Jaat Box Office: सनी देओल की फिल्म ‘जाट’ ने कमाल कर दिया है। ‘जाट’ अब तक उनकी दूसरी सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। यह फिल्म अब ₹100 करोड़ कमाई के आंकड़े के करीब पहुंच रही है। इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, ‘जाट’ ने रिलीज़ के 14वें दिन यानी बुधवार को ₹1.79 करोड़ की कमाई की। ये मंगलवार के मुकाबले थोड़ी गिरावट है, लेकिन रात के शोज़ काफी अच्छे रहे हैं। अब तक जाट ने भारतीय सिनेमाघरों में ₹80.50 करोड़ की कुल कमाई कर ली है। हालांकि ये आंकड़े अंतिम नहीं हैं, फिर भी यह फिल्म सनी देओल के करियर की दूसरी सबसे बड़ी कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। सनी देओल की अब तक की सबसे बड़ी हिट गदर 2 रही है। लगभग सालभर पहले आई इस फिल्म ने ₹525.7 करोड़ की बंपर कमाई की थी।
‘जाट’ अभिनेता रणदीप हुड्डा के करियर की भी दूसरी सबसे सफल फिल्म बन गई है। रणदीप ने इस फिल्म में खलनायक की भूमिका निभाई है। फिल्म ने अब अपने दूसरे हफ्ते का प्रदर्शन पूरा कर लिया है। बुधवार को जाट की ऑक्यूपेंसी यानी दर्शकों की उपस्थिति 9% रही।
जाट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन वर्ल्डवाइड
हाल ही में फिल्म के निर्माताओं ने घोषणा की कि जाट ने दुनिया भर में ₹102.13 करोड़ की कमाई कर ली है। माइथ्री मूवी मेकर्स ने अपने एक्स हैंडल पर ये जानकारी साझा की, “जनता के लिए बनाए गए मसाला कमर्शियल सिनेमा का जश्न जारी है। सिंगल स्क्रीन के लिए यह एक दावत बनी हुई है। #JAAT ने वर्ल्डवाइड 102.13 करोड़ रुपए की ग्रॉस कमाई की है”।
बाद में Sacnilk ने अपनी वेबसाइट पर लिखा, “जाट सनी देओल के लिए गदर 2: द कथा कंटीन्यूज के बाद दूसरी लगातार हिट साबित हुई है। गदर 2 से पहले, उनकी केवल एक ही फिल्म गदर: एक प्रेम कथा थी जिसने बिना महंगाई को ध्यान में रखते हुए वर्ल्डवाइड ₹132+ करोड़ की कमाई की थी।”
बता दें कि ‘जाट’ का निर्देशन गोपीचंद मालिनेनी ने किया है और इसे माइथ्री मूवी मेकर्स और पीपल मीडिया फैक्ट्री ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म में सनी देओल और रणदीप हुड्डा के अलावा विनीत कुमार सिंह, रेजिना कैसेंड्रा और सैयामी खेर भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 10 अप्रैल को रिलीज़ हुई थी।
जल्द आएगी ‘जाट 2’
‘जाट’ का सीक्वल भी आना तय हो चुका है। सनी देओल ने पुष्टि करते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वे एक शांत और सुंदर घाटी में टहलते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में वे कहते हैं: “आप सबने मेरी फिल्म जाट को जो प्यार दिया है, उसके लिए धन्यवाद। मैं वादा करता हूं कि ‘जाट 2’ उससे भी बेहतर होगी।” उन्होंने यह भी बताया कि वे जल्द ही अपनी अगली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग शुरू करेंगे। इस वीडियों के कैप्शन में सनी ने लिखा: “आप सभी का जाट और सिनेमा के लिए जो प्यार है, वो मुझे भावुक कर देता है। आपके बनाए गए वीडियो देखकर बहुत खुशी मिलती है। उन्हें मुझे भेजते रहिए, आपका प्यार और भावना ही जाट को एक सफलता बना रहे हैं।”
