Summary: रियल एस्टेट विवाद में महेश बाबू को मिला लीगल नोटिस, जानिए वजह:
साउथ सिनेमा के मेगास्टार महेश बाबू एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। इस बार मामला एक रियल एस्टेट कंपनी से जुड़ा है, जिसे अभिनेता ने कभी प्रमोट किया था। इसी प्रमोशन को लेकर अब कानूनी सवाल उठाए जा रहे हैं और उपभोक्ता आयोग की ओर से उन्हें नोटिस भेजा गया है।
Mahesh Babu Legal Trouble: साउथ फिल्मों के सुपरस्टार महेश बाबू एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। इस बार उन पर कानूनी शिकंजा कसा है, और इसकी वजह बनी है एक रियल एस्टेट कंपनी जिससे जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। अभिनेता पर सीधे तौर पर धोखाधड़ी का आरोप नहीं है, लेकिन उनकी छवि इस केस में बुरी तरह घिर गई है। तो चलिए जानते हैं आखिरकार ये विवाद है क्या।
महेश बाबू के खिलाफ डॉक्टर की शिकायत
हैदराबाद की एक महिला डॉक्टर ने रंगा रेड्डी जिला उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। उनका दावा है कि उन्होंने रियल एस्टेट कंपनी ‘साईं सूर्या डिवेलपर्स’ से प्लॉट्स खरीदे थे और इसके लिए ₹34.8 लाख रुपये की रकम अदा की थी। लेकिन जब उन्होंने साइट पर जाकर स्थिति देखी, तो वहां ऐसा कोई प्रोजेक्ट मौजूद नहीं था। डॉक्टर का कहना है कि उन्होंने यह निवेश सिर्फ इसलिए किया क्योंकि महेश बाबू ने इस कंपनी का एड किया था। अभिनेता के प्रचार से उन्हें कंपनी पर भरोसा हुआ। इसी आधार पर उन्होंने महेश बाबू को भी अपनी शिकायत में थर्ड पार्टी रिस्पांड के रूप में जोड़ा है।
लोगों को गुमराह करने का आरोप
डॉक्टर ने शिकायत में यह भी कहा गया है कि महेश बाबू ने जिस तरह इस कंपनी को प्रमोट किया, वह लोगों को गुमराह करने जैसा था। उन्होंने अपनी लोकप्रियता का इस्तेमाल करते हुए इस कंपनी की छवि को जनता के सामने सकारात्मक दिखाया, जिससे कई निवेशकों को नुकसान हुआ।
पहले भी जुड़ चुका है नाम इस घोटाले से
यह पहला मौका नहीं है जब महेश बाबू का नाम इस विवाद में आया हो। अप्रैल 2024 में ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था। मामला साईं सूर्या डिवेलपर्स और सुराणा ग्रुप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस का था। इस घोटाले के तहत ‘ग्रीन मीडोज’ नामक एक प्रोजेक्ट का भी जिक्र हुआ, जिसमें ग्राहकों को समय पर प्लॉट डिलीवर नहीं किए गए। इस प्रोजेक्ट का ब्रांड प्रमोशन महेश बाबू ने किया था और उन्हें इसके लिए लगभग ₹5.9 करोड़ रुपये नकद और चेक के रूप में भुगतान किया गया था।
महेश बाबू की छवि पर पड़ सकता है असर
भले ही महेश बाबू पर कोई सीधा अपराध का आरोप नहीं लगा हो, लेकिन जिस तरह से उनका नाम बार-बार इस विवाद में सामने आ रहा है, उससे उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंच सकता है। खासकर ब्रांड वैल्यू और दर्शकों का भरोसा इस तरह के विवादों से प्रभावित होता है।
प्रियंका चोपड़ा के साथ नई फिल्म
इन विवादों के बीच महेश बाबू इन दिनों डायरेक्टर एस एस राजामौली के साथ अपनी अगली फिल्म SSMB 29 की शूटिंग में जुटे हुए हैं। SSMB 29 एक जंगल एडवेंचर पर आधारित फिल्म है, जिसकी कहानी मशहूर लेखक विजयेंद्र प्रसाद ने लिखी है। इस फिल्म में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म ‘इंडियाना जोन्स’ जैसी स्टाइल में बनाई जा रही है और दर्शकों में इसे लेकर काफी उत्साह है।
