Ishita and Vatsal Baby: बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के मशहूर और चहेते कपल्स में से एक इशिता दत्ता और वत्सल सेठ के घर बड़ी खुशखबरी आई है। इस कपल ने हाल ही में अपने घर पर नन्हें मेहमान का स्वागत किया है। जी हां, एक्ट्रेस इशिता दत्ता ने बुधवार को एक बेटे को जन्म दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
कपल शेयर करता रहा हैप्पी मूवमेंट्स
इस पावर कपल के पेरेंट्स बनने की जानकारी जैसे ही वायरल हुई, वैसे ही इस कपल को बधाइयां मिलने का दौर शुरू हो गया। इस क्यूट कपल ने 31 मई को यह जानकारी शेयर की थी कि वे बच्चे का स्वागत करने जा रहे हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘बेबी ऑन बोर्ड’। अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान 32 वर्षीय इशिता सोशल मीडिया पर पूरी तरह से एक्टिव रहीं। यह कपल लगातार वीडियो, रील्स और अपडेट्स अपने फैंस के साथ शेयर कर रहे थे। वहीं इशिता ने ग्लैमरस फोटोशूट भी करवाया था। इसी के साथ इशिता की गोद भराई की कई तस्वीरें भी सामने आई थीं। जिसमें वह ट्रेडिशनल लुक में नजर आईं। दोनों ने इस खास मौके की और रस्मों की जानकारी भी अपने फैंस के साथ शेयर कीं। आपको बता दें कि इशिता और वत्सल दोनों की ही सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर बड़ी फैन फॉलोइंग है। इंस्टाग्राम पर इशिता के 2.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं वत्सल सेठ की इंस्टाग्राम फैन फॉलोइंग 729 हजार है।
पूर्व मिस इंडिया बनीं मौसी
आपको बता दें कि इशिता और वत्सल का प्यार टीवी शो ‘रिश्तों का सौदागर-बाजीगर’ की शूटिंग के दौरान परवान चढ़ा। दोनों 28 नवंबर, 2017 में शादी के बंधन में बंधे। आपको बता दें कि इशिता की बड़ी बहन तनुश्री दत्ता मौसी बन गई हैं। तनुश्री पूर्व मिस इंडिया रह चुकी हैं। और उन्होंने कई फिल्मों में लीड रोल भी निभाया। हालांकि उनका करियर लंबा नहीं चल सका। कुछ सालों पहले बॉलीवुड में चले ‘मी टू’ मूवमेंट का मुद्दा तनुश्री ने जोरशोर से उठाया था। इतना ही नहीं उन्होंने एक दिग्गज अभिनेता पर आरोप भी लगाए थे।
इसलिए करीब हैं अजय देवगन और काजोल
इशिता और वत्सल दोनों ही अजय देवगन और काजोल के करीबी माने जाते हैं। इशिता की गोद भराई में काजोल भी शामिल हुई थीं। आपको बता दें कि इशिता ने अजय देवगन स्टारर फिल्म ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ दोनों में ही अहम रोल निभाया था। फिल्म में इशिता ने अजय की बड़ी बेटी अंजू का अहम रोल निभाया था। वहीं वत्सल ने अपना बॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘टार्जन’ से किया था, जिसमें वह अजय देवगन के बेटे के रोल में नजर आए थे। फिलहाल वत्सल ने अपनी पहली गुजराती फिल्म की शूटिंग पूरी की है। यह एक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म होगी।