Durlabh Prasad Ki Doosri Shadi Teaser Out
Durlabh Prasad Ki Doosri Shadi Teaser Out

Summary: “दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी” के टीजर में हंसी और पुराने जमाने की शादी का स्वाद

"दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी" एक हल्की-फुल्की, भावुक और मनोरंजक फिल्म लगती है, जिसमें संजय मिश्रा और महिमा चौधरी की स्वाभाविक केमिस्ट्री नजर आ रही है। फिल्म के टीजर में ह्यूमर के साथ रिश्तों की गर्माहट का सुंदर मिश्रण है।

Durlabh Prasad ki Dusri Shadi: बॉलीवुड की दुनिया में कभी-कभी कुछ पल ऐसे सामने आते हैं, जो सोशल मीडिया पर हलचल मचा देते हैं। हाल ही में ऐसा ही हुआ था जब महिमा चौधरी और संजय मिश्रा की ब्राइडल वियर में तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए थे। लोग सोचने लगे कि क्या वाकई दोनों ने चुपचाप शादी कर ली है या फिर किसी नए प्रोजेक्ट की तैयारी चल रही है। लेकिन जल्दी ही यह राज खुल गया कि यह सब उनकी आने वाली रोमांटिक कॉमेडी “दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी” के प्रमोशन का हिस्सा था। अब इस फिल्म का टीजर भी रिलीज हो गया है। 

YouTube video

फिल्म “दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी” का टीजर रिलीज हो चुका है, जिसमें साफ नजर आ रहा है कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भावनाओं और ह्यूमर से भरी एक मीठी कहानी भी है। इस 1 मिनट 10 सेकेंड के टीजर में महिमा और संजय मिश्रा की केमिस्ट्री बेहद नॉर्मल है और सबका ध्यान अपनी ओर खींचती है। दोनों एक्टर्स अपनी-अपनी भूमिकाओं में इतने नैचुरल लग रहे हैं कि दर्शक तुरंत कहानी के माहौल में उतर जाते हैं।

इस फिल्म के टीजर की शुरुआत एक मजेदार दृश्य से होती है, जहां दुर्लभ प्रसाद दिल से प्रार्थना कर रहे हैं कि उन्हें दूसरी शादी के लिए एक सुशिक्षित और सुंदर पत्नी मिले। और जैसे किस्मत उनकी पुकार सुन लेती है, महिमा चौधरी का किरदार अगले ही पल उनकी जिंदगी में कदम रख देता है। इस सीन में मासूमियत और हल्के-फुल्के ह्यूमर का सुंदर मिश्रण दिखाई देता है, जो फिल्म के टोन को तुरंत सेट कर देता है।

जब संजय मिश्रा को उनका बेटा आकार कहता है कि मां मिल गई तो संजय मिश्रा अपने खास अंदाज में एक डायलॉग कहते हैं, “ना हम क्यों जाए देखने, हम लड़के वाले हैं… मां को ही बोलो यहां आए हमें देखने!” यह लाइन अपने आप में इतनी आसान लेकिन असरदार है कि दर्शकों के चेहरे पर मुस्कुराहट आना तय है। आगे के सीन में श्रीकांत वर्मा पूछते हैं कि देखने में कैसी है तो संजय अपने सहज अंदाज में कहते हैं महिमा चौधरी है। 

टीजर में आगे चलते हुए एक गाने को शामिल किया गया है, “अरे बाबूजी करने चले हैं बियाह”। यह पूरे माहौल में एनर्जी और हलचल भर देता है। यह गाना पुराने समय के बारात वाले उत्साह की याद दिला देता है, जब शादी सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि पूरे मोहल्ले का त्यौहार बन जाया करती थी।

फिल्म “दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी” का निर्देशन सिद्धांत राज सिंह ने किया है और इसे एकांश बच्चन व हर्षा बच्चन ने प्रोड्यूस किया है। रमीत ठाकुर इसके को प्रोड्यूसर हैं। एक्टर्स की टीम में महिमा चौधरी और संजय मिश्रा के साथ व्योम यादव, पल्लक लालवानी, प्रवीन सिंह सिसोदिया, नवनी परिहार और श्रीकांत वर्मा भी शामिल हैं। 

“दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी” 19 दिसंबर को थिएटर में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की पहला झलक देखकर लगता है कि यह कहानी उन दर्शकों के दिलों को छू जाएगी, जिन्हें परिवार, रिश्ते, दूसरी पारी और जीवन को नए सिरे से देखने वाली कहानियां पसंद आती हैं। इसकी कहानी को मिडिल क्लास में बुना गया है। 

स्पर्धा रानी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्रीराम कॉलेज ने हिन्दी में एमए और वाईएमसीए से जर्नलिज़्म की पढ़ाई की है। बीते 20 वर्षों से वे लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट लेखन में सक्रिय हैं। अपने करियर में कई प्रमुख सेलिब्रिटीज़ के इंटरव्यू...