Actress Role: बॉलीवुड मूवीज में कहानी को देखते हुए अक्सर सेलेब्स को लीड रोल में कास्ट किया जाता है। हालांकि, इन सेलेब्स को देखकर फैन्स यही सोचते हैं कि वे बतौर कपल नजर फिल्म में नजर आएंगे। हालांकि, हर बार ऐसा नहीं होता है। कई बार ये सेलेब्स बतौर भाई-बहन भी स्क्रीन पर नजर आए। इन सेलेब्स का कभी कपल के रूप में तो कभी भाई-बहन के किरदार में स्क्रीन पर नजर आना दर्शकों को काफी पसंद आया।
फिर चाहे बात शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय की हो या फिर अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी की। ये सुपरस्टार जहां कुछ फिल्मों में बतौर कपल्स नजर आए तो कभी उन्होंने परदे पर भाई-बहन का किरदार निभाया। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही एक्ट्रेस के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने बिग स्क्रीन पर एक सुपरस्टार की बहन और प्रेमिका दोनों रोल को प्ले किया-
1) प्रियंका चोपड़ा
देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा ने सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि हॉलीवुड में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। प्रियंका चोपड़ा सलमान से लेकर शाहरूख खान तक के साथ काम कर चुकी हैं। उन्होंने रणवीर सिंह के साथ भी कई फिल्में कीं। फिल्म गुंडे में जहां रणवीर सिंह को प्रियंका चोपड़ा के प्यार में दिखाया गया। तो वहीं साल 2015 में ज़ोया अख्तर की फिल्म दिल धड़कने दो में रणवीर सिंह और प्रियंका चोपड़ा भाई-बहन के रूप में नजर आए। कमाल की बात यह है कि उसी वर्ष फिल्म बाजीराव मस्तानी रिलीज हुई, जिसमें उन्होंने पति और पत्नी की भूमिका निभाई।
2) दीपिका पादुकोण
दीपिका पादुकोण की गिनती बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में होती है। वे कई स्टार के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर कर चुकी हैं। साल 2007 में दीपिका पादुकोण की फिल्म ओम शांति ओम रिलीज हुई थी, जिसमें दीपिका अर्जुन रामपाल से प्यार करती थीं। वहीं, साल 2010 में दीपिका और अर्जुन ने साथ काम किया। लेकिन फिल्म हाउसफुल में वह भाई और बहन के रूप में नजर आए। इसी तरह, साल 2011 में फिल्म देसी बॉयज़ में दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम एक कपल के रूप में नजर आए थे। जबकि रेस 2 में दीपिका ने जॉन की बहन की भूमिका अदा की थी।
3) असिन
असिन ने साल 2008 में फिल्म गजनी ने बॉलीवुड में कदम रखा था। आमिर खान के अलावा असिन अभिषेक बच्चन जैसे स्टार के साथ भी काम कर चुकी हैं। असिन ने बोल बच्चन में अभिषेक बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर की थी। हालांकि, इस फिल्म में उनका रोल अभिषेक बच्चन की बहन का था। जबकि, बाद में जब साल 2015 में ऑल इज वेल मूवी आई तो असिन और अभिषेक बच्चन एक कपल के रूप में दिखाई दिए।
4) ऐश्वर्या राय
ऐश्वर्या राय और शाहरुख खान ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया है। जबकि हर फिल्म में उनका रोल व आपसी रिश्ता काफी अलग दिखाया गया। जहां फिल्म जोश में ऐश्वर्या राय शाहरुख खान की बहन बनी थीं। वहीं देवदास और मोहब्बतें में उनकी जबरदस्त केमिस्ट्री के कारण फिल्म सक्सेसफुल रही। इन दोनों फिल्मों में शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बतौर कपल नजर आए थे।
5) करीना कपूर
बॉलीवुड की बेबो यानी करीना कपूर ने अपने फिल्मी करियर में कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। अपने करियर के शुरुआती दौर में वह तुषार कपूर के साथ फिल्म में नजर आई थी। करीना की फिल्म मुझे कुछ कहना है तुषार और करीना बतौर कपल नजर आए थे। जबकि कुछ साल बाद फिल्म गोलमाल रिटर्न्स में उन्होंने फिर से स्क्रीन शेयर की, लेकिन इस बार करीना ने स्क्रीन पर तुषा की बहन का रोल अदा किया।
6) नीलम
फिल्म एक लडका एक लड़की में नीलम की जोड़ी सलमान खान के साथ बनी थी। हालांकि, उनकी यह फिल्म कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद फिल्म हम साथ साथ हैं में नीलम ने सलमान की बहन का रोल प्ले किया। यह एक फैमिली फिल्म थी, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। हालांकि, इस फिल्म के कारण नीलम को कानूनी मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा।
7) डेज़ी शाह
डेजी शाह और सलमान खान दोनों फिल्म जय हो में साथ नजर आए थे। इस फिल्म में दोनों बतौर कपल दिखाई दिए थे। जबकि फिल्म रेस 3 में डेज़ी को सलमान खान की बहन की भूमिका निभाते हुए देखा गया। हालांकि, यह फिल्म उम्मीद के अनुसार सफलता प्राप्त नहीं कर सकी।
8) हेमा मालिनी
हेमा मालिनी को लोग बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल कहा जाता है। एक वक्त था, जब हेमा मालिनी को हर मेकर अपनी फिल्म में कास्ट करना चाहता था। धर्मेन्द्र के अलावा हेमा मालिनी ने अमिताभ बच्चन के साथ भी कई फिल्मों में साथ काम किया। हेमा मालिनी और अमिताभ बच्चन ने नसीब, देश प्रेमी, सत्ते पे सत्ता, नास्तिक, बागबान, बाबुल और वीर जारा में एक साथ काम किया, जिसमें वे बतौर कपल नजर आए थे। लेकिन साल 1973 में अमिताभ बच्चन की फिल्म गहरी चाल रिलीज हुई थी। इस फिल्म में हेमा मालिनी ने अमिताभ बच्चन की छोटी बहन की भूमिका निभाई थी।
9) ज़ीनत अमान
देव आनंद और जीनत अमान ने परदे पर कई फिल्मों में काम किया है। जिसमें इश्क इश्क़ इश्क़, प्रेम शास्त्र, वारंट, डार्लिंग डार्लिंग और कलाबाज़ में वे एक-दूसरे से प्यार करते हुए नजर आए थे, लेकिन फिल्म हरे रामा हरे कृष्णा में वे भाई-बहन थे। यह फिल्म सुपरहिट हुई थीं। इस फिल्म के गाने दम मारो दम, और एक हजारों में मेरी बहना है सुनना लोग आज भी बेहद पसंद करते हैं।
