Summary: प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के ऐलान के बाद अरिजीत सिंह ने रिलीज किया नया गीत ‘रैना’
प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा के बाद अरिजीत सिंह ने अपना पहला इंडिपेंडेंट गाना ‘रैना’ रिलीज कर दिया है। शेखर रवजियानी द्वारा कंपोज और प्रिया सरैया द्वारा लिखे गए इस रोमांटिक गीत को फैंस का जबरदस्त प्यार मिल रहा है।
Arijit Singh New Song Raina: बॉलीवुड के पॉपुलर गायक अरिजीत सिंह ने भले ही प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने की घोषणा की हो, लेकिन उनके चाहने वालों के लिए खुशखबरी है। शिवरात्रि के पावन मौके पर “ओ शिव” को रिलीज करने के बाद अरिजीत ने अपना नया गीत ‘रैना’ रिलीज किया है, जिसे शेखर रवजियानी ने कंपोज किया है। यह गाना प्लेबैक सिंगिंग से अलग होने के उनके फैसले के बाद पहला इंडिपेंडेंट गाना है। 27 फरवरी को इस गाने का पूरा ट्रैक रिलीज किया गया और रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस के रिएक्शन की बाढ़ आ गई।
‘रैना’ है रात के रहस्यमयी मोहब्बत का संगीत
अरिजीत सिंह का नया गाना ‘रैना’ सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक एहसास है। इस गाने में अरिजीत सिंह की मधुर और गहरी आवाज सीधे दिल को छूती है। संगीत शेखर रवजियानी का है, जबकि इसे प्रिया सरैया ने लिखा है। इस गाने को एक ऐसे प्रेम गीत के रूप में पेश किया गया है, जिसमें प्रेमिका की तुलना रात से की गई है, रहस्यमयी, खूबसूरत और अनंत। धीमी धुन, मधुर संगीत और भावनात्मक शब्द इसे खास बनाते हैं।
अरिजीत और शेखर ने सोशल मीडिया पर भी किया शेयर
अरिजीत और शेखर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर गाने को शेयर करते हुए फैंस से इसे सुनने और महसूस करने की अपील की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “रैना अब आ गया है और अब आपका है। इसे सुनें, इसे गहराई से महसूस करें, रात को अपने ऊपर हावी होने दें। @garuudaamusiic Youtube चैनल पर ऑफिशियल वीडियो देखें।” इस वीडियो के रिलीज होते ही यूट्यूब पर इसे शानदार रिस्पॉन्स मिला।
फैंस ने कहा, आवाज फिर दिल छू गई
‘रैना’ के रिलीज होते ही फैंस की खुशी साफ नजर आई। किसी ने लिखा कि प्लेबैक से रिटायर होने के बाद भी अरिजीत का इंडिपेंडेंट म्यूजिक कमाल कर रहा है। वहीं एक अन्य यूजर ने इसे उनके संगीत का नया और सॉफ्ट अंदाज बताया।
कई फैंस ने भावुक होकर कहा कि उनकी आवाज सुनकर “खुशी के आंसू” आ गए। “जब अरिजीत सिंह गाते हैं, तो यह गाना नहीं लगता… यह एक याद जैसा लगता है जिसे आप भूल गए थे”, “रैना” अभी-अभी आया है और यह पहले से ही मेरे दिल में बिना किसी किराए के रह रहा है”, “जब अरिजीत गाते हैं, तो बारिश असली लगती है” और “जिस तरह से अरिजीत ‘रैना’ गाते हैं, बस मेरा दिल पिघला देते हैं, इतनी सुंदर रचना और बोल” जैसे कमेंट्स फैंस ने लिख डाले।
प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान
27 जनवरी को अरिजीत सिंह ने इंस्टाग्राम के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा की थी। उन्होंने अपने मैसेज में फैंस को शुक्रिया कहते हुए कहा था कि वह अब नए प्लेबैक असाइनमेंट स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने अपने अब तक के सफर को “बेहद खूबसूरत” बताया।
हालांकि बाद में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कई गाने पहले से रिकॉर्ड हो चुके हैं या अधूरे हैं, जो इस साल और अगले साल तक रिलीज होते रहेंगे। यानी फिल्मों में उनकी आवाज़ पूरी तरह गायब नहीं होगी। अरिजीत ने हाल ही में फिल्म ‘एक दिन’ के लिए भी गाना गाया है, जिसमें जुनैद खान और साई पल्लवी नजर आएंगे। इस फिल्म को आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे हैं और इसके टाइटल ट्रैक को हाल ही में रिलीज किया गया है।


