Turmeric Ice Cubes: गर्मी के मौसम में हम सभी को अक्सर ब्रेकआउट्स की शिकायत का सामना करना पड़ता है या फिर स्किन में डलनेस नजर आती है। ऐसे में हम सभी तरह-तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। लेकिन अगर आप नेचुरल तरीके से अपनी स्किन का ख्याल रखना चाहती हैं और साथ ही साथ बहुत अधिक गर्मी से निजात पाना चाहती हैं तो इसके लिए हल्दी वाले आइस क्यूब्स का इस्तेमाल कर सकती हैं।
जी हां, सुनने में आपको शायद यह अजीब लगे, लेकिन हल्दी आइस क्यूब बी मदद से आप अपनी स्किन की बेहतर तरीके से केयर कर सकती हैं। इसे अपने ब्यूटी रूटीन में शामिल करने का एक फायदा यह भी है कि यह ना महंगा है, ना ही टाइम टेकिंग। हल्दी आइस क्यूब को बेहद ही आसानी से तैयार किया जा सकता है और यह आपकी स्किन को फटाफट निखार देता है। इतना ही नहीं, हल्दी आइस क्यूब पिम्पल्स से लेकर रेडनेस और अनइवन स्किन टोन में भी बहुत फायदेमंद है। हल्दी सूजन को कम करने के साथ-साथ बैक्टीरिया को मारती है और स्किन को नेचुरली ग्लोइंग बनाती है। जब इसे बर्फ की ठंडक के साथ मिलाते हैं, तो इसका असर और भी कमाल का हो जाता है। चाहे किसी फंक्शन के लिए रेडी होना हो, स्कूल का प्रोग्राम हो या बस अच्छा फील करना हो, बस एक बार हल्दी वाला आइस क्यूब चेहरे पर फिराओ और अपनी स्किन में फ्रेशनेस का अहसास महसूस करें। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको हल्दी आइस क्यूब बनाने के आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं-
हल्दी आइस क्यूब्स को समर स्किन केयर रूटीन में शामिल करने के फायदे
हल्दी में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-ऑक्सीडेंट गुण होते हैं। इसका मतलब यह है कि यह स्किन पर होने वाली जलन, पिंपल्स, डलनेस और हल्के दाग-धब्बों को धीरे-धीरे ठीक करने में मदद करती है। इतना ही नहीं, हल्दी आइस क्यूब के इस्तेमाल से स्किन इंस्टेंटली फ्रेश और ग्लोइंग लगेगी। इससे पोर्स छोटे और टाइट महसूस होंगे। गर्मी में यह आपकी स्किन को ठंडक का अहसास दिलाता है और थकावट को कम करता है।
हल्दी आइस क्यूब्स बनाने के लिए आवश्यक सामग्री-
- 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर (ऑर्गेनिक हो तो बेहतर)
- 1 कप गुलाब जल / ग्रीन टी / सादा पानी
- 1 छोटा चम्मच एलोवेरा जेल
- एक आइस ट्रे
हल्दी आइस क्यूब कैसे बनाएं-
- सबसे पहले एक बाउल में हल्दी और गुलाब जल/ग्रीन टी/पानी को अच्छे से मिलाएं।
- ध्यान रखें कि इस मिक्सचर में कोई गांठ न हो।
- अब इसमें थोड़ा सा एलोवेरा जेल मिलाएं।
- इस मिक्सचर को आइस ट्रे में डालें।
- ट्रे को फ्रीज़र में रातभर रखें।
- सुबह तक स्किन आइस क्यूब्स तैयार हो जाएंगे।
- अब आइस ट्रे से एक क्यूब निकालें।
- इसे किसी साफ़ कॉटन कपड़े या रुमाल में लपेट लें।
- अपने चेहरे को पहले अच्छे से क्लीन कर लें।
- अब आइस क्यूब को धीरे-धीरे चेहरे पर 1-2 मिनट तक रगड़ें।
- आप पिंपल्स, डल एरियाज या रेड स्पॉट्स पर अधिक फोकस करें।
- 5-10 मिनट ऐसे ही छोड़ दें।
- फिर गुनगुने पानी से चेहरा धो लें।
- अंत में, हल्का-सा मॉइश्चराइज़र लगाएं।
हल्दी आइस क्यूब इस्तेमाल करते समय सावधानियां
- इस क्यूब को हफ्ते में 2-3 बार यूज़ करें।
- बहुत ज़्यादा रगड़ने या ज़्यादा देर तक लगाने से बचें।
- अगर आपको बहुत सेंसिटिव स्किन है, तो पहले पैच टेस्ट करें।
