Summary: WWE के 'सुपरहीरो' हल्क होगन की ज़िंदगी से जुड़ी हैरान कर देने वाली बातें
रेसलिंग की दुनिया के दिग्गज और WWE के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में शुमार हल्क होगन का 24 जुलाई को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 71 साल की उम्र में अंतिम सांस लेने वाले होगन का असली नाम टेरी जीन बोलिया था। सिर्फ रिंग में ही नहीं, बल्कि 1980 और 90 के दशक में वह अमेरिकी पॉप कल्चर के भी चमकते सितारे बन गए थे।
Who is Hulk Hogan: रेसलिंग की दुनिया में मशहूर WWE सुपरस्टार हल्क होगन, जिनका असली नाम टेरी जीन बोलिया था, उनका 24 जुलाई को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 71 वर्षीय होगन ना केवल रिंग के हीरो थे, बल्कि 1980 और 90 के दशक में वे अमेरिकी पॉप कल्चर का भी अहम हिस्सा बन गए थे। WWE ने भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर होगन को श्रद्धांजलि दी है और उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। होगन के जीवन से जुड़ी कई रोचक बातें हैं, जो शायद कम ही लोग जानते होंगे। आइए, एक नजर डालते हैं उनकी जिंदगी के कुछ खास बातों पर।
रेसलिंग की दुनिया के सबसे चमकते सितारे
हल्क होगन WWE के इतिहास के सबसे बड़े रेसलर्स में से एक माने जाते हैं। 1985 में पहले रेसलमेनिया का आयोजन हुआ और होगन इस इवेंट का मुख्य चेहरा बने। उन्होंने आंद्रे द जाइंट, रैंडी सैवेज, द रॉक और यहां तक कि विंस मैकमोहन जैसे दिग्गजों के साथ रिंग शरीर की। अपने करियर के शुरुआती दिनों में हल्क होगन चेहरे पर मास्क पहन कर कुश्ती लड़ते थे। उन्होंने 1977 में कुश्ती करना शुरू किया। उनके नाम 6 बार WWE चैंपियन बनने का रिकॉर्ड दर्ज है। 2005 में हॉलीवुड एक्टर सिल्वेस्टर स्टेलोन ने उन्हें WWE हॉल ऑफ फेम में शामिल किया था। इसके बाद वे 2020 में एक बार फिर न्यू वर्ल्ड ऑर्डर के सदस्य के तौर पर हॉल ऑफ फेम में शामिल किए गए, जिसकी उन्होंने सह-स्थापना की थी।
होगन थे ग्लोबल आइकन
हल्क होगन की पॉपुलैरिटी सिर्फ रिंग तक सीमित नहीं रही। उन्होंने कई हॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया और VH1 पर उनके जीवन पर बेस्ड रियलिटी शो Hogan Knows Best ने भी खूब सुर्खियां हासिल की। उनकी भारी-भरकम आवाज़, स्टाइलिंग आउटफिट, और हलकमेनिया का जुनून दुनिया भर के युवाओं को रेसलिंग से जोड़ने में सफल रहा। 1996 में उन्होंने खुद को ‘हॉलीवुड होगन’ के रूप में रीब्रांड किया और रेसलिंग में एक खलनायक की भूमिका निभाने लगे। यह कदम उस समय काफी बोल्ड माना गया।
विवादों में भी रहे हल्क होगन
हल्क होगन की लाइफ केवल ग्लैमर से भरा नहीं था। 2012 में उन्होंने एक वेबसाइट गॉकर के खिलाफ मुकदमा दायर किया, जिसने उनकी एक प्राइवेट वीडियो पब्लिश की थी। इस वीडियो में होगन को कंट्रोवर्सियल और नस्लभेदी लैंग्वेज का इस्तेमाल करते हुए देखा गया। इस मामले ने उन्हें विवादों के घेरे में ला खड़ा किया। इस मुकदमे में उन्होंने 140 मिलियन डॉलर का दावा किया, जिसके बाद मामला 31 मिलियन डॉलर में सुलझा और गॉकर को दिवालिया घोषित कर दिया गया। इस विवाद के चलते WWE ने 2015 में उन्हें हॉल ऑफ फेम से हटा दिया था। फिर बाद में उन्हें ये उपाधि दुबारा मिली थी। इसके अलावा उन्होंने अपने से उम्र में 25 साल छोटी लड़की से शादी करके भी खूबसूरत बटोरी थी।
