Filmfare Awards 2023: मुंबई में गुरुवार रात 68वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2023 का आयोजन हुआ। इस अवॉर्ड नाइट के रेड कारपेट पर फैशन के जलवे देखने को मिले। जाह्नवी कपूर से लेकर रकुल प्रीत, आलिया भट्ट, काजोल, रेखा, दीया मिर्जा बेहद खूबसूरत अंदाज में अवॉर्ड नाइट में पहुंचीं। टाइगर श्रॉफ, विक्की कौशल, जाह्नवी और जैकलीन फर्नांडीज की परफॉर्मेंस ने इस रात को और भी खास बना दिया। फिल्मफेयर अवॉर्ड में इस बार आलिया भट्ट की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी ने बाजी मारी और कई पुरस्कार अपने नाम किए। वहीं राजकुमार राव व भूमि पेडनेकर की फिल्म बधाई दो ने कई अवॉर्ड जीते।
गंगूबाई काठियावाड़ी के नाम ये खिताब
एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अब महिला प्रधान फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा सकती हैं। फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी को बेस्ट फिल्म के साथ ही कुल 10 अवॉर्ड मिले। इस फिल्म के लिए आलिया भट्ट को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया। साथ ही संजय लीला भंसाली को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का खिताब मिला। बेस्ट डायलॉग, बैकग्राउंड स्कोर, बेस्ट कॉस्टयूम, बेस्ट सिनेमेटोग्राफी, बेस्ट कोरियोग्राफर सहित आर डी बर्मन पुरस्कार भी इस फिल्म ने अपने नाम किया। फिल्म की लीडिंग एक्ट्रेस आलिया इस अवॉर्ड नाइट में सबसे ज्यादा चमकती नजर आई। ब्लैक कलर के ऑफ शोल्डर टेल गाउन में पहुंची आलिया ने हमेशा की तरह मिनिमम मेकअप लुक चुना। एक्सेसरीज के तौर पर उन्हें ब्लैक स्टर्ड पहनकर अपना लुक कंप्लीट किया।
भूमि को ‘बधाई दो’
फिल्मफेयर अवॉर्ड में फिल्म बधाई दो की भी धूम नजर आई। इस फिल्म के लीड हीरो राजकुमार राव को बेस्ट एक्टर चुना गया। वहीं बेस्ट एक्ट्रेस क्रिटिक्स फीमेल का खिताब भूमि पेडनेकर ने अपने नाम किया। इसके साथ ही बधाई दो ने कई और अवॉर्ड्स भी अपने नाम किए। फिल्म की एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर इस अवॉर्ड नाइट में बहुत ही अलग अंदाज के व्हाइट गाउन में पहुंचीं। भूमि ने नो ज्वेलरी लुक को चुना। डेवी मेकअप के साथ उन्होंने स्मोकी आई मेकअप से अपना लुक कंप्लीट किया।
केसरिया इश्क में रंगे ये
फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में इस बार बेस्ट एक्ट्रेस क्रिटिक्स में दो अभिनेत्रियों को पुरस्कार दिए गए। बधाई दो के लिए भूमि पेडनेकर को और भूल भुलैया 2 के लिए तब्बू को। इसी के साथ बेस्ट एक्टर इन सपोर्टिंग रोल फीमेल का अवॉर्ड शीबा चड्ढा को फिल्म बधाई दो के लिए दिया गया। बेस्ट लिरिक्स का अवॉर्ड फिल्म ब्रह्मास्त्र के सॉन्ग केसरिया के लिए अमिताभ भट्टाचार्य को मिला। इसी फिल्म के लिए बेस्ट म्यूजिक एलबम का पुरस्कार प्रीतम को और केसरिया सॉन्ग के लिए बेस्ट प्लेबैक सिंगर मेल का खिताब अरिजीत सिंह को दिया गया।
जाह्नवी ने लूटी लाइमलाइट
एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर ने रेड कारपेट पर हमेशा की तरह बहुत ही ग्लैमरस अंदाज में एंट्री की। जाह्नवी ने पर्पल कलर का ऑफ शोल्डर लॉन्ग गाउन वियर किया। इस गाउन की खासियत थी उसकी लंबी टेल। अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए एक्ट्रेस ने डायमंड चोकर सेट वियर किया। जाह्नवी ने न्यूड मेकअप लुक चुना, आंखों को ब्राउन आईशैडो से हाईलाइट किया। जान्हवी को ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस कैटिगरी में नॉमिनेट किया गया था। इस अवॉर्ड नाइट में उनकी शानदार परफॉर्मेंस ने सभी को इंप्रेस किया।
