Overview: कुली की रिलीज से खुश रजनीकांत के फैंस ने थिएटर से बाहर बजाया ढोल
सिनेमाघरों के बाहर का नजारा किसी उत्सव से कम नहीं था, जहां रजनीकांत के पोस्टर पर दूध चढ़ाने से लेकर ढोल की थाप पर जोरदार डांस तक, हर जगह सिर्फ 'थलाइवा' का ही जलवा दिख रहा था।
Rajinikanth Fans Played Drums Outside Theatre: निर्देशक लोकेश कनगराज की मचअवेटेड फिल्म ‘कुली‘ आखिरकार 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई, जिसमें सुपरस्टार रजनीकांत लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापस आए हैं। इस फिल्म की रिलीज ने फैंस के बीच एक अलग ही उत्साह और दीवानगी भर दी। सिनेमाघरों के बाहर का नजारा किसी उत्सव से कम नहीं था, जहां रजनीकांत के पोस्टर पर दूध चढ़ाने से लेकर ढोल की थाप पर जोरदार डांस तक, हर जगह सिर्फ ‘थलाइवा’ का ही जलवा दिख रहा था।
फैंस में दिखा जबरदस्त उत्साह
सोशल मीडिया पर ‘कुली’ की रिलीज का जश्न मनाते हुए फैंस के वीडियो और तस्वीरों की बाढ़ आ गई है। कई फैंस सुबह-सुबह ही सिनेमाघरों के बाहर जुट गए थे। कुछ वीडियो में, वे रजनीकांत के विशाल पोस्टरों पर ‘अभिषेक’ करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जहां दूध की धारा उनके चेहरों से बह रही थी। यह दृश्य दिखाता है कि उनके लिए रजनीकांत सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक पूज्यनीय हस्ती हैं।
जब फिल्म ‘कुली’ रिलीज हुई, तब थिएटर के अंदर और बाहर दोनों जगह का माहौल खुशी और जोश से भर गया। फैंस ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर डांस किया, यहां तक कि एक वायरल वीडियो में तो दर्शक लिफ्ट में भी नाचते हुए दिखे, जो उनके जबरदस्त उत्साह को दिखाता है। एक और वायरल वीडियो में, जैसे ही स्क्रीन पर रजनीकांत की एंट्री हुई, पूरा हॉल तालियों और सीटियों से गूंज उठा। फैंस सुपरस्टार को एक बार फिर से स्क्रीन पर देखकर काफी ज्यादा एक्साइटेड थे।
कुली फिल्म की कहानी क्या है?

लोकेश कनगराज द्वारा निर्देशित और रजनीकांत-अभिनीत ‘कुली’ इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। इस फिल्म का निर्माण कलानिधि मारन की ‘सन पिक्चर्स’ ने किया है। इसमें रजनीकांत के साथ-साथ कई बड़े नाम जैसे नागार्जुन, उपेन्द्र, सौबिन शाहिर, सत्यराज, श्रुति हासन, रेबा मोनिका जॉन, जूनियर एमजीआर और मोनिशा ब्लेसी भी महत्त्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। दर्शकों के लिए एक और बड़ा सरप्राइज आमिर खान का कैमियो है, जो फिल्म की उत्सुकता को और बढ़ाता है।
फिल्म के प्लॉट को काफी हद तक गोपनीय रखा गया था, लेकिन ‘ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन’ ने इसका सारांश जारी किया था। इसके अनुसार, ‘कुली’ एक एक्शन-ड्रामा है, जिसमें एक रहस्यमयी व्यक्ति एक भ्रष्ट सिंडिकेट के खिलाफ खड़ा होता है जो एक बंदरगाह शहर में मजदूरों का शोषण करता है।
बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएगी कुली
बॉक्स-ऑफिस पर भी ‘कुली’ ने जबरदस्त शुरुआत की है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने प्री-सेल्स में ही धमाकेदार प्रदर्शन किया है और अपने शुरुआती वीकेंड में ही ₹100 करोड़ का आंकड़ा छूने की उम्मीद है। रिलीज के पहले ही दिन 12 लाख से अधिक टिकटें बिक चुकी थीं, जो यह दर्शाता है कि दर्शकों में इस फिल्म को देखने का कितना क्रेज है। ‘कुली’ की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि रजनीकांत का स्टारडम आज भी बेमिसाल है।
