Summary: अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ का टीज़र रिलीज, हॉरर के साथ कॉमेडी का लगेगा तड़का
अक्षय कुमार और राजपाल यादव की फिल्म भूत बंगला का टीज़र रिलीज हो गया है। टीज़र में अक्षय कुमार और राजपाल यादव का मजेदार और थोड़ा डरावना अंदाज देखने को मिल रहा है।
Bhooth Bangla Teaser: बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं। इस बार उनके साथ मशहूर डायरेक्टर-प्रोड्यूसर प्रियदर्शन की जोड़ी नजर आने वाली है, जो अपनी शानदार कॉमेडी फिल्मों के लिए जानी जाती है। जब भी ये दोनों साथ आते हैं, दर्शकों को एक मजेदार और यादगार फिल्म देखने को मिलती है। अब फैंस का इंतजार भी जल्द खत्म होने वाला है, क्योंकि यह जोड़ी जल्द ही फिल्म ‘भूत बंगला’ लेकर आ रही है। फिल्म का पहला टीज़र भी रिलीज कर दिया गया है, जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह फिल्म भरपूर कॉमेडी से भरी होगी। टीज़र में अक्षय कुमार का अलग अंदाज और परेश रावल की जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग देखने को मिल रही है, जो दर्शकों को हंसी से लोटपोट करने के लिए काफी है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर ‘भूत बंगला’ के टीज़र में क्या-क्या खास देखने को मिला है।
भूत बंगला के टीजर में क्या कुछ है खास
करीब 1 मिनट 23 सेकंड के इस टीज़र की शुरुआत एक काली और डरावनी रात के दृश्य से होती है, जहां एक रहस्यमयी और खौफनाक बंगले की झलक दिखाई देती है। चारों तरफ अजीब सी परछाइयां और सन्नाटा माहौल को और भी रहस्यमयी बना देते हैं। इसी बीच असरानी की आवाज में एक डायलॉग सुनाई देता है—“वधूसुर आएगा।” इस एक लाइन के बाद हर किसी के मन में यही सवाल उठता है कि आखिर यह वधूसुर कौन है? इसके बाद अक्षय कुमार अपने खास अंदाज में उस हवेली में एंट्री करते नजर आते हैं। बंगले को देखकर वह हैरान रह जाते हैं और मजाकिया अंदाज में उसकी तुलना बकिंघम पैलेस से कर देते हैं। आगे टीज़र में कई मजेदार कॉमिक सीन के साथ कुछ डरावनी झलकियां भी दिखाई देती हैं, लेकिन ये सीन डराने से ज्यादा दर्शकों को हंसाने का काम करते नजर आते हैं।
मोशन पोस्टर में पेड़ से उल्टे लटके नजर आए अक्षय कुमार
आपको बता दें कि फिल्म के टीज़र रिलीज होने से पहले अक्षय कुमार ने इसका एक मोशन पोस्टर जारी किया था, जिसमें वह चमगादड़ों के साथ पेड़ पर उल्टे लटके हुए नजर आ रहे थे। यह दृश्य डरावना कम और थोड़ा फनी ज्यादा लग रहा था। अक्षय कुमार ने इसे शेयर करते हुए लिखा, “बस कल ‘भूत बंगला’ के टीज़र रिलीज होने का इंतजार कर रहा हूं।”
‘भूत बंगला’ के गाने में अक्षय कुमार का कॉमिक लुक
फिल्म ‘भूत बंगला’ का पहला गाना फरवरी में रिलीज किया गया था, जिसका टाइटल ‘राम जी आके भला करेंगे’ है। इस गाने में अक्षय कुमार का मजाकिया और एंटरटेनिंग अंदाज साफ नजर आता है। गाना काफी मस्ती भरा है और फिल्म की मजेदार दुनिया की झलक दिखाता है। इस गाने में अक्षय कुमार अपने पुराने कॉमिक अंदाज में दिखाई देते हैं, जहां वह भूतिया माहौल और अजीबोगरीब भूतों के बीच भी बड़े आराम से घूमते नजर आते हैं। गाने का म्यूजिक प्रीतम ने तैयार किया है और इसके बोल कुमार ने लिखे हैं। इसे अरमान मलिक और आरवन ने गाया है, जबकि मेलो डी का रैप सेगमेंट गाने को और ज्यादा जोशीला बनाता है।
फिल्म की स्टार कास्ट
फिल्म ‘भूत बंगला’ की स्टार कास्ट भी काफी दमदार है। इसमें अक्षय कुमार के साथ परेश रावल, असरानी और राजपाल यादव , तब्बू और वामिका गब्बी जैसे कलाकार नजर आने वाले हैं। ये सभी कलाकार अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं, इसलिए दर्शकों को फिल्म में भरपूर मनोरंजन की उम्मीद है ।



