Summary: ब्रेक के बाद नेहा कक्कड़ की धमाकेदार वापसी, यूजर्स से मिला मिला-जुला रिएक्शन
सोशल मीडिया से एक महीने का ब्रेक लेने के बाद नेहा कक्कड़ ने होली के मौके पर ‘मेरा सूट’ गाना रिलीज किया है। यह गाना उनके भाई टोनी कक्कड़ के ट्रैक का रीमिक्स वर्जन है, जिसे रिलीज के कुछ ही घंटों में लाखों व्यूज मिल गए।
Neha Kakkar Holi Song: सिंगर नेहा कक्कड़ ने जब सोशल मीडिया और काम से ब्रेक लेने की घोषणा की थी, तो उनके फैंस चौंक गए थे। उनके इमोशनल पोस्ट के बाद कई तरह के सवाल सामने आए। सबकी यही सोच थी कि क्या सब ठीक है, क्या पर्सनल लाइफ में कुछ चल रहा है? लेकिन ठीक एक महीने बाद नेहा ने होली के मौके पर ‘मेरा सूट’ नामक नया गाना रिलीज किया है। यूट्यूब पर रिलीज के कुछ ही घंटों में गाने को लाखों व्यूज मिल गए।
नेहा कक्कड़ का नया होली गाना
नेहा कक्कड़ का यह होली गाना पहले उनके भाई टोनी कक्कड़ का था, जिसे नेहा ने नए अंदाज में रीमिक्स कर दोबारा पेश किया है। सफेद सलवार-सूट में रंगों से सराबोर नेहा का लुक बिल्कुल फेस्टिव मूड में नजर आता है। यूट्यूब पर रिलीज के कुछ ही घंटों में इस गाने को 15 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं, जो यह बताने के लिए काफी है कि अभी भी उनके चाहने वालों की कमी नहीं है। इस गाने में नेहा के अलावा, उनके भाई टोनी, जूनियर वर्सल और उनके मम्मी-पापा भी नजर आ रहे हैं।
फैंस के मिले-जुले रिएक्शन
एक तरफ कई फैंस ने “हमारी क्वीन वापस आ गई” कहकर उनका स्वागत किया, वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाए, “आप तो ब्रेक पर थीं, फिर यह गाना कब तैयार हो गया?” कुछ यूजर्स ने गाने को हल्का बताया, तो कुछ ने इसे होली पार्टी के लिए परफेक्ट ट्रैक कहा। एक अन्य यूजर ने लिखा, “पुरानी नेहा कक्कड़ एनर्जी पूरे स्वैग के साथ वापस आ गई है”, तो किसी दूसरे ने लिखा, “मेरा सूट हिट गाना”।
“अब होगी मेरे सूट वाली होली”, “सच में ऐसा लगता है कि ओजी नेहा आखिरकार वापस आ गई हैं, वो जिसकी हल्की मुस्कान और टाइमलेस देसी चार्म है जिसे चमकने के लिए किसी एक्स्ट्रा चीज की जरूरत नहीं है” जैसे कमेंट्स से यूट्यूब का कमेंट सेक्शन भर गया।
ब्रेक की वजह और निजी जीवन पर चर्चा
ब्रेक की घोषणा के समय नेहा का पोस्ट बेहद इमोशनल था। उन्होंने लिखा था कि वह कुछ लोगों और सिस्टम से निराश हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके और पति रोहनप्रीत सिंह के रिश्ते को लेकर भी कयास लगाए जाने लगे। हालांकि नेहा ने तुरंत साफ कर दिया कि उनके पति और परिवार को इस मामले में न घसीटा जाए। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा था कि उनके पति और परिवार उनके सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम हैं।
‘कैंडी शॉप’ से लेकर ‘मेरा सूट’ तक
काम की बात करें तो हाल ही में नेहा का गाना ‘कैंडी शॉप’ भी चर्चा में रहा था। कुछ लोगों ने उसे बोल्ड कहा, तो कुछ ने के-पॉप स्टाइल की नकल करार दिया। लेकिन नेहा ने कभी आलोचना से घबराकर कदम पीछे नहीं खींचे। अब देखना होगा कि ‘मेरा सूट’ होली का सुपरहिट ट्रैक बनता है या नहीं, लेकिन एक बात साफ है कि नेहा कक्कड़ की वापसी ने एक बार फिर उन्हें चर्चा में ला दिया है।


