Overview:
गर्मियों के मौसम में हर किसी को अपनी त्वचा की रंगत को बनाए रखने पर दोगुना ध्यान देना चाहिए। नहीं तो प्रचंड सूरज आपके चेहरे के नूर को सुखा सकता है। यह मौसम अपने साथ ऐसी कई चुनौतियां लेकर आता है, जो त्वचा के लिए बड़ी परेशानियां खड़ी कर देती हैं।
Summer Skin Care Routine: चिलचिलाती धूप और सूरज के प्रकोप वाले गर्मियों के दिनों की आहट शुरू हो गई है। ऐसे में बहुत जरूरी है कि इस बदलते मौसम के अनुसार आप अपनी स्किन केयर रूटीन में भी जरूरी बदलाव करें। गर्मियों के मौसम में हर किसी को अपनी त्वचा की रंगत को बनाए रखने पर दोगुना ध्यान देना चाहिए। नहीं तो प्रचंड सूरज आपके चेहरे के नूर को सुखा सकता है। यह मौसम अपने साथ ऐसी कई चुनौतियां लेकर आता है, जो त्वचा के लिए बड़ी परेशानियां खड़ी कर देती हैं। हालांकि आपकी थोड़ी सी कोशिश त्वचा की रंगत, चमक और ताजगी को बनाए रखने के लिए काफी हैं। आइए जानते हैं कौनसे हैं वो जरूरी कदम जो आपको अपने समर स्किन केयर के लिए उठाने चाहिए।
चेहरे को रखें साफ

अपने स्किन केयर रूटीन की शुरुआत सुबह चेहरा धोने के साथ करें। दिन में दो से तीन बार चेहरा जरूर धोएं। इस मौसम में त्वचा पर पसीना काफी देर तक रहता है, जिससे चेहरा चिपचिपा हो जाता है। इसके कारण चेहरे पर अतिरिक्त तेल आना, सीबम की समस्या और रोम छिद्र बंद होने जैसी परेशानियां होती हैं। ये सभी मुहांसे, एक्ने, डल स्किन का कारण बनती हैं। लेकिन जब आप एक माइल्ड फेस वॉश से चेहरा धोते हैं तो त्वचा संबंधी इन परेशानियों से बचाव हो पाता है। अगर आपकी त्वचा तैलीय यानी ऑयली है तो यह स्टेप आपके लिए और भी जरूरी हो जाता है। आपको ऑयल-कंट्रोल फेस वॉश से चेहरा धोना चाहिए। नियासिनमाइड, सैलिसिलिक एसिड युक्त और एएचए वाले फेस वॉश आपके लिए बेस्ट रहेंगे। अगर त्वचा रूखी या नॉर्मल है तो हमेशा जेल बेस फेस वॉश का उपयोग करें। एलोवेरा, टी ट्री ऑयल वाले फेस वॉश आपके लिए अच्छे रहेंगे।
एक्सफोलिएशन से पाएं निखार
गर्मियों के मौसम में त्वचा को एक्सफोलिएट करना बहुत जरूरी है। क्योंकि पसीना रोम छिद्रों को बंद कर देता है। एक्सफोलिएशन से न सिर्फ आपके रोम छिद्र खुल पाएंगे, बल्कि व्हाइटहेड्स और ब्लैकहेड्स भी दूर होंगे। इससे डेड स्किन सेल हटने में मदद मिलती है और त्वचा में रक्त प्रवाह बढ़ता है, जिससे चेहरे पर रंगत आती है व उसे हाइड्रेशन भी मिलता है। गर्मी के मौसम में सप्ताह में दो से तीन बार त्वचा को एक्सफोलिएट करना चाहिए। अगर एक्ने की समस्या है तो आप एक या दो बार ही त्वचा को एक्सफोलिएट करें। ज्यादा एक्सफोलिएशन जलन का कारण बन सकता है। आप नींबू और चीनी का स्क्रब, कच्चे दूध और नींबू का स्क्रब, ओट्स स्क्रब, बेसन का उबटन, चिरोंजी का स्क्रब, बादाम का स्क्रब आदि का उपयोग करके भी त्वचा से डेड स्किन सेल्स हटा सकते हैं। त्वचा को एक्सफोलिएट करने के ये बजट फ्रेंडली तरीके हैं।
एंटीऑक्सीडेंट करें शामिल
इस मौसम में त्वचा की रंगत को बनाए रखने के लिए एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट अपने स्किन केयर रूटीन में जरूर शामिल करें। इसके ढेर सारे फायदे हैं। ये न सिर्फ आपकी स्किन को पोषण देंगे बल्कि फाइन लाइंस और झुर्रियों को बढ़ने से भी रोकेंगे। ये मुक्त कणों से लड़ने में मददगार होते हैं और त्वचा को ऑक्सीडेटिव क्षति से बचाते हैं, जिससे चेहरे पर रंगत आती है। इसी के साथ एंटीऑक्सीडेंट हानिकारक यूवी किरणों और प्रदूषण से भी त्वचा का बचाव करते हैं। आप एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर क्लींजर, टोनर, फेस मास्क और सीरम का नियमित उपयोग करें। विटामिन सी, विटामिन ई, नियासिनमाइड, रेटिनॉल और रेस्वेराट्रोल बेस्ट एंटीऑक्सीडेंट त्वचा के लिए शानदार तरीके से काम करते हैं।
गुआ शा से पाएं ठंडक

