Pre Wedding Beauty Treatments: शादी के दिन हर लड़की सुंदर और चमकदार त्वचा पाना चाहती है। इसके लिए लड़कियां पार्लर में हजारों रुपये खर्च करती हैं। अगर आप भी जल्दी ही दुलहन बनने वाली हैं और अपनी शादी में सबसे प्यारी दिखना चाहती हैं, तो आपको आज ही से कुछ काम करने शुरू कर देने चाहिए। इससे आपको अपने शादी वाले दिन सबसे खूबसूरत दिखने में मदद मिल सकती है। आइए जानें होममेड प्री वेडिंग ब्यूटी ट्रीटमेंट के बारे में-
Also read: सैलून या पार्लर जाते समय अपनाये ये आठ टिप्स
नाइट स्किन केयर रूटीन शुरू करें

दुलहन को अपनी शादी के 2-3 महीने पहले से रात को स्किन केयर करना शुरू कर देना चाहिए। इससे शादी का दिन आते-आते आपके चेहरे पर अलग सा नूर दिखेगा। रोजाना रात को सोने से पहले मेकअप जरूर रिमूव करें। साथ ही त्वचा को टोनर की मदद से साफ करें। इससे आपके पोर्स अच्छे से क्लीन रहेंगे। चेहरे को साफ करने के बाद नाइट क्रीम लगाएं। इससे त्वचा हाइड्रेट और मॉइश्चराइज रहेगी।
फेस सीरम लगाएं
हर दुल्हन को अपनी त्वचा के अनुसार ही फेस सीरम इस्तेमाल करना चाहिए। चमकदार और सुंदर त्वचा के लिए फेस सीरम बहुत ही जरूरी होता है। हमेशा सीरम का चुनाव करते हुए ध्यान रखें, उसमें विटामिन सी जरूर हो। इसके अलावा हाइड्रेटिंग सीरम को ही इस्तेमाल करें।
पौष्टिक आहार लें
त्वचा पर चमक चाहिए, तो इसके लिए ऊपर से ही नहीं बल्कि अंदर से भी त्वचा को सेहतमंद रखना जरूरी है। ऐसे में पौष्टिक आहार लेना शुरू करें। ऑयली और जंक फूड को अपनी थाली से बाहर कर दें। इससे त्वचा पर मुहांसे पैदा होने लगते हैं। इसके अलावा आपको अपनी डाइट में विटामिन-सी युक्त चीजों को शामिल करना चाहिए। विटामिन-सी से भरपूर चीजों का सेवन करने से त्वचा सेहतमंद रहती है। इससे चेहरे पर मौजूद दाग-धब्बे कम होते हैं।
बादाम का फेस पैक लगाएं
त्वचा को मॉइश्चराइज रखने के लिए आप हफ्ते में 2-3 बार बादाम का फेस पैक लगा सकते हैं। इससे त्वचा निखरी-निखरी रहेगी। इसके लिए 2 चम्मच बादाम को पीस लें। अब इसमें शहद और गुलाबजल की कुछ बूंदें मिला लें। बादाम के पैक को चेहरे पर 20 मिनट के लिए लगाएं। इसके बाद इसे सूखने पर स्क्रब की तरह हल्के हाथों से रगड़ते हुए साफ करें।
नहाने से पहले करें ये काम
शादी से कुछ महीने पहले ही रोजाना नहाने से पहले शरीर पर नींबू और हल्दी का पेस्ट लगाना शुरू करें। इसे 10 मिनट लगाने के बाद ही नहाने जाएं। इससे आपका पूरा शरीर चमकेगा। आप चाहें, तो नहाने से 20 मिनट पहले पूरे शरीर पर तिल के तेल से मालिश कर सकते हैं। इससे पूरी बॉडी को पॉलिश करने में मदद मिलेगी। अक्सर लड़कियां चेहरे पर ही ध्यान देती हैं और शरीर के बाकी हिस्सों को चमकाना भूल जाती हैं।
सनस्क्रीन जरूर लगाएं
शादी की तैयारियों और शॉपिंग के चक्कर में दुल्हन को बार-बार घर से बाहर जाना पड़ता है। ऐसे में घर में बाहर निकलते हुए आपको चेहरे पर अपनी स्किन के अनुसार सनस्क्रीन जरूर लगानी चाहिए। इसके अलावा आप अगर घर में भी रहती हैं, तो आपको सनस्क्रीन जरूर लगानी चाहिए।
तनाव को कहें बाय
शादी के दिन स्किन बिल्कुल सेहतमंद और सुंदर नजर आएं, इसके लिए तनाव बिल्कुल ना लें। तनाव आपकी त्वचा को खराब कर सकता है। इससे चेहरे पर डलनेस और फाइनलाइंस आ सकती हैं। ऐसे में रोजाना सुबह उठकर 20 मिनट मेडिटेशन करें। तनाव का नकारात्मक असर त्वचा को खराब करता है। इसकी वजह से आपके मुहांसे की भी समस्या हो सकती है।
बालों की देखभाल भी है जरूरी

