Summary: सर्जरी के बाद ज्यादा डर लगने लगा है दीपिका कक्कड़ को
टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इन दिनों सिस्ट सर्जरी के बाद रिकवरी के दौर से गुजर रही हैं। हाल ही में पति शोएब इब्राहिम के व्लॉग में उन्होंने अपनी सेहत और मानसिक स्थिति को लेकर खुलकर बात की। दीपिका ने बताया कि गंभीर बीमारी से गुजरने के बाद अब उन्हें मेडिकल टेस्ट और रिपोर्ट्स को लेकर डर लगने लगा है।
Dipika Kakar Emotional Video: टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ हाल ही में अपने पति शोएब इब्राहिम के व्लॉग में अपनी सेहत को लेकर बात करते हुए इमोशनल हो गईं। इस वीडियो में शोएब ने बताया कि दीपिका इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। लीवर के पास दोबारा बने एक सिस्ट के इलाज के बाद वह अब एक नई रूटीन और खास डाइट फॉलो कर रही हैं। शोएब के इस व्लॉग में देखा जा सकता है कि बात करते-करते दीपिका रोने लगीं।
दीपिका को किस बात का है डर?
शोएब ने व्लॉग में बताया कि सर्जरी के बाद दीपिका की दिनचर्या पूरी तरह बदल दी गई है। डॉक्टरों ने उनके लिए एक नया डाइट प्लान और रूटीन तय किया है, जिसे वह फॉलो भी कर रही हैं। अब वह सुबह जल्दी उठती हैं, वॉक पर जाती हैं और दिनभर अपनी डाइट का खास ध्यान रखती हैं। शोएब ने बताया कि दीपिका को शाम सात बजे के बाद कुछ भी खाने को मना किया गया है, ताकि उनकी सेहत जल्दी ठीक हो सके। इसी समय दीपिका रोने लगती हैं और कहती हैं कि बीच-बीच में उनकी हिम्मत टूट जाती है क्योंकि जो होना है वो होकर रहेगा।
शोएब रख रहे हैं दीपिका का पूरा ध्यान
व्लॉग के दौरान एक दिलचस्प पल तब आया जब दीपिका किचन में जाकर एक रेसिपी व्लॉग बनाने की कोशिश कर रही थीं। लेकिन शोएब ने उन्हें तुरंत रोक दिया और कहा कि अभी उन्हें ज्यादा मेहनत नहीं करनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि जब तक डॉक्टर पूरी तरह अनुमति नहीं देते, तब तक उन्हें आराम करना ही सबसे जरूरी है।
बातचीत के दौरान शोएब ने दीपिका को याद दिलाया कि ईद के बाद उन्हें कुछ जरूरी ब्लड टेस्ट कराने होंगे। यह सुनते ही दीपिका इमोशनल हो गईं। शोएब ने बताया कि हाल की सर्जरी के बाद यह पहला मौका होगा जब उनके मेडिकल टेस्ट किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन रिपोर्ट्स में एएफपी और कुछ अन्य जरूरी जांच शामिल हैं।
क्या कहा दीपिका ने?
दीपिका ने भी इस दौरान अपने मन की बात खुलकर शेयर की। उन्होंने कहा कि पिछले साल जो कुछ हुआ, उसके बाद उनके मन में एक डर बैठ गया है। गंभीर बीमारी से गुजरने के बाद अब वह छोटी-छोटी बातों को लेकर भी चिंतित हो जाती हैं। दीपिका ने कहा कि वह अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई हैं और कई बार भविष्य को लेकर मन में घबराहट होने लगती है। हालांकि वह खुद को संभालने की कोशिश करती हैं और लगातार दुआ करती हैं कि सब कुछ ठीक रहे।
दीपिका कक्कड़ को स्टेज-2 लीवर कैंसर
दरअसल, पिछले साल मई में दीपिका को स्टेज-2 लीवर कैंसर का पता चला था। यह खबर उनके परिवार और फैंस के लिए काफी चौंकाने वाली थी। इसके बाद डॉक्टरों ने उनकी एक बड़ी सर्जरी की, जिसमें लीवर का लगभग 22 प्रतिशत हिस्सा और एक बड़ा ट्यूमर निकालना पड़ा। सर्जरी के बाद भी उनका इलाज जारी रहा और डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें टार्गेटेड थेरेपी दी गई। हाल ही में डॉक्टरों ने उनके लीवर में लगभग 1.3 सेंटीमीटर का एक सिस्ट फिर से पाया, जिसके कारण एक और मेडिकल प्रक्रिया करनी पड़ी। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि सावधानी और नियमित इलाज से स्थिति को नियंत्रित रखा जा सकता है।


