Overview: नेचुरल गुलाब की पंखुड़ियां और एलोवेरा मिलकर देंगे त्वचा को ठंडक, नमी और नेचुरल ग्लो
गुलाब की पंखुड़ियों और एलोवेरा से बना फेस पैक स्किन के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। गुलाब त्वचा को सॉफ्ट बनाता है और रंगत निखारता है, जबकि एलोवेरा स्किन को हाइड्रेट कर पिंपल्स और जलन को शांत करता है। इस फेस पैक का नियमित इस्तेमाल त्वचा की डलनेस को दूर करता है, स्किन टोन को बेहतर बनाता है और चेहरे पर नेचुरल चमक लाने में मदद करता है।
Face Pack For Glowing Skin: खूबसूरत और ग्लोइंग त्वचा पाना हर किसी की चाहत होती है। चेहरे की सुंदरता बढ़ाने के लिए हम क्या कुछ नहीं करते हैं। चेहरे पर चमक लाने के लिए लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स से लेकर पार्लर में ब्यूटी ट्रीटमेंट्स तक करवाते हैं। इनके इस्तेमाल से कुछ समय के लिए तो चेहर पर ग्लो आ जाता है, लेकिन लंबे समय तक इनका प्रयोग करते रहने से इनमें मौजूद केमिकल्स की वजह से त्वचा को नुकसान हो सकता है। ऐसे में आप ग्लोइंग स्किन पाने के लिए कुछ प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं। त्वचा को चमकदार बनाने के लिए आप एलोवेरा जेल और गुलाब की पंखुड़ियों से बना फेस पैक लगा सकते हैं। गुलाब की पंखुड़ियों में एंटी-इंफ़्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो त्वचा को स्वस्थ रखते हैं। वहीं, एलोवेरा जेल में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो पिंपल्स और उनकी सूजन को कम करते हैं। आइए जानते हैं घर पर गुलाब की पंखुड़ियों और एलोवेरा जेल से फेस पैक बनाने का तरीका और इसके फायदे-
फेस पैक बनाने का तरीका और फायदे
इस पैक को बनाने के लिए सबसे पहले गुलाब के 2-3 फूल तोड़कर उसकी पंखुड़ियां अलग कर दें। अब इन्हें धोकर अच्छी तरह सुखा लें। जब पंखुड़ियां अच्छी तरह सूख जाएं तो इन्हें मिक्सी में डालकर पाउडर बना लें। अब एक बाउल में 1 चम्मच एलोवेरा जेल, 1 चम्मच गुलाब की पंखुड़ियों का पाउडर और 2 चम्मच गुलाब जल को मिलाकर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को लगाने से पहले अपने चेहरे को अच्छी तरह वॉश करें। गुलाब और एलोवेरा जेल पैक को अपने पूरे चेहरे और गर्दन पर अप्लाई करें। इस फेस पैक को 15 से 20 मिनट तक चेहरे और गर्दन पर लगाकर रखें फिर नॉर्मल पानी से चेहरा धो लें।
पिंपल्स से छुटकारा

आजकल काफी लोग पिंपल्स और एक्ने की समस्या से परेशान रहते हैं। यह फेस पैक त्वचा पर मौजूद मुंहासों से छुटकारा दिलाने में बहुत फायदेमंद है। इसमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो पिंपल्स और उनकी सूजन को दूर करते हैं।
दाग-धब्बे साफ होते हैं
एलोवेरा और गुलाब, दोनों ही त्वचा के दाग-धब्बों को दूर करने में प्रभावी हैं। यह कॉम्बिनेशन त्वचा के डार्क स्पॉट्स और पिगमेंटेशन को साफ करने में काफी फायदेमंद माना जाता है। इस फेस पैक को लगाने से त्वचा की रंगत में भी सुधार होता है और चेहरे की चमक बढ़ती है।
डार्क सर्कल होते हैं खत्म
आंखों के नीचे मौजूद डार्क सर्कल आपकी खूबसूरती को कम कर सकते हैं। ऐसे में आप डार्क सर्कल्स से छुटकारा पाने के लिए इस फेस पैक का इस्तेमाल कर सकते हैं। रोजाना रात को सोते समय इस फेस पैक को लगाने से आंखों के नीचे काले घेरे की समस्या दूर होती है।
त्वचा को मॉइश्चराइज करे
इस फेस पैक को चेहरे पर लगाने से स्किन की ड्राइनेस दूर होती है। एलोवेरा और गुलाब की पंखुड़ियों , दोनों में मॉइश्चराइजिंग गुण होते हैं, जो त्वचा की नमी को लॉक करने में मदद करते हैं। चेहरे पर इस पैक को लगाने से स्किन मुलायम और चमकदार बनती है।
त्वचा में निखार आता है
एलोवेरा और गुलाब की पंखुड़ियों का कॉम्बिनेशन स्किन की डीप क्लीनिंग करता है। यह डेड स्किन सेल्स को साफ करने में मदद करता है। इस फेस पैक को लगाने से त्वचा का कालापन दूर होता है और त्वचा की रंगत में भी सुधार होता है। इससे टैनिंग दूर होती है और आपको निखरी-बेदाग त्वचा मिलती है।
