Winter Skin Care Mistakes: ठंड का मौसम सर्द हवा और ताजगी के साथ आता है। यह मौसम बहुत लोगों को बेहद पसंद होता है लेकिन यह हमारी त्वचा के लिए कई चुनौतियां भी अपने साथ लेकर आता है। ठंड के मौसम में हमारी त्वचा रूखी, बेजान और खींची हुई नजर आती है। इसका कारण है हवा में नमी का ना होना। कई बार हम गर्मी के मौसम का स्किन केयर सर्दी के मौसम में भी फॉलो करते हैं लेकिन इस दौरान की जाने वाली यह गलतियां आपके चेहरे की दुश्मन साबित हो सकती हैं। भारत में मौसम बदलता रहता है, जिस कारण लाइफस्टाइल और स्किन केयर में भी बदलाव जरूरी है। आईए जानते हैं कि सर्दी के मौसम में आपको किन चीजों को अवॉइड करना है और किन आदतों को अपनाने से आपका चेहरा स्वस्थ और सुंदर बना रहेगा।
गर्म पानी से धोना

सर्दी के मौसम में गर्म पानी का इस्तेमाल होना स्वाभाविक है। नहाने और चेहरा धोने के लिए भी गर्म पानी का ही इस्तेमाल किया जाता है लेकिन गरम पानी हमारी स्किन के ऊपरी लेयर को ड्राई करता है, जिससे त्वचा में रूखापन और खिंचाव महसूस होता है। ध्यान रहे चेहरा धोने और नहाने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। सर्दी के मौसम में भूलकर भी नहाने के बाद मॉइश्चराइजर लगाना ना भूलें। वरना त्वचा काफी ड्राई हो सकती है।
मॉइश्चराइजर का सही से इस्तेमाल न करना
कई लोग ठंड के मौसम में मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करना कम कर देते हैं या फिर किसी गलत प्रकार का मॉइश्चराइजर चुनते हैं। हल्का मॉइश्चराइजर सर्दी के मौसम में बहुत ज्यादा असरदार नहीं होता है। सर्दी के मौसम में अपनी स्किन टाइप के अनुसार ठीक मॉइश्चराइजर चुनें, जो पोषण से भरपूर हो। नहाने के बाद तुरंत ही मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करें, जिससे आपके चेहरे की नमी लॉक रहेगी। अगर आपकी काफी ड्राई स्किन है तो सर्दी के मौसम में आपको परेशानियां देखने को मिल सकती हैं। ऐसे में आप रात में सोने से पहले हाइड्रेटिंग फेस ऑयल भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
सनस्क्रीन का इस्तेमाल ना करना
सर्दियों में अक्सर लोग सनस्क्रीन न लगाने की गलती करते हैं। लोगों की ये धारणा बन जाती है कि सूरज की किरणों से ठंड के मौसम में हमारी त्वचा पर कुछ खास प्रभाव नहीं होता लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। UV किनणें इस सर्दियों के मौसम में भी हमारी स्किन को नुकसान पहुंचा सकती हैं, जो झुर्रियां और दाग धब्बों का कारण बन सकता है सर्दी के मौसम में भी हर दिन 30 एसएफ या उससे अधिक का सनस्क्रीन जरूर लगाएं। मॉइश्चराइजर लगाने के बाद सनस्क्रीन लगाएं और उसके बाद मेकअप अप्लाई करें। सर्द मौसम में भी चार से पांच घंटे के बाद सनस्क्रीन को लगाते रहें।
बार-बार स्क्रबिंग करना

ठंड के मौसम में त्वचा पहले से ही सेंसिटिव होती है। ऐसे में अगर बार-बार आप चेहरे की स्क्रबिंग यानी एक्सफोलिएट करेंगे तो चेहरे की नमी खत्म होने लगेगी, जिससे चेहरा और भी रुख हो सकता है इसलिए सप्ताह में एक से दो बार ही स्क्रबिंग करें। स्क्रबिंग के लिए हाइड्रेटिंग और सॉफ्ट एक्स्पोलिएटिंग प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें। एक्सप्लोरेशन के बाद चेहरे पर मॉइश्चराइजर जरूर अप्लाई करें।
स्किन के रूटीन में बदलाव न करना
कई लोग सर्दियों में भी गर्मी के मौसम का स्किन केयर रूटीन ही फॉलो करते हैं लेकिन मौसम बदलने के साथ ही स्किन केयर में भी बदलाव करना जरूरी है। अपने स्किन केयर प्रोडक्ट्स को भी मौसम के अनुसार बदलें। गर्मियों के मौसम में आप हल्के क्लींजर और मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन सर्दी के मौसम में अपने स्किन केयर में गाढ़े मॉइश्चराइजर और क्लींजर का इस्तेमाल करें। हयालूरोनिक एसिड वाले सिरम का इस्तेमाल करें।
पानी पीने की मात्रा कम कर देना
ठंड के मौसम में प्यास कम लगती है, जिस कारण लोग पानी भी कम पीते हैं लेकिन इससे हमारे शरीर को पर्याप्त नमी न मिल पाने के कारण चेहरा रुखा और बेजान बन जाता है। इसलिए सर्दी के मौसम में भी दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। नारियल पानी, ग्रीन टी, हाइड्रेटिंग फूड आइटम्स जैसे संतरा, खीरा इत्यादि जैसी चीजों सेवन करें।
