Home Remedies for Brittle Nails: अक्सर लोग नाखूनों की देखभाल को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन हमें शरीर के दूसरे पार्ट्स की तरह ही अपनी नेल हेल्थ पर भी ध्यान देना चाहिए । नाखूनों के टूटने के पीछे कई कारण हो सकते हैं जैसे न्यूट्रीशन की कमी, अत्यधिक पानी के संपर्क में आना, या गलत नेल केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल। अगर आप इन समस्याओं को समझें और कुछ आसान घरेलू उपायों को अपनाएं, तो आप भी सुंदर, मजबूत और चमकदार नाखून पा सकते हैं।
इस लेख में हम आपको बताएंगे 5 आसान लेकिन असरदार उपाय जिनसे आप नाखूनों को टूटने से रोक सकते हैं। ये तरीके पूरी तरह सेफ,नैचुरल और हर किसी के लिए फायदेमंद हैं। आइए जानते हैं वो उपाय जो आपके नाखूनों की देखभाल को बना देंगे आसान।
1. संतुलित आहार लें

नाखूनों की मजबूती शरीर के अंदरूनी पोषण पर निर्भर करती है। अगर शरीर में बायोटिन, विटामिन E, आयरन और प्रोटीन की कमी हो, तो नाखून कमजोर होकर आसानी से टूटने लगते हैं। हरी पत्तेदार सब्ज़ियाँ, दूध, अंडे, नट्स और दालें इन पोषक तत्वों के बेहतरीन स्रोत हैं। आप चाहें तो डॉक्टर की सलाह से बायोटिन सप्लीमेंट भी ले सकते हैं। साथ ही, दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी ज़रूरी है, जिससे शरीर और नाखून हाइड्रेट रहें। अगर आप केवल बाहरी देखभाल करते हैं लेकिन डाइट पर ध्यान नहीं देते, तो लंबे समय तक रिजल्ट नहीं मिलते। इसलिए नाखूनों की सेहत के लिए अंदरूनी पोषण सबसे पहला काम होना चाहिए।
2. लंबे समय तक गीला न रहने दें
लंबे समय तक नाखूनों का पानी में रहना उन्हें कमजोर बना देता है। खासकर जब आप बर्तन धोते हैं, कपड़े धोते हैं या लंबे समय तक नहाते हैं, तो नाखूनों की ऊपरी परत सॉफ्ट होकर टूटने लगती है। इससे बचने के लिए घर के काम करते समय ग्लव्स पहनना एक अच्छी आदत है। इसके अलावा, बार-बार हाथ धोने के बाद नाखूनों को अच्छी तरह सुखाना और मॉइस्चराइज़र लगाना ज़रूरी है। नमी से बचाकर आप अपने नाखूनों की ताकत को बनाए रख सकते हैं और उन्हें टूटने से रोक सकते हैं।
3. केमिकल युक्त नेल प्रोडक्ट्स से बचें
मार्केट में मिलने वाले कई नेल पॉलिश रिमूवर, नेल पॉलिश और अन्य नेल केयर प्रोडक्ट्स में हानिकारक केमिकल्स होते हैं, जैसे एसीटोन, टोल्यून और फॉर्मल्डिहाइड। ये केमिकल्स नाखूनों की प्राकृतिक नमी को खत्म कर देते हैं, जिससे वे रूखे, बेजान और कमजोर हो जाते हैं। कोशिश करें कि नेचुरल इंग्रेडिएंट्स वाले, कम केमिकल वाले प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें और हफ्ते में एक-दो बार ही नेल पॉलिश लगाएं। नेल पॉलिश रिमूव करते समय हमेशा एसीटोन-फ्री रिमूवर चुनें।

4. नाखूनों को नियमित रूप से ट्रिम और फाइल करें
जैसे बालों को ट्रिम करने से वे स्वस्थ रहते हैं, वैसे ही नाखूनों को भी समय-समय पर काटना और फाइल करना जरूरी होता है। इससे नाखूनों में दरारें नहीं आतीं और वे किसी सतह में फंसकर टूटते नहीं हैं। नाखून काटने के बाद उन्हें फाइल करें, जिससे वो स्मूथ बने रहे। बहुत लंबे नाखून रखने से वे कमजोर हो सकते हैं, खासकर जब वो बिना देखभाल के हों। इसलिए हफ्ते में एक बार नेल केयर रूटीन ज़रूर अपनाएं।
5. घरेलू उपायों से नाखूनों को करें पोषित
नाखूनों को मजबूत बनाने के लिए कई असरदार घरेलू उपाय हैं। नारियल तेल, जैतून का तेल और बादाम का तेल नाखूनों की जड़ों तक पोषण पहुंचाते हैं। इन्हें हल्का गर्म कर रात को सोने से पहले नाखूनों और क्यूटिकल्स पर मालिश करें। इससे ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर होता है और नाखून जल्दी बढ़ते हैं। इसके अलावा, नींबू और शहद का मिश्रण नाखूनों की चमक बढ़ाता है और उन्हें डिटॉक्स करता है। हफ्ते में दो बार इस तरह के घरेलू उपाय अपनाने से आप मजबूत, चमकदार और सुंदर नाखून पा सकते हैं।

