Overview: इन नेचुरल तरीकों से करें लिप प्लंप
अगर आप केमिकल या फिलर्स के बिना ही लिप प्लंप करना चाहती हैं तो ऐसे में आप कुछ नेचुरल तरीकों का सहारा ले सकती हैं।
Natural Lip Plumper: आजकल लड़कियां अपने होंठों को भरा-भरा दिखाने के लिए इंजेक्शन का सहारा ले रही हैं। हालांकि, दर्दनाक फिलर्स की मदद से भले ही आपके लिप प्लंप हो जाएं, लेकिन इसमें काफी पैसा खर्च करना पड़ता है। साथ ही साथ, कभी-कभी इसके रिजल्ट्स वैसे नहीं होते हैं, जैसा आपने सोचा होता है। इनकी वजह से आपका चेहरा अजीब भी नजर आ सकता है। ऐसे में सबसे अच्छा तरीका होता है कि आप केमिकल भरे प्रोडक्ट्स की जगह नेचुरल और घरेलू नुस्खों को आजमाने की कोशिश करें।
जी हां, आपको शायद जानकर हैरानी हो, लेकिन आपकी किचन में ही ऐसे कुछ आसान व नेचुरल नुस्खे मौजूद हैं, जो मिनटों में आपके होंठों को नैचुरल प्लंप लुक दे सकते हैं। किचन में मौजूद इन मसालों का इस्तेमाल अक्सर अपने खाने का स्वाद बढ़ाने या फिर सेहत को दुरुस्त रखने में करते आए हैं, जबकि ये मसाले स्किन के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। साथ ही, अगर इन्हें सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो इनके कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होते। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ नेचुरल लिप प्लंपर्स के बारे में बता रहे हैं, जो ना केवल आपकी स्किन के लिए सेफ हैं, बल्कि बजट फ्रेंडली भी हैं। इन्हें आप आसानी से अपने घर पर बनाकर इस्तेमाल कर सकती हैं-
पुदीना ऑयल लिप प्लंपर

पुदीना तुरंत ताज़गी देता है। साथ ही साथ, इससे होंठों में भरापन सा भी महसूस होता है। इसके इस्तेमाल से आपके होंठ शाइन करने लगते हैं। आप पुदीना और नारियल तेल की मदद से इसे तैयार करें।
आवश्यक सामग्री-
- 1 छोटा चम्मच नारियल तेल
- 2-3 बूंद पुदीना एसेंशियल ऑयल
कैसे इस्तेमाल करें
- सबसे पहले नारियल तेल व पुदीने के तेल को आपस में मिक्स करे लें।
- अब आप इसे एक छोटे डिब्बे में रख लें।
- हर बार लिपस्टिक लगाने से पहले हल्का-सा लगाएं।
- इससे आपके होंठ बेहद ही खूबसूरत व ग्लॉसी नजर आएंगे।
दालचीनी व शहद से बनाएं लिप प्लंपर
दालचीनी व शहद की मदद से भी लिप प्लंपर बनाया जा सकता है। दालचीनी से हल्की झनझनाहट का अहसास होता है। साथ ही, इससे होंठ भरे-भरे लगते हैं। वहीं, शहद होंठों को मॉइश्चराइज़ रखता है।
आवश्यक सामग्री-
- आधा छोटा चम्मच दालचीनी पाउडर या दालचीनी तेल की 1 बूंद
- 1 छोटा चम्मच शहद
कैसे इस्तेमाल करें
- सबसे पहले दोनों इंग्रीडिएंट्स को मिलाकर पेस्ट बना लें।
- अब इसे होंठों पर लगाकर 5-7 मिनट रखें।
- होंठों को पानी से धोएं और फिर साधारण लिप बाम लगा लें।
यूं बनाएं लिप प्लंपर बाम

