Sonam With Rajiv Rai AND Son
Sonam With Rajiv Rai and Son

Summary : सोनम को धमाकेदार शुरुआत मिली लेकिन सब जाया हो गई...

सोनम का नाम उन हीरोइनों में लिया जाता है जो तुरंत शादी करके अपना करियर खत्म कर लेती हैं...

Who is Sonam Khan: 80 और 90 का दशक बॉलीवुड का वो दौर माना जाता है, जिस पर श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों ने राज किया। लेकिन अदाओं की इन रानियों के बीच एक और खूबसूरत चेहरा था। इस चेहरे ने बेहद कम उम्र में फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई। सिर्फ 16 साल की उम्र में उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा, अपने समय के बड़े सितारों के साथ डेब्यू किया और रातों-रात स्टार बन गईं।  सपनों जैसी शुरुआत के बावजूद, उन्होंने जल्द ही ग्लैमर की दुनिया से दूरी बना ली। आज वो एक सादी जिंदगी जी रही हैं, लेकिन कहा जा रहा है कि वो वापसी को लेकर फिर बेकरार हैं।

यह अभिनेत्री और कोई नहीं, बल्कि सोनम खान हैं। असली नाम बख्तावर खान था। सोनम को पहली बड़ी फिल्म ऋषि कपूर के साथ मिली। इस फिल्म के आते ही उन्होंने तुरंत दर्शकों का ध्यान खींचा। इसके बाद 1988 की फिल्म ‘विजय’ में उन्होंने बोल्ड स्विमसूट लुक से सनसनी मचा दी और वो नई एक्ट्रेस में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बन गईं। उस समय सिनेमाई हीरोइनें स्विमसूट नहीं पहना करती थीं। ये रेयर होता था। जब भी कोई हीरोइन ऐसी हिम्मत दिखाती थी तो वो खबरों में छा जाती थी।

Sonam With Rajiv Rai
Sonam With Rajiv Rai

सोनम को 1989 की फिल्म त्रिदेव ने असली पहचान दिलाई। इस फिल्म में उनके साथ सनी देओल, माधुरी दीक्षित, नसीरुद्दीन शाह और जैकी श्रॉफ थे। फिल्म में उनका ग्लैमरस किरदार और मशहूर गाना “तिरछी टोपी वाले” उन्हें हर घर का नाम बना गया। इस फिल्म में उनके साथ माधुरी दीक्षित भी थीं लेकिन बेहतरीन गाने सोनम के खाते में आए और उन्हें इसका पूरा फायदा मिला। इसके बाद उन्होंने विश्वात्मा, अजूबा, गोली बारूद, आसमान से ऊंचा, फतेह, क्रोध, अपमान की आग, हम भी इंसान हैं, मिट्टी और सोना जैसी कई फिल्मों में काम किया। विश्वात्मा में भी उन्होंने दिव्या भारती का साथ मिला और कुछ अच्छे गानों से उनकी पहचान मजबूत हुई।

फिल्म त्रिदेव की शूटिंग के दौरान सोनम को फिल्म के डायरेक्टर राजीव राय से प्यार हो गया। दोनों ने 1991 में शादी कर ली, उस वक्त सोनम की उम्र सिर्फ 20 साल थी। एक साल बाद ही उन्होंने बेटे को जन्म दिया। शादी के बाद राजीव विदेश चले गए और सोनम ने अपने चमकते-दमकते करियर को छोड़कर परिवार पर ध्यान देने का फैसला किया। करीब दो दशक तक उन्होंने फिल्मी दुनिया से पूरी तरह दूरी बना ली। लगभग 20 साल की शादी के बाद सोनम और राजीव अलग हो गए। तलाक के बाद सोनम अपने बेटे के साथ भारत लौट आईं और तभी से यहीं रहने लगी हैं।

सालों से ऐसी खबरें आती रही हैं कि सोनम फिर से मनोरंजन जगत में वापसी कर सकती हैं। पिछले साल तो ये भी चर्चा थी कि वो बिग बॉस ओटीटी में नजर आएंगी, लेकिन आखिरकार ऐसा नहीं हुआ। इसके बावजूद, जो दर्शक उन्हें पर्दे पर देखकर बड़े हुए हैं, वो आज भी उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। वैसे एक बार फिर उनकी वापसी की खबर गर्म है।

ढाई दशक से पत्रकारिता में हैं। दैनिक भास्कर, नई दुनिया और जागरण में कई वर्षों तक काम किया। हर हफ्ते 'पहले दिन पहले शो' का अगर कोई रिकॉर्ड होता तो शायद इनके नाम होता। 2001 से अभी तक यह क्रम जारी है और विभिन्न प्लेटफॉर्म के लिए फिल्म समीक्षा...