Summary: आराध्या का कोई सोशल मीडिया अकाउंट नहीं, कहा मम्मी ऐश्वर्या ने
रेड सी फिल्म फेस्टिवल में ऐश्वर्या राय बच्चन ने स्पष्ट किया कि उनकी बेटी आराध्या का कोई सोशल मीडिया अकाउंट नहीं है और ऑनलाइन मौजूद कई पेज नकली हैं। उन्होंने फैंस का प्यार स्वीकार करते हुए सभी से सतर्क रहने और नकली पेज को ऑफिशियल मानने से बचने की अपील की।
Aaradhya Bachchan Social Media: हाल ही में रेड सी फिल्म फेस्टिवल के दौरान ऐश्वर्या राय बच्चन ने साफ तौर पर बताया कि ऑनलाइन दिख रहे आराध्या के सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स असली नहीं बल्कि नकली हैं। उन्होंने बताया कि इन पेज का उनकी फैमिली से कोई संबंध नहीं है और वे खुद भी इन्हें हैंडल नहीं करते हैं। ऐश्वर्या ने यह भी समझाया कि वह सोशल मीडिया से दूरी क्यों बनाए रखती हैं और लोगों को भी ऐसे फर्जी अकाउंट्स से सतर्क रहने की सलाह भी दी।
नहीं है आराध्या का कोई सोशल मीडिया अकाउंट

ऐश्वर्या ने बताया कि इंटरनेट पर मौजूद आराध्या के कई पेज प्यारे हैं, जिन्हें शायद फैंस ने बनाए हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे आराध्या से जुड़े हैं। उन्होंने कहा, “लोग कभी-कभी मान लेते हैं कि ये आराध्या के अकाउंट्स हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। ये अकाउंट्स मेरे परिवार, मेरे, मेरे पति और आराध्या के प्रति प्यार की वजह से बनाए गए होंगे लेकिन आराध्या सोशल मीडिया पर नहीं है।”
उन्होंने फैंस का उनके लगातार प्यार लिए धन्यवाद किया, लेकिन साथ ही सभी से अनुरोध किया कि वे सावधान रहें और यह मानने से बचें कि आराध्या के नाम या फोटो वाले हर पेज ऑफिशियल है। ऐश्वर्या ने यह भी याद दिलाया कि डिजिटल दुनिया में पहचान आसानी से गलत तरीके से पेश की जा सकती है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है।
एक मां की नजर से समझना है जरूरी
ऐश्वर्या ने माना कि ऑनलाइन दुनिया खूबसूरत भी है और थकाने वाली भी। इंसान बहुत जल्दी किसी और की बातों, तस्वीरों या राय से प्रभावित हो जाता है। कभी-कभी यह दबाव इतना बढ़ जाता है कि मन और दिमाग, दोनों को आराम की जरूरत पड़ती है। उनके अनुसार, समय-समय पर सोशल मीडिया से दूरी बनाना जरूरी है, ताकि हम खुद से, अपनों से, अपनी असल भावनाओं से, अपनी प्राथमिकताओं से फिर से जुड़ सकें। ऐश्वर्या राय बच्चन ने यह भी बताया कि पूरी दुनिया में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर गंभीर बातचीत चल रही है।
अपनी डिजिटल लाइफ को लेकर क्या बोलीं ऐश्वर्या
जब उनसे उनकी सोशल मीडिया मौजूदगी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी सहजता से समझाया कि वह खुद बहुत कम इसका उपयोग करती हैं। उनका अकाउंट है, लेकिन वह अक्सर केवल अपने प्रोफेशनल काम या ब्रांड कम्युनिकेशन से जुड़े अपडेट ही शेयर करती हैं। उन्होंने इसए स्पष्टता से समझाने की कोशिश की, “सोशल मीडिया आज सबकी जिंदगी का हिस्सा है। कंपनियां, को एक्टर्स, सब इसका उपयोग करते हैं। इसमें बहुत सारी पॉजिटिव चीजें भी हैं। लेकिन इसके साथ यह भी सच है कि हर कोई फोन में उलझा रहता है, और यही आज की हकीकत है।”
जुड़ें अपनों से, मेरी पोस्ट न करें लाइक
ऐश्वर्या राय बच्चन ने जोर देकर कहा, “अपने आस-पास के लोगों के साथ जुड़ें, सामने वाले व्यक्ति के साथ बातचीत करें। यह सही नहीं है कि आप सामने वाले व्यक्ति से पूरी तरह ध्यान हटा कर फोन पर कुछ और करने में लगे रहें।” उन्होंने आगे कहा, अगर आप मेरी पोस्ट पर लाइक नहीं कर रहे या देख नहीं रहे हैं तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन कृपया अपने आस-पास के लोगों के साथ जुड़ें। यह कहीं ज्यादा जरूरी है।”
ऐश्वर्या राय की प्रोफेशनल लाइफ
ऐश्वर्या राय बच्चन को आखिरी बार 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘पोन्नियिन सेल्वन 2’ में देखा गया था। यह कहा जा रहा है उन्हें और उनके पति अभिषेक बच्चन को अनुराग कश्यप निर्देशित फिल्म “गुलाब जामुन” में साथ देखा जा सकता है, हालांकि यह शुरुआती बातचीत है।
