anoushka
anoushka

Summary: हैंडलिंग फीस के बावजूद टूटा अनुष्का शंकर का सितार, एयर इंडिया पर लापरवाही के आरोप,

हवाई यात्रा के दौरान अनुष्का शंकर का कीमती सितार क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि इसके लिए एयर इंडिया से हैंडलिंग फीस भी ली गई थी। इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते ही मामला तूल पकड़ गया और कई सेलेब्स अनुष्का के समर्थन में सामने आए।

Anoushka Shankar Sitar Damaged: प्रसिद्ध सितार वादक और दिवंगत पंडित रवि शंकर की बेटी और ग्रैमी नॉमिनेटेड म्यूज़िशियन अनुष्का शंकर ने हाल ही में एयर इंडिया पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर बताया कि हवाई यात्रा के दौरान उनके कीमती सितार को नुकसान पहुंचा है, जबकि इसके सुरक्षित हैंडलिंग के लिए उन्होंने अतिरिक्त शुल्क भी चुकाया था। इस घटना से वह बेहद आहत और परेशान नजर आईं।

अनुष्का शंकर ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपने टूटे हुए सितार को दिखाते हुए एयर इंडिया की कार्यशैली पर सवाल उठाए। वीडियो में वह कहती नजर आईं कि जब उन्होंने पहली बार सितार को देखा तो उन्हें लगा कि वह बस आउट ऑफ ट्यून है। लेकिन जब उन्होंने उसे ठीक से ट्यून करने के बाद बजाने के लिए उठाया, तब उन्हें असली नुकसान का एहसास हुआ।

उन्होंने कहा, “मैंने बहुत समय बाद एयर इंडिया से यात्रा की थी। यह वही देश है जहाँ से यह संगीत निकला है। पिछले 15-17 वर्षों में मेरे इंस्ट्रूमेंट के साथ कभी ऐसा नहीं हुआ।” इसके बाद उन्होंने सितार पर पड़े गहरे क्रैक्स दिखाते हुए एयरलाइन से सवाल किया, “आपने ये कैसे कर दिया? मेरे पास खास केस है, आप हैंडलिंग फीस भी लेते हैं, फिर भी ऐसा नुकसान कैसे?”

अनुष्का ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “@airindia द्वारा मेरे सितार के साथ किया गया व्यवहार बेहद दुखद और विचलित करने वाला है। बिना जानबूझकर की गई लापरवाही के ऐसा नुकसान कैसे हो सकता है? यह और भी दुखद है क्योंकि इतने वर्षों में दूसरी एयरलाइंस के साथ हजारों उड़ानों के बावजूद मेरे इंस्ट्रूमेंट को कभी नुकसान नहीं हुआ, यहां तक कि एक पेग भी ढीला नहीं हुआ।”

इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। प्रशंसकों के साथ-साथ कई नामी कलाकारों ने भी इस पर दुख जताया और एयर इंडिया से जवाब देने की मांग की।

Celebs commented on Anoushka's video
Celebs commented on Anoushka’s video

कॉमेडियन ज़ाकिर खान ने कमेंट करते हुए लिखा, “यह बेहद दिल तोड़ने वाला है।” वहीं, म्यूजिक कंपोज़र विशाल ददलानी ने लिखा, “हे भगवान, यह बहुत दुखद है। मुझे बेहद अफसोस है।” कई अन्य कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने भी अनुष्का के समर्थन में आवाज उठाई।

इस घटना के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या भारतीय एयरलाइंस महंगे और संवेदनशील म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स की सुरक्षित हैंडलिंग को लेकर पर्याप्त सावधानी बरतती हैं या नहीं। खासकर तब, जब इसके लिए यात्रियों से अतिरिक्त शुल्क लिया जाता है। अभी तक इस मामले पर एयर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

अनुष्का शंकर को हाल ही में उनके नए प्रोजेक्ट चैप्टर III: वी रिटर्न टू लाइट के लिए कई ग्रैमी नॉमिनेशन मिले हैं। यह प्रोजेक्ट उन्होंने सरोद वादक आलम खान और परकशनिस्ट सरथी कोरवर के साथ मिलकर तैयार किया है। इस एल्बम को “बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एल्बम” कैटेगरी में नामांकन मिला है।

यह ईपी भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराई को आधुनिक साउंडस्केप के साथ जोड़ता है, जो अनुष्का की पहचान बन चुका है। 2026 के ग्रैमी अवॉर्ड्स का आयोजन 1 फरवरी को लॉस एंजेलिस के क्रिप्टो डॉट कॉम एरीना में होगा।

राधिका शर्मा को प्रिंट मीडिया, प्रूफ रीडिंग और अनुवाद कार्यों में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिंदी और अंग्रेज़ी भाषा पर अच्छी पकड़ रखती हैं। लेखन और पेंटिंग में गहरी रुचि है। लाइफस्टाइल, हेल्थ, कुकिंग, धर्म और महिला विषयों पर काम...