सौन्दर्य के प्रति आज हर महिला अधिक जागरुक हो गई है क्योंकि सुंदर दिखना न केवल आज शौक की बात है बल्कि हमारी जरूरत भी बन गई है। यही कारण है कि आज गली-गली में पार्लर और ब्यूटी क्लीनिक खुल गये हैं इनके लुभावने विज्ञापन और बाहरी दिखावे के कारण कई बार हम गलतियां कर बैठते हैं और बाद में पछताते हैं। इन्हीं परेशानियों से बचने के लिए हम आपको बता रहे हैं कि आप किन बातों का ख्याल रख एक अच्छे पार्लर का चुनाव कर सकती हैं-

- अच्छे पार्लर या क्लीनिक का चुनाव करने में आप अपनी किसी सहेली या दोस्त की राय ले सकती हैं। अपनी सहेली या दोस्त से उनके पार्लर के अनुभव को जानकर आप बिना किसी परेशानी के पार्लर या क्लीनिक का चुनाव कर सकती हैं।
- किसी पार्लर या ब्यूटी क्लीनिक की बाहरी साज-सजावट को देखकर उसका चुनाव नहीं करना चाहिए, पार्लर या क्लीनिक के भीतर किस प्रकार की व्यवस्था और सुविधाएं हैं इसे ध्यान में रख कर ही आप अपने पार्लर का चुनाव करें।
- पार्लर जाते समय आप अतिरिक्त समय लेकर जाएं। हो सकता है जल्दी में आपको सर्विस से संतुष्टि ना हो और आप अच्छे पार्लर के विषय में भी अपनी गलत राय कायम कर लें।
- ऐसे पार्लर का चुनाव करें जो आपके व्यक्तित्व को सूट करें, न कि ऐसे हाईटेक पार्लर जहां आप अपने ब्यूटीशियन को अपने बेहतर लुक के लिए कुछ कहने से शर्माती हों।
- पार्लर या ब्यूटी क्लीनिक का चुनाव करते समय ध्यान रखें कि वहां साफ सफाई का विशेष ख्याल रखा जाता हो। क्योंकि इस्तेमाल में आने वाले गाउन, हेडबैंड, तौलिया से संक्रमण हो सकता है। साथ ही ब्लेड, कंघी और सुई से हेपेटाईटिस बी और एड्स जैसे रोग के फैलने का खतरा रहता है। इसलिए ध्यान दें कि आपके पार्लर में ये चीजें डिस्पोज़बल हो या इन चीजों का इस्तेमाल स्टलॉईज़ होने के बाद ही किया जाता हो।
- अपने लिए ऐसे पार्लर या क्लीनिक का चुनाव करें, जहां बाल व त्वचा संबंधी समस्याओं के उपचार के चिकित्सक मौजूद हों, जो इनकी समुचित जांच करके आपको सलाह दे सकें कि आप किस प्रकार का ब्यूटी ट्रीटमेंट लें। एक कंसल्टेंट हो जो बता सकें कि आपको कौन से मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना चाहिए, आपके चहेरे पर कैसा मेकअप सूट करेगा इत्यादि।
- ऐसे पार्लर का चुनाव करें, जहां अच्छे सलाहकार मौजूद हों जो आपको सर्विस के बाद घरेलू देखभाल के विषय में जानकारी दे सकें, जिससे आपको अपनी त्वचा, बाल और इनके स्टाइल को बनाये रखने में परेशानी ना हो।
- ऐसे पार्लर का चुनाव करें, जहां आधुनिक तकनीक और साधन का प्रयोग किया जाता हो।
- ध्यान दें कि पार्लर में अच्छी क्वालिटी का मेकअप प्रोडक्ट्स इस्तेमाल किया जाते हों।
- आपका पार्लर या ब्यूटी क्लीनिक ऐसा होना चाहिए जहां आपके बजट के अनुसार सर्विस की जानकारी दी जाती हो, जिससे आपको नियमित सर्विस लेने में किसी प्रकार की परेशानी या समस्या न हो।
- अगर इन छोटी-छोटी बातों का रखेंगी ध्यान तो सही पार्लर या क्लीनिक का चुनाव होगा आपके लिए आसान।
