Overview:
हर्षाली मल्होत्रा साउथ सिनेमा में धमाल मचाने जा रही हैं। वह नंदमुरी बालकृष्ण के साथ फिल्म 'अखंडा 2' में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
Harshaali Malhotra in Akhanda 2 : सलमान खान की फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ में मुन्नी का मासूम किरदार आज भी लोग भुला नहीं पाए हैं। फिल्म में यह किरदार 7 साल की हर्षाली मल्होत्रा ने निभाया था। अब हर्षाली मल्होत्रा साउथ सिनेमा में धमाल मचाने जा रही हैं। वह नंदमुरी बालकृष्ण के साथ फिल्म ‘अखंडा 2‘ में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म से हर्षाली का फर्स्ट लुक हाल ही में रिलीज हुआ। जिसे देखने के बाद उनके फैंस बेहद खुश हैं।
17 साल की उम्र में मिला बड़ा रोल
हर्षाली मल्होत्रा अब 17 साल की हो चुकी हैं। इस कम उम्र में वह साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अपने अभिनय का जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। फिल्म ‘अखंडा 2’ में हर्षाली जननी नाम की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर हाल ही में जारी किया गया, जिसमें हर्षाली पीले रंग के लहंगे में दिखाई दे रही हैं। उनका लुक काफी आकर्षक और रॉयल लग रहा है। आपको बता दें हर्षाली एक बेहतरीन डांसर हैं और अक्सर अपने वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट करती हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 3.5 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
फैंस ने किया दिल खोल कर स्वागत
‘अखंडा 2’ में हर्षाली का लुक रिलीज होने के बाद उनके फैंस बेहद खुश हैं। सोशल मीडिया पर फैंस उनके नए लुक की तारीफ कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा, ‘मुन्नी इज बैक! हर्षाली मल्होत्रा ने बजरंगी भाईजान में सबका दिल जीता था, अब वह अखंडा 2 में भी अपना जलवा दिखाएंगी।’ वहीं एक अन्य फैन ने लिखा, ‘लंबे समय बाद हर्षाली पर्दे पर लौट रही हैं। मैं उन्हें जननी के किरदार में देखने के लिए बहुत एक्साइटेड हूं।’ वहीं अधिकांश फैंस का कहना है कि वे फिल्म अखंड 2 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं कुछ फैंस ने लिखा है कि मुन्नी कितनी बड़ी हो गई है, बजरंगी भाईजान इतनी सी थी। एक फैन ने लिखा कि मेहनत का फल हमेशा मीठा होता है।
नंदमुरी बालकृष्ण के साथ आएंगी नजर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अखंडा 2 में हर्षाली नंदमुरी बालकृष्ण की बेटी का किरदार निभाएंगी। यह फिल्म ‘अखंडा’ का सीक्वल है, जो साल 2021 में रिलीज हुई थी। यह फिल्म सुपरहिट रही थी। अखंडा ने वर्ल्ड वाइड करीब 150 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था। इसी के साथ यह साल 2021 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तेलुगू फिल्म बनी थी। फैंस को पूरी उम्मीद है कि अखंडा 2 भी अपने पहले पार्ट की तरह बॉक्स ऑफिस पर जमकर धमाल मचाएगी।
फिल्म की रिलीज डेट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ‘अखंडा 2’ इसी साल 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को दशहरे की छुट्टियों का पूरा फायदा मिलने की भी उम्मीद है। इस फिल्म में दर्शकों को एक्शन और ड्रामा दोनों का तड़का देखने को मिलेगा। चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाली हर्षाली मल्होत्रा का करियर अब नए मोड़ पर है। अखंड 2 से वह नई पहचान हासिल कर सकती हैं।