त्वचा के साथ-साथ बालों को भी ध्यान रखना उतना ही जरूरी हो जाता है। ऐसे में अपने बालों पर हफ्ते में 2 बार तेल मालिश जरूर करें।
* स्टेप 1: इसके लिए स्कैल्प पर बादाम का गर्म तेल लगाएं। इससे स्कैल्प की अच्छे से मालिश करें।
* स्टेप 2: अब एक तौलिए को गरम पानी में भिगोएं और उसे निचोड़कर अपने बालों पर लपेट लें। इसे बालों पर लगभग 30 मिनट लगाए रखें।
* स्टेप 3: अब अपने बालों को किसी हर्बल शैंपू की मदद से साफ कर लें। इससे आपके बाल सुंदर और चमकदार बने रहेंगे। ऐसा आपको कम-से-कम हफ्ते में 2 बार करना होगा।
अच्छी नींद लेना है जरूरी
शादी के दिन तक अपनी त्वचा को सेहतमंद और चमकदार बनाने के लिए आपको अच्छी नींद का खास ख्याल रखना होगा। रोजाना कम से कम 8 घंटे की नींद जरूर लें। अक्सर नींद की कमी से त्वचा बेजान हो जाती है। इसके साथ ही आंखों के नीचे काले घेरे भी दिखने लगते हैं। इससे त्वचा रुखी दिखने लगती है।
रेटिनॉल युक्त क्रीम का इस्तेमाल करें
रेटिनॉल क्रीम कोलेजन के प्रोडक्शन को बढ़ाने के लिए जानी जाती है। इसके इस्तेमाल से आपकी त्वचा पर जादुई निखार आ सकता है। इसके साथ ही असमय झुर्रियां और त्वचा का लटकना कम हो जाता है। ऐसे में शादी तक चमकती-दमकती त्वचा पाने के लिए किसी सर्टिफाइड डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह जरूर लें।
त्वचा को एक्सफोलिएट करें
डेड स्किन सेल्स अक्सर चेहरे का नूर छीन लेते हैं। ऐसे में दुल्हनों को अपनी त्वचा का खास ख्याल और बचाव करना चाहिए। इसके लिए त्वचा को लगातार एक्सफोलिएट करना बहुत ही जरूरी होता है। ऐसे में आप अखरोट, कॉफी पाउडर और बादाम तेल से बने होममेड स्क्रब का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपकी त्वचा साफ रहेगी और चमक बनी रहेगी।
ढेर सारा पानी पिएं

त्वचा को सेहतमंद रखने के लिए पानी पीना बहुत ही जरूरी है। पानी पीने से शरीर में मौजूद टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद मिलती है। रोजाना दिन भर में 8-10 गिलास पानी जरूर पिएं। इससे चेहरा भी खिला-खिला नजर आएगा।
सीटीएम रूटीन को करें फॉलो
सीटीएम रूटीन हर लड़की के लिए बहुत ही जरूरी है। इसे हर लड़की को अपने स्किन केयर में जरूर शामिल करना चाहिए। क्लींजिंग, टोनिंग और मॉइश्चराइजिंग स्किन केयर के लिए सबसे अहम है। इससे आपकी त्वचा बेदाग और निखरी नजर आएगी।
