Overview: उर्फी के बॉयफ्रेंड को स्प्लिट्सविला की निहारिका तिवारी ने किया था किस?
इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा कंटेस्टेंट निहारिका तिवारी और इंटरनेट सेंसेशन उर्फी जावेद के बीच छिड़ी जुबानी जंग की हो रही है।
Splitsvilla X6 Niharika Tiwari and uorfi Javed Controversy: मशहूर डेटिंग रियलिटी शो ‘स्प्लिट्सविला X6‘ ने छोटे पर्दे पर दस्तक दे दी है। जहां एक तरफ इस शो का थीम ‘प्यार और पैसा’ दर्शकों को लुभा रहा है, वहीं दूसरी तरफ शो के ऑन-कैमरा ड्रामा से ज्यादा इसकी ऑफ-कैमरा कंट्रोवर्सी ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा रखा है। इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा कंटेस्टेंट निहारिका तिवारी और इंटरनेट सेंसेशन उर्फी जावेद के बीच छिड़ी ‘जुबानी जंग’ की हो रही है, जिसमें अब एक ‘मिस्ट्री बॉयफ्रेंड’ और ‘किस’ का एंगल भी जुड़ गया है। हालांकि, अब इस मुद्दे पर दोनों ही हसीनाओं ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
कैसे शुरू हुआ उर्फी-निहारिका का विवाद
इस पूरे हंगामे की चिंगारी तब सुलगी जब उर्फी जावेद ने शो के एक एपिसोड के दौरान निहारिका की ओर इशारा करते हुए कहा, “शो के बाहर हमारा एक पुराना विवाद हुआ था।” बस, उर्फी का इतना कहना था कि सोशल मीडिया की ‘जासूसी सेना’ काम पर लग गई। हर कोई यह जानने को बेताब हो गया कि आखिर इन दोनों के बीच ऐसी क्या बात हुई थी जिसने उर्फी को शो पर भी चुप नहीं रहने दिया। शुरुआती अटकलों में कहा गया कि निहारिका ने उर्फी के कपड़ों और उनके कद का मजाक उड़ाया था, लेकिन असली धमाका होना अभी बाकी था।
क्या निहारिका ने उर्फी के बॉयफ्रेंड को किया था किस?
जैसे ही माहौल गरमाया, कॉन्टेंट क्रिएटर श्रुति मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर आग में घी डालने का काम किया। श्रुति ने दावा किया कि एक पार्टी के दौरान निहारिका और उर्फी के बीच भयंकर झगड़ा हुआ था। आरोप तो यहां तक लगाया गया कि निहारिका ने नशे की हालत में सबके सामने उर्फी के बॉयफ्रेंड को ‘किस’ कर लिया था। इस खबर ने इंटरनेट पर सनसनी फैला दी, क्योंकि आज तक दुनिया को यह नहीं पता कि आखिर उर्फी जावेद का बॉयफ्रेंड है कौन?
उर्फी और निहारिका का पलटवार
जब पानी सिर से ऊपर जाने लगा, तो उर्फी जावेद ने खुद सामने आकर इन दावों की धज्जियां उड़ा दीं। उन्होंने बेहद बेबाक अंदाज में कहा, “यह पूरी तरह से झूठ है। लोग अपने मन से कुछ भी कहानियां कैसे बना लेते हैं?” उर्फी के इस जवाब ने साफ कर दिया कि चाहे विवाद पुराना हो, लेकिन ‘बॉयफ्रेंड को चूमने’ वाली बात महज एक कोरी कल्पना है।
निहारिका तिवारी ने भी तोड़ी चुप्पी
वहीं, दूसरी तरफ निहारिका तिवारी ने भी इस मामले पर चुप्पी तोड़ी। उन्होंने हंसते हुए इस पूरी बात को सिरे से खारिज कर दिया। निहारिका ने तंज कसते हुए कहा, “भाई, सच में हंसी आ रही है। लोग उन लोगों के बारे में भी इतने कॉन्फिडेंस से झूठ बोल लेते हैं, जिनसे वे कभी मिले तक नहीं। अगर व्यूज पाने और अपने बिल भरने के लिए आपको ऐसी मनगढ़ंत कहानियां बनानी पड़ती हैं, तो शौक से बनाइए।”
क्या है सच और क्या है पब्लिसिटी?
फिलहाल, ‘स्प्लिट्सविला’ के गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि क्या यह सच में कोई अनसुलझा मुद्दा है या फिर शो की टीआरपी बढ़ाने का एक और तरीका? निहारिका और उर्फी दोनों ने ही ‘बॉयफ्रेंड’ वाले दावे को तो नकार दिया है, लेकिन उनके बीच की खटास कम होती नहीं दिख रही। अब देखना यह होगा कि शो के आने वाले एपिसोड्स में यह कड़वाहट क्या मोड़ लेती है।
