Manish Malhotra Show: ब्लैक लहंगे में 'रानी' की रॉयल वॉक
Manish Malhotra Show

Manish Malhotra Show: बॉलीवुड के फेवरेट फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने गुरुवार को मुंबई में आयोजित अपने शो ‘द ब्राइडल कॉउचर’ में एक से बढ़कर एक ब्राइडल और ग्रूम कलेक्शन शोकेस किए। इस शो के शोस्टॉपर बनी एक्ट्रेस आलिया भट्ट और रणवीर सिंह। शो में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों के साथ ही बिजनेसमैन मुकेश अंबानी भी अपने फैमिली मैंबर्स के साथ शामिल हुए। हालांकि इस शो का हिस्सा न होते हुए भी एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने सारी लाइमलाइट अपनी ओर खींच ली।

आलिया ने वियर किया शानदार लहंगा

शो में आलिया भट्ट की रॉयल वॉक ने सभी को इंप्रेस कर दिया। आलिया ने ब्लैक एंड सिल्वर कलर का लहंगा वियर किया। इस लहंगे पर शानदार सिल्वर वर्क किया गया था। फ्लावर पैटर्न इसके लुक को और भी बढ़ा रहे थे। लहंगे के साथ आलिया ने लंबा एम्ब्रॉयडरी वाला दुपट्टा लिया।  इस कट स्लीव्स लहंगे का डीप नेक और ब्रालेट एम्ब्रॉयडरी ब्लाउज इसे रॉयल लुक दे रहे थे। अपने लुक्स को बढ़ाने के लिए आलिया ने मैचिंग पोलकी डायमंड ज्वेलरी वियर की। हालांकि इस लेयर्ड नेकलेस के साथ उन्होंने ईयररिंग्स वियर नहीं किए। हमेशा की तरह शो में भी आलिया ने लाइट मेकअप चुना।  

शेरवानी ने ‘शेरू’ का रॉयल अंदाज

शो के दूसरे शो स्टॉपर रणवीर सिंह जल्द ही फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में आलिया भट्ट के साथ नजर आने वाले हैं। मनीष मल्होत्रा के इस ग्रांड शो में रणवीर रॉयल शेरवानी में नजर आए। एक्टर ने व्हाइट कलर के कुर्ते और पजामे के साथ बेज कलर की हैवी वर्क जैकेट वियर की। इस पूरी जैकेट पर शानदार सिल्वर वर्क किया गया था। वॉक के दौरान रणवीर अपने कूल अंदाज में नजर आए। उन्होंने वॉक के बीच में भी पत्नी दीपिका पादुकोण को किस किया। वहीं अपनी मां के पैर छुए और फिल्म निर्माता करण जौहर को हेलो किया। इस दौरान उन्होंने बिजनेस टाइकून मुकेश अंबानी और उनके परिवार का भी अभिनंदन किया। रणवीर का यह स्टाइल सभी को भा गया।  

दीपिका ने लूट ली लाइमलाइट

एक्ट्रेस ​दीपिका पादुकोण इस शो में अपने पति रणवीर सिंह का साथ देने पहुंचीं। हालांकि शो का हिस्सा न होते हुए भी उन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दीपिका व्हाइट साड़ी और बैकलेस ब्लाउज में नजर आईं। दीपिका ने अपनी कई तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की हैं। उन्होंने कैप्शन लिखा, ‘कपड़ों के खेल में साड़ी हमेशा जीतेगी।’ दीपिका ने इस खास मौके के लिए नेट की साड़ी चुनी, जिसमें फ्रिल वर्क किया गया था। यह वर्क साड़ी को सिंपल लेकिन ग्लैमरस लुक दे रहा था। हॉल्टर नेक डिजाइन वाले बैकलेस ब्लाउज ने इस साड़ी के लुक में चार चांद लगा दिए। इस पूरे ब्लाउज पर मिरर वर्क किया गया था। दीपिका ने लाइट कलर की साड़ी के साथ हैवी मेकअप लुक चुना। रेड लिपस्टिक, न्यूड आई शैडो, मस्कारा लगी लंबी पलकें और गालों पर लगे हाइलाइटर ने वाकई दीपिका को हाईलाइट कर दिया। कम एक्सेसरीज के साथ उन्होंने एमरल्ड स्टेटमेंट ड्रॉप ईयररिंग्स वियर कीं। दीपिका ने टाइट हेयर बन को इस लुक के साथ चुना। कुल मिलाकर दीपिका का यह लुक शानदार था।