स्पेस में कैसे कपड़े बदलते हैं एस्ट्रोनॉट्स? वीडियो देख हैरान रह जाएंगे आप
हाल ही में नासा के अंतरिक्ष यात्री डॉन पेटिट ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह जीरो ग्रेविटी में अपनी पतलून पहनने का अनोखा तरीका दिखा रहे हैं। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है और यूजर्स इसकी खूब सराहना कर रहे हैं।
Space Viral News: पिछले कई दिनों से भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसी हुई हैं। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन और अंतरिक्ष की अक्सर बात होती रहती है। ऐसे में एक बड़ा सवाल ये उठता है कि अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में कैसे रहते हैं, अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष की लाइफ को मजेदार बनाते हैं। यहां तक कि उनके कपड़े पहनने का तरीका भी काफी अलग और मजेदार होता है। हाल ही में नासा के अंतरिक्ष यात्री डॉन पेटिट ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह जीरो ग्रेविटी में अपनी पतलून पहनने का अनोखा तरीका दिखा रहे हैं। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है और यूजर्स इसकी खूब सराहना कर रहे हैं।
अंतरिक्ष में इस तरह कपड़े बदलते हैं एस्ट्रोनॉट्स
दरअसल, वीडिया की शुरुआत में अंतरिक्ष स्टेशन के अंदर नजारा दिखता है। आप देख सकते हैं कि एक पैंट हवा में खड़ी होती है। एक सहारे की मदद से अपनी दोनों टांगों को एक साथ पतलून के सांचों में डालते हैं। इस मजेदार दृश्य में वह बड़े आराम से और शान से अपनी पतलून पहनते हैं, जैसे यह कोई रोज़मर्रा का काम हो। वीडियो में उन्होंने बस इतना ही लिखा है, “एक बार में दो पैर,” जो उनके इस अद्भुत प्रयास को दर्शाता है। अंतरिक्ष में जीरो ग्रेविटी में हर दिन के काम भी मुश्किल हो जाते हैं। अंतरिक्ष में ब्रश करना, नहाना, कपड़े बदलना और पानी पीना भी कठिन होता है। अंतरिक्ष यात्रियों के अक्सर ऐसे वीडियो देखने को मिलते हैं, जिनमें स्पेस स्टेशन की रोजमर्रा की जिंदगी दिखाई देती है।
यूजर्स ने वीडियो पर किए मजेदार कमेंट
सोशल मीडिया पर अब यह वीडियो काफी वायरल हो गया है। वीडियो के वायरल होने के बाद यूजर्स ने इसे लेकर तरह-तरह के मजेदार कमेंट्स किए हैं। एक यूजर ने लिखा, “ये तो किसी फिल्म के सीन जैसा लग रहा है,” जबकि दूसरे यूजर ने मजाक में कहा, “काश ऐसा धरती पर भी हो,” और एक और यूजर ने चेतावनी देते हुए कहा, “ज्यादा हवा में मत उड़ो भाई, आना तो जमीन पर ही है.”
Two legs at a time! pic.twitter.com/EHDOkIBigA
— Don Pettit (@astro_Pettit) February 21, 2025
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब डॉन पेटिट ने इस तरह का कोई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया हो। वह अक्सर इस तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं और जिसमें दिखाई देता है कि अंतरिक्ष स्टेशन की जिंदगी पृ्थ्वी कितनी अलग है। कुछ दिनों पहले उन्होंने एक और वीडियो शेयर किया था, जिसमें कैमरे का लेंस बदलते हुए देखा गया था।
नासा के लिए चुने गए थे डॉन पेटिट

बता दें कि डॉन पेटिट एक अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री, रसायन इंजीनियर और आविष्कारक हैं। पेटिट की उम्र 70 साल है। डॉन पेटिट ने एरिजोना विश्वविद्यालय से केमिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की है। साथ ही वह कई महत्वपूर्ण अंतरिक्ष मिशनों में शामिल रहे हैं। वह केमिकल इंजीनियर और अनुभवी अमेरिकी एस्ट्रोनॉट हैं। वे एक ऐसे ग्रुप का हिस्सा थे, जिसे चंद्रमा पर वापसी और मंगल ग्रह की खोज के लिए तकनीक विकसित करने का जिम्मा सौंपा गया था। साल 2003 में उन्होंने अपना पहला मिशन पूरा किया। इसके बाद 2008 में दूसरा और 2012 में तीसरा मिशन पूरा किया।
