Summary: धमाकेदार ट्रेलर के साथ लौटी तमन्ना और डायना की जोड़ी
डू यू वाना पार्टनर एक कॉमेडी-ड्रामा वेब सीरीज है, जिसमें तमन्ना भाटिया और डायना पेंटी दो दोस्तों के बीयर स्टार्टअप के सफर में नजर आएंगी।
29 अगस्त को रिलीज हुए ट्रेलर में दोस्ती, जुगाड़ और ड्रामा से भरपूर मजेदार कहानी की झलक देखने को मिली है।
Do You Wanna Partner Trailer Released: आए दिन कोई ना कोई नई मूवीज और वेब सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होती हैं। हाल ही में एक और अपकमिंग सीरीज डू यू वाना पार्टनर का एलान मेकर्स ने किया था। इस सीरीज को लेकर अब लोगों का इंतजार खत्म होने वाला है। आज कॉमेडी और ड्रामा से भरपूर ‘डू यू वाना पार्टनर’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस वेब सीरीज में बी टाउन एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया और डायना पेंटी अहम भूमिकाओं को निभाती हुई नजर आएंगी।
ट्रेलर में तमन्ना और डायना की शानदार जुगलबंदी
29 अगस्त को ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म डू यू वाना पार्टनर का ट्रेलर एक जोशीली धुन के साथ शुरू होता है, जो हमें दो जिगरी दोस्तों की जिंदगी की झलक दिखाता है। ये दोनों दोस्त अपना खुद का क्राफ्ट बीयर ब्रांड लॉन्च करने के एक दमदार आइडिया के साथ स्टार्ट-अप की दुनिया में कदम रखती हैं। इसके बाद शुरू होती है एक मजेदार और हाई-एनर्जी सफर, जिसमें बीयर के दिग्गजों, माफिया और ऐसे-ऐसे ‘जुगाड़’ सामने आते हैं, जिनकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। दो सहेलियां, जबरदस्त ड्रामा और एक दूसरे के लिए इमोशनल स्ट्रैंथ अगर आप इन मजेदार ट्विस्ट से भरी कोई कहानी देखना चाहते हैं तो बहुत जल्द तमन्ना भाटिया और डायना पेंटी आपका मनोरंजन करने वाली हैं। कॉमेडी ड्रामा कहानी हमेशा से ही दर्शकों की फेवरेट रही है।
नजर आएंगे ये कलाकार
बता दें, इस कॉमेडी ड्रामा वेब सीरीज में तमन्ना भाटिया और डायना पैंटी के साथ नकुल मेहता, जावेद जाफरी, नीरज काबी, सूफी मोतीवाला, श्वेता तिवारी और रणविजय सिंह जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में दिखाई देने वाले हैं। यह महिलाओं की आत्मनिर्भरता और महत्वकांक्षा पर बनी एक दिल छू लेने वाली कहानी है। इसे नंदिनी गुप्ता, आर्ष वोरा और मिथुन गंगोपाध्याय ने लिखा है। इसके क्रिएटर मिथुन गंगोपाध्याय और निशांत नायक हैं। शोमेन मिश्रा और अर्चित कुमार एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। इसका डायरेक्शन कॉलिन डी कुन्हा ने किया है।
क्या है कहानी ?
तमन्ना भाटिया और डायना पेंटी की इस कहानी में अल्कोहल बिजनेस का स्टार्टअप, ढेर सारे संघर्ष और मजेदार ट्विस्ट दिखाए जाने वाले हैं। करण जौहर के साथ अपूर्व मेहता और आदर पूनावाला ने इसे प्रोड्यूस किया है। फैंस इन दोनों हसीनों को देखने के लिए काफी एक्साइटेड नजर आ रहे हैं।इस सीरीज के साथ दर्शकों को नई फीमेल पार्टनर की जोड़ी से इंट्रोड्यूस होने का मौका मिलने वाला है। आपने पार्टनर के रूप में गोविंदा और सलमान खान की हिट जोड़ी को तो देखा ही है। अब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को तमन्ना और डायना के रूप में शानदार फीमेल जोड़ी मिल चुकी है। धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले इस वेब सीरीज का निर्माण किया गया है। इसकी रिलीज डेट भी अनाउंस कर दी गई है।
पहले रिलीज किया था सीरीज का पोस्टर
वेब सीरीज के मेकर्स ने इसका एक पोस्टर रिलीज किया है जिसमें तमन्ना और डायना येलो रंग का चश्मा लगाए हुए नजर आ रही हैं। दोनों का ही ग्लैमरस अवतार तस्वीर में दिखाई दे रहा है। पोस्टर पर फिल्म के नाम के साथ नीचे अमेजन प्राइम दिखाई दे रहा है। इससे जाहिर है की इसे प्राइम वीडियो पर रिलीज किया जाएगा। इसके साथ सीरीज की रिलीज डेट की जानकारी भी दी गई है। इसे 12 सितंबर को रिलीज किया जाने वाला है। यह दुनिया के 240 से ज्यादा देशों में रिलीज होगी। जिन लोगों के पास प्राइम मेंबरशिप है वो इसे देख पाएंगे।
