Summary: मिठाई, हंसी और यादगार पल, पीएम मोदी के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खास मुलाकात
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपनी पहली ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस मुलाकात में हंसी-मजाक, यादगार पलों और व्यक्तिगत बातचीत का मिश्रण देखने को मिला। हरलीन देओल के प्रधानमंत्री से उनके “ग्लो का राज” पूछने पर टीम हंसी में डूब गई।
ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम गर्व से रोशन करने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम पीएम मोदी से मुलाकात करने पहुंची। टीम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक आवास, लोक कल्याण मार्ग, नई दिल्ली में मिलने का विशेष निमंत्रण मिला। महिला क्रिकेटरों ने बुधवार को पीएम मोदी से मुलाकात की, जो हंसी-खुशी से भरी हुई थी। इसी मुलाकात में बल्लेबाज हरलीन देओल ने पीएम मोदी से ऐसा सवाल कर लिया कि सबके चेहरों पर मुस्कान दौड़ गई। हरलीन ने पूछा कि पीएम मोदी के चेहरे के इतने चमकने के पीछे का क्या राज है।
पीएम मोदी से हरलीन देओल का मस्ती भरा सवाल
पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान कई हल्के-फुल्के और यादगार पल भी सामने आए। बल्लेबाज हरलीन देओल ने सीधे-सीधे पीएम से उनकी स्किनकेयर रूटीन के बारे में सवाल किया। मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा, “आप बहुत ग्लो करते हैं सर।” पीएम मोदी ने मजाक में जवाब दिया कि उन्होंने इस विषय पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इसके बाद ऑफ स्पिनर स्नेह राणा ने कहा कि यह सब देशवासियों के प्यार का असर है।
हेड कोच ने सुनाया यादगार किस्सा
इस मौके पर हेड कोच आमूल मजूमदार ने भी पीएम मोदी से कहा कि सर आपने देखा सवाल कैसे आते हैं। अलग अलग कैरेक्टर्स हैं। पिछले दो साल से इनक हेड कोच हूं, मेरे बाल सफेद हो गए हैं।” बस यह सुनते ही पीएम मोदी के साथ पूरी टीम हंसने लगी।
अमोल मजुमदार ने भी एक यादगार किस्सा शेयर करते हुए बताया कि जून में इंग्लैंड की यात्रा के दौरान टीम ने किंग चार्ल्स से मुलाकात की थी, लेकिन प्रोटोकॉल के कारण केवल 20 लोग ही फोटो खिंचवा पाए थे। इस पर सपोर्ट स्टाफ निराश हुए, लेकिन उन्होंने जीत की कल्पना की और इस बार पीएम मोदी के साथ फोटो लेने की इच्छा जताई थी।
हर खिलाड़ी की फेवरेट डिश जानते हैं पीएम मोदी
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 में पीएम मोदी से मुलाकात की याद ताजा की और कहा कि इस बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ उनसे मिलना अनुभव को और भी खास बना देता है। उप कप्तान स्मृति मंधाना ने भी पीएम के प्रेरक प्रभाव पर प्रकाश डाला, जो देश भर की लड़कियों को सपने पूरे करने की हिम्मत देता है। इस मुलाकात का एक विशेष पल तब आया जब पीएम ने दीप्ति के हाथ पर बने हनुमान टैटू को नोट किया और पूछा कि उनका यह विश्वास खेल और जीवन में कैसे मदद करता है। दीप्ति ने बताया कि उनका हनुमान में विश्वास गहरा है। प्रधानमंत्री ने दीप्ति से मजाक में पूछा कि मैदान में उनकी ‘दादागिरी’ कितनी प्रभावशाली है। इस पर दीप्ति ने हंसते हुए कहा कि असल में ऐसा कुछ नहीं है, बस थ्रो का थोड़ा डर रहता है। पीएम मोदी को लगभग हर खिलाड़ी की फेवरेट डिश पता थी और यही वजह है कि सबकी पसंद की खाने की चीजें वहां मौजूद थीं।
एक और प्यारा पल तब आया जब पीएम ने देखा कि चोटिल बल्लेबाज प्रतिका रावल कुछ ले नहीं रही हैं। उन्होंने उन्हें खुद एक क्रीम कोन पकड़ा दी और कहा कि “मैं दे रहा हूं, लेकिन आपको पसंद तो है न?” इस हल्के-फुल्के संवाद ने खिलाड़ियों को खूब हंसाया।
पीएम मोदी को उपहार में दिया साइन की हुई जर्सी
मुलाकात के अंत में विश्व कप जीतने वाली टीम ने पीएम मोदी को ‘Namo 1’ लिखा हुआ साइन किया हुआ जर्सी भेंट किया और उसके बाद सभी ने मिलकर ग्रुप फोटो क्लिक करवाई। इस यादगार अवसर के बाद टीम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने के लिए राष्ट्रपति भवन भी गई।
