Eid Makeup Idea: ईद का मौका हो और हम सज-संवरकर तैयार ना हों, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। लेकिन जरा सोचिए कि आप अपने मेकअप पर घंटों खर्च कर दें और बाद में पता चले कि आपका फाउंडेशन मैच नहीं कर रहा है, आपका आईशैडो पैची लग रहा है या आपकी लिपस्टिक हर जगह फैल गई है, तो यकीनन आपको बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगेगा। अमूमन लड़कियां सोचती है कि खूबसूरत दिखने का एकमात्र तरीका है महंगे मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना। हालांकि, आपको उन प्रोडक्ट्स को सही तरह से इस्तेमाल करना आना चाहिए।
अगर आप मेकअप करते हुए कुछ छोटी-छोटी गलतियां करती हैं तो महंगे से महंगा प्रोडक्ट भी आपके लुक को बिगाड़ सकता है। इसलिए, ईद पर परफेक्ट लुक पाने के लिए आपको इन गलतियों से बचने की कोशिश करनी चाहिए। थोड़ा-सी ब्लेंडिंग, सही शेड्स और कुछ स्मार्ट ट्रिक्स एक शानदार ग्लैमरस लुक और मेकअप मेल्टडाउन के बीच का अंतर बना सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपके साथ कुछ ऐसी ही मेकअप मिसटेक्स शेयर कर रहे हैं, जो आपके ईद के लुक को बिगाड़ सकती हैं-
गलत फाउंडेशन शेड चुनना

मेकअप करते हुए बेस के रूप में हम फाउंडेशन का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अगर आप गलत शेड को स्किन पर अप्लाई कर रही हैं तो इससे आप कभी भी परफेक्ट लुक नहीं पा सकती। मसलन, बहुत हल्का फाउंडेशन लगाने से आपका चेहरा वॉश्ड नजर आ सकता है, जबकि बहुत गहरा शेड अननेचुरल और पैची दिख सकता है। आपसे फाउंडेशन शेड चुनने में गलती ना हो, इसके लिए जरूरी है कि फाउंडेशन को हमेशा अपने हाथ पर नहीं, बल्कि अपनी जॉलाइन पर टेस्ट करें। साथ ही, खरीदने से पहले शेड को प्राकृतिक रोशनी में चेक करें। वहीं, अगर आपका शेड गलत है, तो टोन को एडजस्ट करने के लिए इसे दूसरे शेड के साथ मिलाएं।
बहुत ज़्यादा फ़ाउंडेशन लगाना
मेकअप के बेस के रूप में हम फाउंडेशन लगाते हैं, लेकिन इसकी क्वांटिटी का भी उतना ही ख्याल रखा जाना चाहिए। बहुत ज़्यादा फ़ाउंडेशन लगाने से आपका चेहरा हैवी और अननेचुरल लग सकता है। इसलिए, हमेशा एक लाइटवेट और बिल्डेबल फाउंडेशन का इस्तेमाल करें। इसकी शुरूआत में हमेशा एक थिन लेयर लगाएं। अगर ज़रूरत हो तो ही इसे ज़्यादा लगाएं। एक स्किन लाइक फिनिश देने के लिए नम ब्यूटी ब्लेंडर का इस्तेमाल करें। अगर आपका बेस केकी लग रहा है, तो हाइड्रेटिंग मिस्ट स्प्रे करें और हल्के से ब्लेंड करें।
सेटिंग पाउडर फ़्लैशबैक की ना हो गलती
यह एक छोटी सी गलती है, लेकिन आपके पूरे लुक को बिगाड़ सकती है। कुछ सेटिंग पाउडर में सिलिका होता है, जो फ़ोटो में सफ़ेद फ़्लैशबैक का कारण बनता है, जिससे आपका चेहरा बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता है। इसलिए, हमेशा उच्च सिलिका सामग्री वाले एचडी पाउडर से बचें। साथ ही, प्योर व्हाइट सेटिंग पाउडर की जगह टिंटेड पाउडर का इस्तेमाल करें। इसे एकदम लाइटली लगाएं और स्किन में अच्छी तरह से ब्लेंड करें। अगर आपके मन में किसी तरह की दुविधा है तो आप बाहर जाने से पहले फ़्लैश फ़ोटोग्राफ़ी के साथ अपने मेकअप को टेस्ट जरूर करें।
हाइलाइटर का ज़रूरत से ज़्यादा इस्तेमाल करना