अगर आप चाहें तो घर पर एक नेचुरल लिप प्लंपर बाम भी बना सकती हैं, जिसे स्टोर करके रोज़ाना आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।
आवश्यक सामग्री-
- 2 बड़े चम्मच बीवैक्स
- 1 बड़ा चम्मच नारियल तेल
- आधा छोटा चम्मच कैस्टर ऑयल
- 2 बूंद पुदीना तेल
- 1 बूंद दालचीनी तेल
- आधा छोटा चम्मच विटामिन ई तेल
कैसे इस्तेमाल करें
- सबसे पहले डबल बॉयलर में बी़वैक्स और नारियल तेल पिघला लें।
- अब इसे आंच से हटाएं और इसमें कैस्टर व विटामिन ई ऑयल मिक्स करें।
- अब इसमें एसेंशियल ऑयल डालें और अच्छे से मिक्स करें।
- आखिरी में, छोटे डिब्बे या ट्यूब में भरकर ठंडा होने दें।
- आप इसे इसे रोज़ाना लिप बाम या ग्लॉस की तरह लगाएं।
- अगर आप इसे रूम टेंपरेचर पर रखती हैं तो इसे 2-3 महीने तक आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।
यूं बनाएं एक्सफोलिएटिंग लिप प्लंपर स्क्रब
अपने लिप्स को प्लंप करने के लिए आप खुद घर पर स्क्रब बनाकर भी इस्तेमाल कर सकती हैं। यह डेड स्किन सेल्स को हटाएगा और साथ ही साथ होंठों को एक फुलर लुक देगा। लिपस्टिक से पहले इस लिप प्लंपर स्क्रब का इस्तेमाल करना एक अच्छा विचार है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 छोटा चम्मच चीनी
- 1 छोटा चम्मच शहद
- आधा छोटा चम्मच दालचीनी पाउडर
कैसे इस्तेमाल करें-
- सबसे पहले एक छोटी कटोरी में सभी चीजों को मिक्स करें।
- अब आप इसे अपने होंठों पर लगाएं।
- सर्कुलर मोशन में हल्के हाथों से 1-2 मिनट तक मसाज करें।
- फिर होंठों को धोकर बाम लगाना ना भूलें।
कॉफ़ी स्क्रब प्लंपर

अगर आपके होंठ सेंसेटिव हैं तो ऐसे में कॉफी स्क्रब प्लंपर का इस्तेमाल करना अच्छा विचार हो सकता है। दरअसल, कॉफी डेड स्किन सेल्स को हटाने के साथ-साथ ब्लड सर्कुलेशन को बूस्ट करती है, जिससे होंठ अधिक स्मूथ और प्लंप नजर आते हैं।
आवश्यक सामग्री-
- 1 छोटा चम्मच कॉफ़ी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच शहद
- आधा छोटा चम्मच जैतून का तेल
कैसे इस्तेमाल करें
- सबसे पहले सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स करें।
- अब इसे अपने होंठों पर लगाएं और 1-2 मिनट तक हल्के हाथों से स्क्रब करें।
- आखिरी में, होंठों को पानी से धो लें और लिप बाम लगाएं।
इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप नेचुरल तरीके से लिप प्लंप करना चाहती हैं तो ऐसे में आपको कुछ छोटी-छोटी बातों का खास ध्यान रखना चाहिए, जिससे आपके होंठों को किसी तरह का नुकसान ना हो। मसलन-
- अगर आप एसेंशियल ऑयल का इस्तेमाल कर रही हैं तो उसकी मात्रा हमेशा कम ही रखें। ज्यादा होने पर इससे आपके होंठों में जलन की शिकायत हो सकती है।
- अगर आपके होंठ सेंसेटिव हैं या फिर कटे-फटे हैं तो ऐसे में इन उपायों को अपनाने से बचें।
- अगर आप मसाले वाले प्लंपर जैसे दालचीनी आदि का इस्तेमाल कर रही हैं तो इसे हर दिन अपने होंठों पर इस्तेमाल ना करें। यह हफ़्ते में 2-3 बार ही काफी है।
- जब भी अपने होंठों को किसी भी तरह का प्लंपिंग ट्रीटमेंट दें तो उसके बाद हमेशा एक आरामदायक बाम जरूर लगाएं।
