Akanksha Puri News: प्यार, इकरार, झगड़ों और षड्यंत्रों का खेल ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ शुरू होने के साथ ही सुर्खियों में है। इस शो को शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं और अभी से इसमें लव बर्ड्स एक दूसरे के आगे पीछे घूमते नजर आ रहे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा है शो की कंटेस्टेंट आकांक्षा पुरी की। हमेशा विवादों में उलझी रहने वाली आकांक्षा पुरी के शो में एंट्री करते ही हलचल शुरू हो गई है। इसका एक बड़ा कारण था उनका दूसरे कंटेस्टेंट पर ज्यादा फोकस करना।
इसलिए है यह महत्वपूर्ण
दरअसल, शो में एंट्री के साथ ही आकांक्षा और जद हदीद में नजदीकियां नजर आने लगीं। कभी दोनों बातें करते नजर आ रहे हैं तो कभी जद आकांक्षा को खाना खिलाते दिख रहे हैं। शाम को दोनों साथ में चाय पीते भी दिखे। ऐसे में इन दोनों की केमेस्ट्री कुछ इशारे कर रही है, जिससे गेम का रुख बदल सकता है। वहीं दर्शक भी दोनों के अगले स्टेप को जानने के लिए उत्सुक हैं।
ऐसे की करियर की शुरुआत

इस बोल्ड एंड ब्यूटिफुल एक्ट्रेस का विवादों का पुराना नाता है। कभी वे अपने रिलेशनशिप को लेकर सुर्खियों में रहती हैं तो कभी खुलासों से चर्चा में आ जाती हैं। इंदौर की रहने वाली आकांक्षा हमेशा से ही कुछ अलग करना चाहती थीं। वैसे तो उनके परिवार में से कोई भी टीवी या सिनेमा जगत से नहीं जुड़ा है, लेकिन आकांक्षा ने अपनी पहचान बनाने के लिए मुंबई का रुख किया। इंदौर में पढ़ाई पूरी करने के बाद वह एयरहोस्टेस बनीं। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग करना शुरू किया। यहां सफल होने के बाद उन्होंने एक्टिंग में करियर बनाने की ठानी और टीवी के साथ ही साउथ फिल्म इंडस्ट्री का रुख किया। उन्होंने साउथ की कई फिल्मों में अभिनय किया। इसके बाद आकांक्षा को मशहूर फिल्म डायरेक्टर मधुर भंडारकर की फिल्म ‘कैलेंडर गर्ल्स’ में काम करने का अवसर मिला। हालांकि इसके बाद उन्हें कोई बड़ा अवसर नहीं मिल सका।
ऐसे आईं सुर्खियों में

जब बॉलीवुड में आकांक्षा को अच्छे ऑफर नहीं मिले तो उन्होंने टीवी जगत की ओर रुख किया। सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले शो ‘विघ्नहर्ता गणेश’ में उन्होंने माता पार्वती की भूमिका निभाई। इस दौरान इसी शो में रावण का किरदार निभाने वाले पारस छाबड़ा से उनकी नजदीकियों की खबरें आने लगीं। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा दिन नहीं चला। साल 2019 में पारस ने ‘बिग बॉस’ में एंट्री ली और यहां उनका नया रिश्ता माहिरा शर्मा के साथ शुरू हुआ। इसके बाद आकांक्षा ने ‘स्वयंवर: मीका की वोट्टी’ में हिस्सा लिया। यहां वे सिंगर मीका का दिल जीतने में कामयाब रहीं। सिंगर ने लाखों लोगों के सामने आकांक्षा को अपनी वोट्टी के रूप में अपनाया और दोनों ने एक दूसरे को वरमाला भी पहनाई। हालांकि बाद में दोनों ने इस रिश्ते को कोई नाम नहीं दिया और दोस्त बने रहने का फैसला किया। मीका ने खुलकर कहा कि यह एक फेक शो था। पारस और मीका के अलावा आकांक्षा का नाम सिद्धार्थ शुक्ला से भी जुड़ चुका था। दोनों की कई तस्वीरें भी सामने आई थीं। हालांकि उस समय दोनों ने इसे लेकर कभी कुछ नहीं कहा था। बाद में सिद्धार्थ की नजदीकियां शहनाज गिल के साथ बढ़ीं और उनकी जोड़ी हिट हो गई।
