जानें विजय देवरकोंडा और सामंथा रुथ प्रभु की 'कुशी' देखकर दर्शक हुए कितने खुश: Kushi Movie Review
Kushi Movie Review

Kushi Movie Review: साउथ सिनेमा के दो दिग्गज कलाकारों विजय देवरकोंडा और सामंथा रुथ प्रभु स्टारर फिल्म ‘कुशी’ 1 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म के रिलीज होने के साथ ही इस फिल्म ने इंटरनेट पर ट्रेंड करना शुरू कर दिया। लंबे समय से दर्शक इस जोड़ी की फिल्म देखने का इंतजार कर रहे थे और जैसे ही फिल्म रिलीज हुई, दर्शकों के रिएक्शन भी सामने आने लगे। चलिए हम भी जानते हैं कैसी है विजय देवरकोंडा और सामंथा रुथ प्रभु की यह मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘कुशी’। 

सैकड़ों स्क्रीन्स पर हुई रिलीज

फिल्म ‘कुशी’ तमिलनाडु के 250 सिनेमाघरों में आज रिलीज की गई है। वहीं तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के करीब 750 सिनेमाघरों में इसे आज रिलीज किया गया है। ऐसे में साउथ में इस फिल्म को करीब 1000 स्क्रीन्स मिली हैं। यह फिल्म तेलुगु, तमिल और हिंदी में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। हालांकि सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर’ की धमाकेदार कमाई का असर कुशी की कमाई पर पड़ सकता है। आपको बता दें कि विजय और सामंथा दोनों को ही एक हिट फिल्म की फिलहाल काफी जरूरत है। विजय देवरकोंडा और सामंथा की पिछली कई फिल्में बहुत ज्यादा सफल नहीं हो पाई हैं। वहीं विजय देवरकोंडा की फिल्म ‘लाइगर’ और सामंथा की बिग बजट फिल्म ‘शकुंतलम’ दोनों ही अपना जादू नहीं चला पाईं। इसलिए दोनों को ही एक हिट की जरूरत है।  

ऐसा रहा दर्शकों का रिएक्शन 

अब बात करते हैं कुशी के पहले रिव्यू की। प्यार, इमोशन, एक्शन और कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म को दर्शकों का मिलाजुला रिव्यू मिला है। शिव निर्वाण द्वारा निर्देशित इस फिल्म में विजय और सामंथा की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को पसंद आई है। सोशल मीडिया पर दर्शक इस फिल्म पर प्यार लुटा रहे हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने लिखा कि यह एक पारिवारिक मनोरंजन फिल्म है। शिव निर्वाण की यह फिल्म मनोरंजन से भरपूर है। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा है कि यह फिल्म देखकर आपके आंसू आ जाएंगे। यह फिल्म आपको खुश कर देगी। 

दिल जीत लेगी कश्मीर की खूबसूरती 

माइथ्री मूवी मेकर्स की इस फिल्म के शुरुआती हिस्से को कश्मीर की खूबसूरत वादियों में शूट किया गया है। जिसके सीन्स दर्शकों के दिल को छू जाएंगे। हालांकि कुछ यूजर्स का यह भी कहना है कि फिल्म की गति बीच—बीच में धीमी हो जाती है। वहीं कुछ यूजर्स को इसका क्लाइमेक्स कुछ खास पसंद नहीं आया है तो कुछ यूजर्स इसकी तारीफ कर रहे हैं। विजय और सामंथा की जोड़ी दर्शकों को पसंद आ रही है। आपको बता दें कि इस फिल्म में विजय और सामंथा के साथ राहुल रामकृष्ण, सचिन खेडेकर,वेनेला किशोर और मुरली शर्मा अहम भूमिकाओं में हैं।  

ये है फिल्म की कहानी 

फिल्म की कहानी एक ऐसे कपल पर बनी है जो अपने पेरेंट्स की मर्जी के बिना इंटरकास्ट मैरिज करते हैं। उन्हें यकीन था कि वे अपने प्यार से सब ठीक कर देंगे। लेकिन शादी के बाद सबकुछ वैसा नहीं होता, जैसा वे सोचते हैं। कुल मिलाकर रिश्तों और इमोशन के ये ताने—बाने दर्शकों को पसंद आएंगे। ड्रामा इस तरीके से गढ़ा गया है कि लोग इससे जुड़ जाते हैं। विजय और सामंथा की केमिस्ट्री भी दर्शकों को पसंद आ रही है।