Lionel Messi is in India
Lionel Messi is in India

Summary: लियोनल मैसी को देखने सड़कों पर उमड़े लोग, 3 दिन रुकेंगे मैसी

लियोनल मैसी के कोलकाता आगमन ने पूरे शहर को ‘मैसी मैनिया’ में डुबो दिया, जहां ठंडी रात में भी हजारों फैंस अपने फुटबॉल हीरो की एक झलक पाने के लिए एयरपोर्ट और होटल पर जमा रहे। इस खास मौके पर बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान भी अपने बेटे अबराम के साथ मैसी से मिलने कोलकाता पहुंचे।

Messi India Tour: दिसंबर की ठिठुरती रात होने के बावजूद कोलकाता की आंखों से नींद गायब थी। वजह थी अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मैसी। वह शनिवार तड़के 2 बजकर 26 मिनट पर प्राइवेट फ्लाइट से कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरे, उस समय पूरा शहर “मैसी… मैसी…” के नाम से गूंज उठा। इंटरनेशनल अराइवल टर्मिनल के गेट नंबर 4 पर मैसी के हजारों फैंस जमा थे। हाथ में मोबाइल, कंधों पर बच्चे, सिर पर व्हाइट ब्लू अर्जेंटीना की जर्सी पहने सब अपने हीरो की एक झलक पाने को बेताब थे। 

मैसी के नाम की गूंज और ढोल-नगाड़ों की थाप वाले माहौल ने कोलकाता एयरपोर्ट को किसी स्टेडियम जैसा बना दिया था। लोग एक गेट से दूसरे गेट तक दौड़ते रहे, शायद मैसी को देखने के लिए किस्मत साथ दे जाए। ऐसे में कड़ी सुरक्षा के बीच मैसी को वीआईपी गेट से बाहर निकाला गया। भारी काफिले में उन्हें सीधे होटल ले जाया गया, जहां भी देर रात तक फैंस की भीड़ इंतजार करती रही। बैरिकेड्स, पुलिस बल और लगातार गूंजते नारे से पूरा कोलकाता मानो “मैसी मैनिया” में डूब गया था।

कोलकाता के हयात रीजेंसी होटल का नजारा भी कम रोमांचक नहीं था। लॉबी में “मैसी… मैसी…” की गूंज सुबह तक सुनाई देती रही। अर्जेंटीना के झंडे, स्कार्फ और जर्सी चारों ओर नजर आ रहे थे। कोई मां अपने बच्चे को गोद में लिए खड़ी थी, तो कोई थककर सोफे पर बैठ गया, लेकिन आंखों में चमक कम नहीं हुई थी। मैसी को होटल के सातवें फ्लोर के कमरे नंबर 730 में ठहराया गया और पूरी मंजिल को सील कर दिया गया। कुछ फैंस ने तो होटल में कमरा बुक कर लिया, बस इस उम्मीद में कि शायद लिफ्ट या गलियारे में ही अपने हीरो की झलक मिल जाए।

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख़ खान शुक्रवार देर रात लियोनल मैसी से मिलने कोलकाता पहुंच चुके हैं। कोलकाता एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन क्लिप्स में शाहरुख खान अपने छोटे बेटे अबराम के साथ देर रात एयरपोर्ट से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। जाते-जाते उन्होंने अपने फैंस  की ओर मुस्कुराकर हाथ हिलाया, जिससे वहां मौजूद फैंस का उत्साह और बढ़ गया। शाहरुख ने ब्लैक टी शर्ट के साथ व्हाइट ट्राउजर पहना हुआ था और ऊपर से जैकेट कैरी की थी। कोलकाता की ठंडी रात से बचने के लिए सिर पर बीनी कैप भी थी। 

इससे पहले गुरुवार को शाहरुख खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए खुद यह जानकारी दी थी कि वह मैसी के GOAT इंडिया टूर 2025 के कोलकाता चरण में शामिल होंगे। आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के को ओनर शाहरुख ने अपने अंदाज़ में लिखा कि इस बार उनका ध्यान ‘नाइट’ पर नहीं, बल्कि पूरी तरह ‘मैसी’ पर रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि 13 तारीख को साल्ट लेक स्टेडियम में फैंस से मुलाकात होगी। अब जब शाहरुख खान कोलकाता पहुंच चुके हैं।

फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े स्टार्स में से एक लियोनल मैसी दिसंबर 2025 में भारत के चार प्रमुख शहरों का दौरा कर रहे हैं। वह पहले दिन कोलकाता, 13 दिसंबर 2025 शनिवार पहुंचे हैं। साल्ट लेक स्टेडियम में विशेष इवेंट के साथ मैसी के स्टैच्यू का अनावरण और फुटबॉल से जुड़ी हस्तियों और मशहूर मेहमानों से मुलाकात तय है। दूसरे दिन हैदराबाद, 14 दिसंबर 2025 रविवार को राज्य सरकार और खेल अधिकारियों से मुलाकात, युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ इंटरैक्शन और फुटबॉल डेवलपमेंट से जुड़े कार्यक्रम को तय किया गया है।

तीसरे दिन मुंबई, 15 दिसंबर 2025 सोमवार को दिन में उद्योग जगत के बड़े लोगों से मुलाकात, बॉलीवुड सेलेब्स  के साथ कार्यक्रम और फुटबॉल ब्रांड और प्रायोजकों के साथ इवेंट है। चौथे और अंतिम दिन दिल्ली, 15 दिसंबर 2025 सोमवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात, खेल मंत्रालय और अधिकारियों के साथ बैठक के साथ ही भारत में फुटबॉल के विकास को लेकर चर्चा शामिल है। 

विश्व कप जीतने और आठवां बैलन डी’ऑर हासिल करने के बाद यह मैसी का भारत आगमन है। उनके आने से भारतीय फुटबॉल को ग्लोबल लेवल पर पहचान मिलने की उम्मीद की जा रही है। भारत में फुटबॉल इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम साबित हो सकता है। 

स्पर्धा रानी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्रीराम कॉलेज ने हिन्दी में एमए और वाईएमसीए से जर्नलिज़्म की पढ़ाई की है। बीते 20 वर्षों से वे लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट लेखन में सक्रिय हैं। अपने करियर में कई प्रमुख सेलिब्रिटीज़ के इंटरव्यू...