मेकअप में हाइलाइटर का अहम् रोल होता है, लेकिन इसे सही तरह से लगाना बेहद जरूरी है। माथे, नाक और ठुड्डी पर बहुत ज़्यादा हाइलाइटर लगाने से आप ग्लोइंग दिखने के बजाय ऑयली नजर आ सकती हैं। इसलिए, हाइलाइटर को सिर्फ़ हाई पॉइंट्स जैसे चीकबोन्स, नोज ब्रिज, ब्रो बोन, क्यूपिड बो पर ही लगाएं। इसके अलावा, मोटे व ग्लिटरी हाइलाइटर से बचें। नेचुरल फिनिश के लिए बारीक पिसे हुए हाइलाइटर का इस्तेमाल करें।
आईशैडो को ठीक से ब्लेंड ना करना
ईद पर मेकअप करते समय आई मेकअप पर सबसे ज्यादा फोकस किया जाना चाहिए। अगर आप आईशैडो को सही तरह से ब्लेंड नहीं करते हैं तो इससे आपका आई मेकअप गन्दा और अनप्रोफेशनल लग सकता है। इसलिए, ईद पर हमेशा मेकअप करते समय कलर्स को सही तरह से ब्लेंड करने के लिए क्रीज़ में ट्रांज़िशन शेड का इस्तेमाल करें। इसके अलावा, मेकअप करते समय क्लीन ब्लेंडिंग ब्रश का इस्तेमाल करें। अगर आपसे गड़बड़ हो जाती है तो ऐसे में किनारों को साफ करने के लिए ब्रश पर थोड़ा फाउंडेशन लगाएं।
फटे होंठ होना या लिपस्टिक फैलना

बिना तैयारी के लिपस्टिक लगाने से यह महीन रेखाओं में जम सकती है या बाहर फैल सकती है। जिससे आपका ईद का लुक खराब लग सकता है। इसलिए, लिपस्टिक लगाने से पहले अपने होंठों को स्क्रब या मुलायम टूथब्रश से एक्सफोलिएट करें। साथ ही साथ, लिपस्टिक लगाने से पहले हाइड्रेटिंग लिप बाम लगाएं और उसे अच्छे से सोखने दें। होंठों को सही शेप देने और लिपस्टिक को फैलने से रोकने के लिए लिप लाइनर का इस्तेमाल करें। लिपस्टिक ज्यादा देर टिकाने के लिए पहले एक कोट लगाएं। इसे टिशू से हल्के से दबाएं और फिर दूसरा कोट लगाएं।यह एक छोटा सा स्टेप आपकी लिपस्टिक को लॉन्ग लास्टिंग बनाने में मदद करता है।
सेटिंग स्प्रे न लगाना
ईद पर मेकअप करते समय हम सभी एक बड़ी गलती कर बैठते हैं और वह है आखिरी स्टेप के रूप में सेटिंग स्प्रे का इस्तेमाल ना करना। सेटिंग स्प्रे का इस्तेमाल ना करने से आपका मेकअप फीका पड़ सकता है और उसमें क्रीज पड़ सकती है। इसलिए, हमेशा अपने मेकअप को लॉक करने और उसे फ्रेश लुक देने के लिए सेटिंग स्प्रे का इस्तेमाल करें। वहीं, अगर आपकी स्किन ऑयली है तो मैटिफाइंग स्प्रे चुनें। वहीं, अगर आपका मेकअप फीका पड़ने लगे, तो ऐसे में आप एक मिस्ट का इस्तेमाल करें या फिर हल्का टचअप आपको एक फ्रेश लुक देगा।
