Haal-E-Dil Song: ‘गरिमा चंद्रा फिल्म्स’ और नवगठित ‘बॉलीवुड थीमज़’ फिल्म निर्माण कंपनी ने गुड़ी पड़वा के शुभ अवसर पर एक नई संगीतमय प्रस्तुति “हाल-ए-दिल” को लॉन्च किया है, जो प्रेम, जज़्बात और रिश्तों की एक खूबसूरत झलक पेश करता है। यह गीत केवल एक संगीत रचना नहीं, बल्कि एक भावना है जो हर उस दिल को छूती है जिसने कभी किसी को बिना कहे चाहा हो।
“हाल-ए-दिल” की आत्मा है इसका संगीत, जिसे प्रतिभाशाली संगीतकार मनीष दास ने रचा है। मनीष की धुनें बेहद कोमल और भावनात्मक हैं, जो सुनते ही मन के किसी कोने में गूंजती हैं और प्रेम की एक गूढ़ सी अनुभूति पैदा करती हैं। इस रचना को और भी खास बनाते हैं पंकज सरावगी, जिन्होंने न सिर्फ इसके बोल लिखे हैं, बल्कि इसे अपनी मधुर आवाज़ में गाकर श्रोताओं को एक भावनात्मक यात्रा पर ले जाते हैं। उनके शब्दों में एक गहराई है और उनकी गायकी में वो सच्चाई, जो प्रेम को कविता बना देती है। इस गाने का आनंद यूट्यूब पर लिया जा सकता है।
दोस्त के प्रति अनकहा प्यार
गीत का वीडियो एक भावुक कहानी कहता है लोकेश और मृदुला की दोस्ती की। युवा फिल्ममेकर लोकेश (लोकेश के. साहू) अपनी सबसे करीबी दोस्त मृदुला (मृदुला श्रीवास्तव) से प्यार करता है, लेकिन वो अपने जज़्बातों को कभी जाहिर नहीं कर पाता। लोकेश अपनी दोस्त के प्रति अपने अनकहे प्यार को अपनी कैमरे की नजरों से कैद करता है, लेकिन हर बार अपनी भावनाओं को व्यक्त करने से हिचकता है। वह मृदुला के सवालों को मुस्कान के साथ टाल देता है और अंततः अपने प्यार को अनकहा छोड़कर उसे प्लेटोनिक दोस्ती में समेट लेता है।
इस खूबसूरत रचना का निर्देशन और कॉन्सेप्ट राहुल कपूर ने किया है, जबकि पूनम पोरवाल ने लाइन प्रोड्यूसर की भूमिका निभाई है। इसका निर्माण प्रवीण चंद्रा द्वारा किया गया है और यह ‘बॉलीवुड थीमज़’ म्यूज़िक एल्बम श्रृंखला का हिस्सा है।