रकुल प्रीत का रॉयल अंदाज
फिल्म फेयर का रेड कारपेट बॉलीवुड के लिए बहुत अहम माना जाता है। यहां फैशन के अलग-अलग रंग आते हैं। इन्हीं रंगों में रंगी नजर आई एक्ट्रेस रकुल प्रीत। रकुल रॉयल ब्लू कलर के ऑफ शोल्डर गाउन में अवॉर्ड नाइट में पहुंचीं। गाउन के नेक की डिजाइन इसे अलग बना रही थी। इस थाई हाई स्लिट गाउन की लॉन्ग फ्रिल इसे ग्लैमरस बना रही थी। रकुल ने अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए डायमंड नेकलेस पहना।
नरगिस का सिल्वर साड़ी लुक
एक्ट्रेस नरगिस फाखरी अवॉर्ड नाइट में सिल्वर कलर की शिमर साड़ी में पहुंचीं। थ्री फॉर्थ स्लीव्स के स्टाइलिश ब्लाउज ने इस साड़ी को और भी ग्लैमरस लुक दिया। माथे पर छोटी सी चमकी बिंदी और लॉन्ग इयररिंग्स से नरगिस ने अपना लुक कंप्लीट किया।
पूजा के सीक्वेंस गाउन ने जीता दिल
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘किसी का भाई, किसी की जान’ की लीडिंग एक्ट्रेस पूजा हेगड़े अवॉर्ड नाइट में सिल्वर कलर के सीक्वेंस गाउन में पहुंचीं। इस होल्टर नेक गाउन के साथ पूजा ने नो ज्वेलरी लुक चुना। होठों पर डार्क लिपस्टिक और सटल मेकअप से उन्होंने अपना लुक कंप्लीट किया।
सूट बूट में पहुंची काजोल
एक्ट्रेस काजोल हमेशा कुछ नया ट्राई करती हैं। फिल्मफेयर में काजोल ब्लैक कलर के सीक्वेंस सूट में पहुंचीं। काजोल का यह लुक काफी डिफरेंट था। सूट में किया गया सीक्वेंस का वर्क इसे हाईलाइट कर रहा था। काजोल ने भी नो ज्वेलरी लुक चुना। साथ में न्यूड मेकअप किया।
दीया मिर्जा का एलिगेंट लुक
एक्ट्रेस दीया मिर्जा हमेशा से ही अपने लुक से सभी इंप्रेस कर देती हैं। अवॉर्ड नाइट में दीया आफ व्हाइट कलर की साड़ी पहनकर पहुंचीं। साड़ी पर गोल्डन सीक्वेंस लीफ पैटर्न और पतले से गोल्डन बॉर्डर ने इसका एलिगेंस बड़ा दिया। अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए दीया ने पर्ल चोकर वियर किया। एक्ट्रेस का यह लुक समर फंक्शन के लिए बेस्ट है।
अलाया एफ का कूल स्टाइल
एक्ट्रेस अलाया एफ फिल्मफेयर नाइट में बहुत ही कूल अंदाज में पहुंची। अलाया ने ग्रे शिमर ऑफ शोल्डर ड्रेस चुना। ड्रेस की स्कर्ट की थाई हाई स्लिट इसे बोल्ड लुक दे रही थी। मिलिमल मेकअप के साथ अलाया रेड कारपेट पर पहुंचीं। इस सादगी भरे स्टाइल में वह सुपर कूल दिखी।
मिथिला पालकर की बोल्डनेस
मिथिला पालकर बोल्ड अंदाज में अवॉर्ड नाइट में पहुंची। मिथिला ने पर्पल कलर का ऑफ शोल्डर गाउन वियर किया। इसके साथ उन्होंने बड़े स्टेटमेंट इयररिंग्स पहने, जिससे उनके लुक्स में ग्लैमर जुड़ा। आंखों को हाईलाइट करते बोल्ड मेकअप से उन्होंने अपने लुक को कंप्लीट किया।
संजना सांघी का सुपर स्टाइल
एक्ट्रेस संजना सांघी ब्लैक कलर की ड्रेस में बहुत ही सिंपल और खूबसूरत अंदाज में पहुंची। ऑफ शोल्डर ब्लैक वेल्वेट ड्रेस में पहुंची संजना ने अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए डायमंड सेट पहना। लुक को अलग बनाने के लिए उन्होंने स्टॉकिंग भी वियर किए।
रेखा का रॉयल लुक
एक्ट्रेस रेखा हमेशा की तरह इस बार भी बहुत ही रॉयल अंदाज में नजर आई। रेखा ने सिल्वर कलर की साड़ी वियर की। साथ में हैवी ज्वेलरी पहनकर अपने लुक को कंप्लीट किया। बालों में गजरे ने उनके लुक को और बढ़ाया।