अपने समर स्किन केयर को शानदार और असरदार बनाना चाहते हैं तो इसमें गुआ शा शामिल करें। इससे त्वचा में सभी उत्पादों का अवशोषण बेहतर तरीके से होता है। गुआ शा से चेहरे की मालिश करें। इससे चेहरे की लिफ्टिंग, स्कल्पटिंग और डीपफिंग का लाभ होगा। यह धूप से झुलसी त्वचा को राहत देने में भी मददगार होता है। गुआ शा के नियमित उपयोग से आपको त्वचा पर कुछ ही दिनों में साफ असर नजर आएगा।
फेस मास्क से मिलेगा हाइड्रेशन
गर्मी के मौसम में पसीना काफी आता है। ऐसे में त्वचा में तेल का संतुलन बिगड़ने लगता है, इसे बनाने के लिए आप नियमित रूप से हाइड्रेशन युक्त फेस मास्क लगाएं। इससे त्वचा को भरपूर नमी मिलेगी। साथ ही त्वचा को ठंडक मिलेगी और कई अन्य समस्याएं भी कम होंगी। इससे त्वचा के रोम छिद्र भी खुल जाते हैं। मुलतानी मिट्टी, चंदन फेस मास्क, बेसन का फेस पैक, पतीते और टमाटर का फेस पैक, कच्चे आलू का फेस पैक आदि भी आपकी स्किन के लिए अच्छे रहते हैं। इनसे त्वचा को ठंडक भी मिलती है और कई परेशानियां भी दूर होती हैं।
त्वचा के अनुसार चुनें मॉइस्चराइजर

गर्मी के मौसम में भी त्वचा को मॉइस्चराइज रखना बहुत जरूरी है। इससे त्वचा को भरपूर पोषण और नमी मिलती है। मॉइस्चराइजर की परतें त्वचा को सूर्य से होने वाली क्षति से भी बचाती हैं। हालांकि मॉइस्चराइजर हमेशा अपनी त्वचा के अनुसार चुनना चाहिए। गर्मी के मौसम में क्रीम बेस मॉइस्चराइजर से बचें। ये चिपचिपाहट और एक्ने का कारण बन सकते हैं। हमेशा लाइट वेट और जेल बेस विकल्प चुनें। सेरामाइड्स और हाइलूरोनिक एसिड युक्त मॉइस्चराइजर इस मौसम के लिए सबसे अच्छे रहते हैं, क्योंकि ये त्वचा को ज्यादा हाइड्रेट करते हैं। कॉम्बिनेशन स्किन के लिए सैलिसिलिक एसिड वाला मॉइस्चराइजर उपयोग कर सकते हैं। वहीं रूखी त्वचा के लिए हाइलूरोनिक एसिड या ग्लिसरीन युक्त मॉइस्चराइजर बेस्ट रहते हैं।
त्वचा का सुरक्षा कवच है सनस्क्रीन
गर्मी के मौसम में त्वचा का सुरक्षा कवच होता है एक अच्छा सनस्क्रीन लोशन। आप चाहे घर में हो या घर से बाहर गर्मियों में सनस्क्रीन लगाना न भूलें। यह आपको सूरज की हानिकारक यूवी किरणों से बचाता है। सनबर्न और टैनिंग जैसी समस्याओं से बचाव के लिए यह बहुत जरूरी है। अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी के अनुसार आपको कम से कम 30 एसपीएफ वाला सनस्क्रीन लोशन यूज करना चाहिए। आज असरदार 50 एसपीएफ सनस्क्रीन भी उपलब्ध हैं। इससे त्वचा पर चमक भी बरकरार रहती है। ऑयली, मुहांसों वाली त्वचा के लिए गैर-कॉमेडोजेनिक और मिनरल बेस फार्मूले वाले सनस्क्रीन का उपयोग करें। ड्राई से नॉर्मल स्किन वालों के लिए जेल बेस लाइट वेट सनस्क्रीन अच्छा रहता है। इसी के साथ जिंक बेस वाले सनस्क्रीन भी अच्छा विकल्प हैं। आप डेवी लुक पाने के लिए टिंटेड सनस्क्रीन भी उपयोग कर सकते हैं। अक्सर लोग वाटर रजिस्टेंस वाले सनस्क्रीन को लगाकर खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। लेकिन असल में ऐसे सनस्क्रीन भी गीले होने पर या पसीना आने पर बह जाते हैं। इसलिए इन्हें 40 से 80 मिनट के बीच री-अप्लाई करना न भूलें।
फेशियल स्प्रे हमेशा रखें साथ
गर्मी के मौसम में जब स्किन केयर की बात आती है तो अक्सर लोग इस जरूरी स्टेप को भूल जाते हैं। यह है फेशियल स्प्रे या मिस्ट। आप स्किन केयर रूटीन की क्लींजिंग के बाद या मेकअप को रिफ्रेश करने के लिए भी इनका उपयोग कर सकते हैं। इन दिनों फेशियल स्प्रे और मिस्ट में आपको कई विकल्प मिल जाएंगे जिनमें से गुलाब जल, एलोवेरा, ग्लिसरीन और कोलेजन युक्त स्प्रे और मिस्ट हर स्किन टाइप के लिए अच्छे रहते हैं।
हाइड्रेशन है जरूरी

गर्मी के स्किन केयर रूटीन की लंबी लिस्ट में हाइड्रेशन एक महत्वपूर्ण कदम है। इस मौसम से त्वचा से हाइड्रेशन उड़ने लगता है। ऐसे में स्किन रूखी होकर क्रैक होने लगती है। इसके लिए आप नियमित रूप से अपनी डाइट में नींबू, तरबूज, संतरा, खीरे जैसे पानी वाले खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों को शामिल करें। दिनभर में तीन से चार लीटर पानी का सेवन जरूर करें। नींबू पानी और नारियल पानी को डाइट में शामिल करें। इसी के साथ स्किन को हाइड्रेशन देने वाले मास्क, सीरम, मॉइस्चराइजर आदि का उपयोग करें।
