woman looking at mirror and touching her hair
woman looking at mirror and touching her hair

Summary: बालों की लंबाई रुकने के पीछे छुपी हैं आपकी रोज़ की आदतें और अंदरूनी कारण।

ज़्यादातर मामलों में बाल बढ़ना बंद नहीं करते, बल्कि कमजोर होकर टूट जाते हैं। स्कैल्प हेल्थ, डाइट, नींद और स्ट्रेस पर ध्यान दिए बिना कोई भी तेल या शैम्पू बालों को लंबा नहीं बना सकता।

Why Hair Stops Growing: आप हर हफ्ते तेल लगा रही हैं, सही शैम्पू चुन रही हैं, हेयर मास्क भी ट्राय कर चुकी हैं फिर भी बालों की लंबाई वही की वही है। कई महिलाएँ यही सोचकर परेशान रहती हैं कि शायद उन्हें “सही प्रोडक्ट” अभी तक मिला ही नहीं। लेकिन सच्चाई ये है कि बालों का न बढ़ना अक्सर तेल या शैम्पू की वजह से नहीं होता, बल्कि कुछ ऐसी आदतों और अंदरूनी कारणों से जुड़ा होता है, जिन पर हम ध्यान ही नहीं देते।

सबसे पहले ये समझना ज़रूरी है कि ज़्यादातर मामलों में बाल बढ़ना बंद नहीं होते, बल्कि वे लंबे होने से पहले ही टूट जाते हैं। जब बाल कमजोर, ड्राई या डैमेज्ड होते हैं, तो उनकी लंबाई वहीं रुकती हुई लगती है। आपको लगता है बाल बढ़ ही नहीं रहे, जबकि असल में वे टिक नहीं पा रहे।

हम बालों की लंबाई और शाइन पर ध्यान देते हैं, लेकिन स्कैल्प यानी सिर की त्वचा को भूल जाते हैं। गंदी, ऑयली या बहुत ड्राई स्कैल्प में हेयर ग्रोथ धीमी हो जाती है। स्कैल्प में बिल्डअप, डैंड्रफ या खुजली हो, तो जड़ें कमजोर होने लगती हैं। हेल्दी बालों की शुरुआत स्कैल्प से होती है, न कि सिर्फ तेल से।

लगातार तनाव में रहना, नींद पूरी न होना ये दोनों चीज़ें हेयर ग्रोथ की सबसे बड़ी दुश्मन हैं। स्ट्रेस से हार्मोनल बैलेंस बिगड़ता है, जिससे बाल जल्दी झड़ते हैं और नए बालों की ग्रोथ धीमी हो जाती है। अगर आप रोज़ 5–6 घंटे से कम सोती हैं, तो चाहे जितना महंगा तेल लगा लें, फर्क दिखना मुश्किल है।

Woman parting her hair to show a clean, healthy scalp.
Lack of Diet

प्रोटीन, आयरन, जिंक और विटामिन्स की कमी सीधे तौर पर बालों की ग्रोथ को प्रभावित करती है। कई महिलाएँ डाइटिंग या अनियमित खानपान की वजह से ज़रूरी न्यूट्रिएंट्स नहीं ले पातीं। बालों को बढ़ने के लिए अंदर से पोषण चाहिए, सिर्फ बाहर से लगाए गए प्रोडक्ट्स काफी नहीं होते।

नहाने के बाद गीले बालों में कंघी करना, तौलिये से रगड़ना या तुरंत पोनी बना लेना—ये छोटी-छोटी आदतें बालों को जड़ से कमजोर कर देती हैं। गीले बाल सबसे ज़्यादा नाज़ुक होते हैं और इसी वक्त सबसे ज़्यादा टूटते हैं। बार-बार टूटते बाल कभी लंबे नहीं हो पाते।

सीधे दिखने वाले बाल या परफेक्ट कर्ल्स के चक्कर में स्ट्रेटनर, कर्लर और ब्लो ड्रायर का ज़्यादा इस्तेमाल भी हेयर ग्रोथ रोक देता है। हीट से बालों की नमी खत्म होती है, वे पतले और फ्रैजाइल हो जाते हैं। बाहर से बाल ठीक दिखते हैं, लेकिन अंदर से कमजोर हो चुके होते हैं।

किसी दोस्त या सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर का शैम्पू आपके लिए भी सही होगा, ये ज़रूरी नहीं। गलत शैम्पू स्कैल्प को ड्राई या बहुत ऑयली बना सकता है, जिससे बालों की जड़ें प्रभावित होती हैं। समस्या प्रोडक्ट से ज़्यादा, उसके गलत चुनाव की होती है।

अगर आप सच में लंबे और हेल्दी बाल चाहती हैं, तो सिर्फ तेल-शैम्पू पर नहीं, बल्कि स्कैल्प केयर, सही डाइट, अच्छी नींद और स्ट्रेस मैनेजमेंट पर ध्यान देना होगा। बालों की ग्रोथ एक दिन में नहीं दिखती, लेकिन सही आदतें अपनाने से फर्क ज़रूर नज़र आता है।

राधिका शर्मा को प्रिंट मीडिया, प्रूफ रीडिंग और अनुवाद कार्यों में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिंदी और अंग्रेज़ी भाषा पर अच्छी पकड़ रखती हैं। लेखन और पेंटिंग में गहरी रुचि है। लाइफस्टाइल, हेल्थ, कुकिंग, धर्म और महिला विषयों पर काम...