Summary: कौन हैं थलपति विजय की पत्नी संगीता सोरनलिंगम और कैसी रही 25 साल की शादी?
दक्षिण सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनलिंगम के तलाक की खबर ने फैंस को चौंका दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीता ने व्यभिचार और क्रूरता जैसे कानूनी आधारों पर परिवार न्यायालय में याचिका दायर की है।
Who is Sangeeta Sornalingam: दक्षिण की फिल्मों के सुपरस्टार और राजनीति में एक्टिव थलपति विजय को लेकर शुक्रवार को आई एक खबर ने उनके फैंस को चौंका दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी पत्नी संगीता सोरनलिंगम ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दायर की है। याचिका में विजय पर अपनी पत्नी को धोखा देने का आरोप लगाया गया है और दावा किया गया है कि उनका एक एक्ट्रेस के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर रहा है। हालांकि, इस मामले पर विजय की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
कौन हैं संगीता सोरनलिंगम?

तमिल फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बड़े स्टार्स में से एक थलपति विजय ने हाल के सालों में राजनीति में भी कदम रखा है और अपनी पार्टी ‘तमिलगा वेत्रि कझगम’ (TVK) की घोषणा की है। संगीता सोरनलिंगम उनकी पत्नी हैं, जिन्होंने हमेशा ही लाइमलाइट से दूरी बनाए रखा है। संगीता लंदन में बसे एक व्यवसायी परिवार से हैं। वह श्रीलंकाई मूल की तमिल हैं।
कहा जाता है कि 1996 में रिलीज हुई फिल्म ‘पूवे उनाक्कागा’ देखने के बाद वह विजय से प्रभावित हुईं। उसी दौरान उन्होंने उनसे संपर्क करने की कोशिश की और पढ़ाई के दौरान उन्हें पत्र भी लिखे। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और 25 अगस्त 1999 को दोनों ने हिंदू और ईसाई रीति-रिवाजों से शादी कर ली। उस दौर में यह शादी फैंस के बीच भी काफी चर्चित रही।
25 साल का साथ है विजय और संगीता का

शादी के बाद संगीता ने पब्लिक लाइफ से दूरी बनाए रखी। वह अक्सर बड़े आयोजनों में विजय के साथ नजर आईं, लेकिन मीडिया इंटरैक्शन से बचती रहीं। इनके दो बच्चे जेसन संजय और दिव्या साशा हैं। जेसन संजय की बचपन में अपने पिता के साथ फिल्म ‘वेट्टाइकारन’ में एक छोटी सी झलक देखी गई थी। लेटेस्ट खबर है कि वह निर्देशन में कदम रखने जा रहे हैं और फिल्म ‘सिग्मा’ से डेब्यू की तैयारी में हैं। वहीं दिव्या साशा भी फिल्म ‘थेरी’ में नजर आ चुकी हैं, लेकिन फिलहाल वह लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं। कुछ रिपोर्ट्स में उन्हें बैडमिंटन खिलाड़ी भी बताया गया है।
संगीता सोरनलिंगम द्वारा तलाक की अर्जी और आरोप
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, संगीता ने चेंगलपट्टू परिवार न्यायालय में स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत तलाक की याचिका दायर की है। याचिका में विजय पर एक एक्ट्रेस के साथ कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप लगाया गया है। दावा किया गया है कि 2021 में संगीता को इसके बारे में जानकारी मिली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआत में विजय ने इस रिश्ते के खत्म होने की बात कही, लेकिन बाद में भी यह सिलसिला जारी रहने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की अब तक किसी भी तरह की पुष्टि नहीं हो पाई है।
विजय की चुप्पी और अटकलें
विजय और संगीता की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर फैंस इस खबर को लेकर हैरानी जता रहे हैं। कई लोग इसे अफवाह मान रहे हैं, तो कुछ कानूनी प्रक्रिया के नतीजे का इंतजार करने की बात कह रहे हैं।
क्या है स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954?
स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत यदि किसी जीवनसाथी पर व्यभिचार (एडल्टरी) या क्रूरता का आरोप सिद्ध होता है, तो तलाक का प्रावधान है। संगीता ने अपनी याचिका में इन्हीं दोनों कानूनी आधारों का हवाला दिया है। मामला फिलहाल जिला न्यायालय में विचाराधीन है और अंतिम फैसला अभी आना बाकी है।

