Summary:बैंकॉक का रॉयल ड्रैगन रेस्टोरेंट, जो जिपलाइन डाइनिंग अनुभव के लिए था मशहूर
इस रेस्टोरेंट में एक साथ हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था थी। जिपलाइन से खाना परोसने की वजह से यह लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।
Zipline Royal Dragon Restaurant of Bangkok: हर रेस्टोरेंट की कोई ना कोई खासियत जरूर होती है। कहीं का खाना अच्छा होता है तो कहीं का इंटीरियर इतना खूबसूरत होता है कि लोग वहां जाना पसंद करते हैं। रेस्टोरेंट बिजनेस में कड़ी प्रतिस्पर्धा है, ऐसे में ग्राहकों को अपनी तरह आकर्षित करने के लिए कुछ ना कुछ अलग करना ही पड़ता है। इसी बात को ध्यान में रखकर बैंकाक में एक ऐसा रेस्टोरेंट खोला गया, जहाँ जिपलाइन का इस्तेमाल कर लोगों को खाना परोसा जाता था। इस रेस्टोरेंट का नाम रॉयल ड्रैगन (मंगकोर्न लुआंग) रेस्टोरेंट था। ये रेस्टोरेंट बैंग ना में था और किसी समय पर यह रेस्टोरेंट दुनिया का सबसे बड़ा रेस्टोरेंट था और इसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल था।
बैंकॉक का था सबसे बड़ा रेस्टोरेंट

एक समय पर रॉयल ड्रैगन रेस्टोरेंट बैंकॉक का सबसे बड़ा रेस्टोरेंट हुआ करता था। इसे अपनी विशाल क्षमता के लिए जाना जाता था। यहाँ एक साथ 5 हजार से ज़्यादा मेहमानों के बैठने और 1,000 से ज़्यादा कर्मचारियों के काम करने की व्यवस्था थी।
खाना परोसने के लिए होता था जिपलाइन का उपयोग

रॉयल ड्रैगन रेस्टोरेंट की सबसे अनोखी और अलग बात यह थी कि यहाँ वेटर टेबल पर खाना परोसने के लिए जिपलाइन का उपयोग करते थे। जी हाँ, आपने बिलकुल सही सुना, यहाँ वेटर किचन से लिपलाइन का इस्तेमाल कर लोगों को टेबल पर खाना पहुंचाते थे, जो यहाँ आने वाले लोगों के लिए एक अनोखा अनुभव प्रदान करता था। जिपलाइन पर वेटर खाना लाते समय नाटकीय तरीके से प्रवेश करते थे और कई भाषाओं में इसकी घोषणा कर लोगों की उत्सुकता को बढ़ाते थे।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में यह देखा जा सकता है कि कैसे यहाँ पारंपरिक लाल थाई पोशाक पहने और एक ट्रे पकड़े हुए एक वेटर एक झुकी हुई केबल से नीचे फिसलता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि वह एक पुली या हार्नेस से जुड़ा हुआ है, जो फ़ाइन-डाइनिंग के अनुभव का एक रोमांचक अनुभव प्रदान करता है।
वीडियो देख सोशल मीडिया पर यूज़र्स क्या कह रहे हैं
वीडियो ऑनलाइन शेयर होते ही लोग इसपर अलग-अलग प्रतिक्रिया देने लगे हैं। कुछ लोगों को खाना सर्व करने का यह कॉन्सेप्ट पसंद आया, लेकिन कुछ लोग इसका काफी ज्यादा मज़ाक भी बना रहे हैं।
एक इंस्टाग्राम यूज़र ने लिखा कि “यह बहुत प्यारा है, लेकिन मैं अपना खाना ठंडा नहीं चाहता।” एक और ने लिखा, “फ़ास्ट फ़ूड का एक बिल्कुल नया मतलब है।”
एक व्यक्ति ने लिखा, “मेरे खाने के साथ खिलवाड़ करना बंद करो।” एक और ने लिखा, “इतनी हवा से मेरा खाना ठंडा हो रहा है।” एक टिप्पणी में लिखा था, “मैंने कहा था कि मुझे अपना खाना थोड़े से नींबू के साथ चाहिए, ज़िपलाइन के साथ नहीं।”
अब बंद हो चुका है रॉयल ड्रैगन रेस्टोरेंट
एक समय में रॉयल ड्रैगन रेस्टोरेंट का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल था, लेकिन अब यह पिछले पाँच साल से भी अधिक समय से स्थायी रूप से बंद है। यहाँ अब जिपलाइन सेवा सहित इसकी कोई भी सभी सुविधाएँ संचालित नहीं होती हैं, अब बस इस रेस्ट्रोरेन्ट की यादें ही रह गई हैं।
