज़र आएंगे, जो इस आयोजन को वैश्विक मीडिया की सुर्खियों में ला देंगे।
